रेलवे सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्धता का संदेश देगा ‘आइस्मा’ का “रन फॉर सेफ्टी” कार्यक्रम

27 सितंबर को नई दिल्ली में स्टेशन मास्टर्स लेंगे “सुरक्षा प्रथम–सुरक्षा सर्वोपरि” का संकल्प खबर है..नई दिल्लीऑल इंडिया स्टेशन मास्टर्स एसोसिएशन (आइस्मा) द्वारा रेलवे सुरक्षा, संरक्षित रेल संचालन एवं समयपालन के प्रति स्टेशन मास्टर्स की प्रतिबद्धता को रेखांकित करने के उद्देश्य से “रन फॉर सेफ्टी” कार्यक्रम का आयोजन 27 सितंबर 2026 को नई दिल्ली में किया जाएगा। कार्यक्रम प्रातः 6:00 बजे से 9:00 बजे तक आयोजित होगा। इसका मार्ग रेल भवन → कर्तव्य पथ → इंडिया गेट → पुनः रेल भवन रहेगा।ऑल इंडिया स्टेशन मास्टर एसोसिएशन के महामंत्री शरदचंद्र पुरोहित के अनुसार यह आयोजन केवल एक दौड़ नहीं, बल्कि रेलवे सुरक्षा के प्रति स्टेशन मास्टर्स की सामूहिक जिम्मेदारी, सजगता और प्रतिबद्धता का सार्वजनिक संदेश है। स्टेशन मास्टर्स भारतीय रेल में सुरक्षित एवं समयबद्ध ट्रेन संचालन की महत्वपूर्ण परिचालन कड़ी हैं और यात्रियों की सुरक्षा तथा बेहतर रेल सेवा सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।रेलवे बोर्ड की सुरक्षा अपेक्षाओं के समर्थन में आयोजन : “रन फॉर सेफ्टी” कार्यक्रम रेलवे बोर्ड द्वारा सुरक्षित एवं संरक्षित रेल संचालन के लिए अपेक्षित सुरक्षा भावना के समर्थन में आयोजित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य स्टेशन मास्टर्स एवं संबंधित रेलकर्मियों के बीच सुरक्षा के प्रति जागरूकता, उत्तरदायित्व और सतत प्रतिबद्धता को और मजबूत करना है।“सुरक्षा प्रथम–सुरक्षा सर्वोपरि” होगा मूल संदेश : आइस्मा का कहना है कि सुरक्षित रेल संचालन केवल नियमों के अनुपालन तक सीमित विषय नहीं है। यह प्रत्येक रेलकर्मी की सतर्कता, जिम्मेदारी, समन्वय और कर्तव्यनिष्ठा से जुड़ा हुआ है। स्टेशन मास्टर्स ट्रेन संचालन की महत्वपूर्ण परिचालन कड़ी के रूप में इन जिम्मेदारियों का निरंतर निर्वहन करते हैं।इस अवसर पर स्टेशन मास्टर्स द्वारा सुरक्षित रेल संचालन, सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने तथा यात्रियों की सुरक्षा के प्रति निरंतर प्रतिबद्धता को पुनः अभिव्यक्त किया जाएगा।आइस्मा ने देशभर के स्टेशन मास्टर्स एवं संबंधित रेलकर्मियों से “रन फॉर सेफ्टी” को रेलवे सुरक्षा के प्रति सामूहिक जागरूकता और प्रतिबद्धता के कार्यक्रम के रूप में सफल बनाने का आह्वान किया है।

Read More

भारतीय तटरक्षक बल ‘क्वाड-एट-सी शिप ऑब्जर्वर मिशन’ के जरिए करेगा समुद्री सहयोग मजबूत

खबर है..नई दिल्लीभारतीय तटरक्षक बल (आईसीजी) का जहाज शौनक ‘क्वाड-एट-सी शिप ऑब्जर्वर मिशन’ के तहत 25 सितंबर, 2026 को चेन्नई से ऑस्ट्रेलिया के पर्थ के लिए रवाना हुआ। यह भारत, ऑस्ट्रेलिया, जापान और अमेरिका के बीच समुद्री सहयोग तथा परिचालन के साथ आपसी सहभागिता को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।छह ‘सी राइडर्स’—भारत और जापान से दो-दो तथा ऑस्ट्रेलिया और अमेरिका से एक-एक अधिकारी — ‘शौनक’ पर सवार हुए। ये अधिकारी आपसी तालमेल और सहयोग को बेहतर बनाने तथा परस्पर विश्वास को गहरा करने के उद्देश्य से जहाज पर आयोजित विभिन्न गतिविधियों एवं पेशेवर आदान-प्रदान के कार्यक्रम में शामिल हुए।यह पहल 26 मई, 2026 को जारी क्वाड विदेश मंत्रियों के संयुक्त बयान के अनुरूप है और हिंद-प्रशांत क्षेत्र में स्वतंत्र, खुले, समावेशी तथा नियम-आधारित समुद्री व्यवस्था बनाए रखने के लिए क्वाड देशों की साझा प्रतिबद्धता को दर्शाती है।यह मिशन महासागर (क्षेत्रों में सुरक्षा और विकास के लिए पारस्परिक एवं समग्र प्रगति) के भारत के समुद्री दृष्टिकोण तथा हिंद-प्रशांत क्षेत्र में सामूहिक जुड़ाव, पेशेवर संबंधों व सुरक्षित समुद्री वातावरण के प्रति भारतीय तटरक्षक बल की वचनबद्धता को उजागर करता है।

Read More

कचरा उठाने से लेकर बेहतर वित्तीय सुरक्षा तक आंध्र प्रदेश के चेवुरी अंजनेयुलु की कहानी

खबर है..नई दिल्लीआंध्र प्रदेश के गुंटूर जिले में कचरा उठाने वाले श्री चेवूरी अंजनेयुलु को नमस्ते योजना के अंतर्गत ‘स्वच्छता उद्यमी योजना’ (एसयूवाई) से मिली मदद ने अतिरिक्त आमदनी प्राप्त करने एवं अपने परिवार की आर्थिक सुरक्षा बेहतर बनाने में मदद की है। उन्होंने अपनी पत्नी और दो बच्चों का भरण-पोषण करने के लिए सात वर्षों तक काम किया था।अनुसूचित जनजाति समुदाय से आने वाले 25 वर्षीय श्री अंजनेयुलु ने बहुत कम उम्र में अपने माता-पिता के साथ कचरा उठाने का काम करना शुरू कर दिया था। आर्थिक तंगी के कारण वह स्कूल नहीं जा पाए। उन्हें सामाजिक भेदभाव का भी सामना करना पड़ा और बुनियादी सुविधाओं एवं सेवाओं तक उनकी पहुंच सीमित रही।यह सहायता मिलने से पहले, कचरा उठाने से होने वाली आय से उनके लिए घर खर्चों को पूरा करना और बच्चों के भविष्य की योजना बनाना बहुत मुश्किल था। वह अपने परिवार की जीवनशैली को सुधारना एवं बच्चों को अच्छी शिक्षा देना चाहते थे।19 जून 2023 को, श्री अंजनेयुलु और तीन अन्य सदस्यों को राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी वित्त एवं विकास निगम के माध्यम से एसयूवाई के तहत एक ग्रुप परियोजना के लिए सहायता मिली। परियोजना की कुल लागत 35 लाख रुपये थी, जिसमें 17.5 लाख रुपये ऋण और 17.5 लाख रुपये की अग्रिम पूंजी सब्सिडी के रूप में थी।इस मदद से उन्हें अपनी आजीविका को बेहतर बनाने में मदद मिली। अब वह इस योजना के माध्यम से प्रति माह लगभग 10,000 रुपये ज़्यादा कमाते हैं, जिससे उन्हें अपने परिवार के खर्चों को आसानी से पूरा करने में मदद मिलती है।उनके दोनों बच्चे अंग्रेजी-माध्यम वाले प्राइवेट स्कूल में पढ़ते हैं। अतिरिक्त आमदनी से उन्हें बच्चों की पढ़ाई में मदद मिली है और वह उन्हें बेहतर अवसर दिलाने की दिशा में काम कर रहे हैं, जिनकी उम्मीद वह लंबे समय से कर रहे थे।श्री अंजनेयुलु के लिए इस समर्थन का मतलब उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत होना है जिससे उनके परिवार का भविष्य ज्यादा सुरक्षित हो गया है। उनके अनुभव से पता चलता है कि जीवन यापन के लिए मदद मिलने से कचरा उठाने वाले भी अपनी आमदनी बढ़ा सकते हैं और अपनी इच्छाओं की पूर्ति कर सकते हैं।

Read More

वर्ल्डस्किल्स शंघाई 2026 में भारत का अब तक का सबसे बड़ा कौशल दल उतरा

70 युवा प्रतियोगी 63 कौशल श्रेणियों में ले रहे हिस्सा, 11 नई स्किल कैटेगरी में पहली बार भारत की भागीदारी खबर है..नई दिल्लीवर्ल्डस्किल्स शंघाई 2026 में आज से प्रतियोगिताएं शुरू हो गईं। भारत ने इस बार अब तक का अपना सबसे बड़ा 70 सदस्यीय युवा प्रतियोगी दल उतारा है। टीम इंडिया के ये प्रतिभागी 63 कौशल श्रेणियों में दुनिया भर के प्रतिभागियों के साथ मुकाबला कर रहे हैं।शंघाई वर्ल्ड एक्सपो कल्चरल सेंटर में आयोजित उद्घाटन समारोह में 65 से अधिक देशों और क्षेत्रों के करीब 1,400 प्रतियोगियों ने हिस्सा लिया। भारतीय दल ने राष्ट्रीय ध्वज के साथ ‘परेड ऑफ नेशंस’ में भाग लेकर प्रतियोगिता के औपचारिक आगाज में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग का बधाई संदेश समारोह में पढ़ा गया, जबकि चीन के प्रधानमंत्री ली कियांग ने प्रतियोगिता के शुभारंभ की औपचारिक घोषणा की।भारतीय प्रतिनिधिमंडल की ओर से वर्ल्डस्किल्स इंडिया की प्रतिनिधि एवं कौशल विकास और उद्यमिता मंत्रालय की वरिष्ठ आर्थिक सलाहकार मनीषा सेनशर्मा तथा डीजीटी के महानिदेशक एवं राष्ट्रीय कौशल संस्था के सीईओ दिलीप कुमार ने टीम इंडिया का उत्साह बढ़ाया।दिलीप कुमार ने कहा कि भारतीय प्रतियोगी महीनों की तकनीकी तैयारी, सिमुलेशन और विशेषज्ञों एवं उद्योग साझेदारों की मेंटरिंग के बाद शंघाई पहुंचे हैं। उन्होंने बताया कि 70 प्रतियोगियों में से 14 आईटीआई से हैं।इस बार भारत 11 नई कौशल श्रेणियों में पहली बार हिस्सा ले रहा है। इनमें डेंटल प्रोस्थेटिक्स, डिजिटल इंटरैक्टिव मीडिया डिजाइन, इंटेलिजेंट सिक्योरिटी टेक्नोलॉजी, लैंडस्केप गार्डनिंग, ऑप्टोइलेक्ट्रॉनिक टेक्नोलॉजी, रिटेल सेल्स, अनमैन्ड एरियल सिस्टम्स, इंडस्ट्रियल मैकेनिक्स, सॉफ्टवेयर टेस्टिंग, हेवी व्हीकल टेक्नोलॉजी और एयरक्राफ्ट मेंटेनेंस शामिल हैं।प्रतियोगिताएं 23 से 26 सितंबर तक नेशनल एग्जिबिशन एंड कन्वेंशन सेंटर, शंघाई में चलेंगी। इसके बाद 27 सितंबर को समापन समारोह होगा। कार्यक्रम के साथ वर्ल्डस्किल्स एक्सपो और वर्ल्डस्किल्स कॉन्फ्रेंस भी आयोजित किए जा रहे हैं।भारत की टीम का लक्ष्य वर्ल्डस्किल्स ल्योन 2024 के प्रदर्शन को आगे बढ़ाना है, जहां भारत ने चार कांस्य पदक और 12 मेडलियन फॉर एक्सीलेंस हासिल किए थे।

Read More

मोदी बोले, नागरिक देवो भव हो, सरकारी सेवा का मंत्र

20वें रोजगार मेले में पीएम मोदी ने 51 हजार से अधिक युवाओं को दी बधाई खबर है..नई दिल्लीप्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए 20वें रोजगार मेले को संबोधित किया। इस दौरान देशभर में 51 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी सेवा के नियुक्ति पत्र दिए गए। प्रधानमंत्री ने युवाओं और उनके परिवारों को नई शुरुआत के लिए बधाई दी।प्रधानमंत्री ने कहा कि नियुक्त होने वाले युवा ऐसे समय में सरकारी सेवा से जुड़ रहे हैं, जब भारत 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने युवाओं से अपने हर निर्णय और जिम्मेदारी के माध्यम से विकसित एवं आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।उन्होंने कहा कि भारत के युवाओं की प्रतिभा और कौशल ने दुनिया का भरोसा जीता है। BRICS सहयोग, फ्री ट्रेड एग्रीमेंट, स्टार्टअप इकोसिस्टम और कौशल विकास जैसी पहलों से युवाओं के लिए नए अवसर बन रहे हैं। उन्होंने बताया कि करीब एक हजार सरकारी ITI को 60 हजार करोड़ रुपये के निवेश से आधुनिक बनाया जा रहा है।प्रधानमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना के तहत करीब दो करोड़ युवाओं को पहली बार कार्यबल का हिस्सा बनने का अवसर मिलेगा। उन्होंने नए कर्मचारियों से संवेदनशीलता, ईमानदारी और दक्षता के साथ काम करने तथा नागरिकों की समस्याएं कम करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा, “नागरिक देवो भव, नागरिक देवो भव—नागरिक की सेवा, राष्ट्र की सेवा है।”

Read More

वडनगर रेलवे स्टेशन पर अमित शाह ने चलाया स्वच्छता अभियान

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिवस पर ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत आयोजनमहेसाणा के सांसद हरिभाई पटेल, मंडल रेल प्रबंधक वेद प्रकाश ने भी स्वच्छता अभियान में शामिल खबर है..वडनगर/अहमदाबादप्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिवस के अवसर पर पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद मंडल के वडनगर रेलवे स्टेशन पर गुरुवार को ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत स्वच्छता अभियान आयोजित किया गया। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने इसमें भाग लेकर स्वच्छता का संदेश दिया।अमित शाह ने वडनगर रेलवे स्टेशन परिसर में स्वयं झाड़ू लगाकर स्वच्छता अभियान में सहभागिता की। उन्होंने स्वच्छ और सुंदर रेलवे परिसरों के महत्व का संदेश दिया। इस अवसर पर महेसाणा के सांसद हरिभाई पटेल, मंडल रेल प्रबंधक वेद प्रकाश सहित रेलवे के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में उपस्थित लोगों ने भी स्वच्छता अभियान में भाग लिया।अहमदाबाद मंडल में ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान :देशभर में 17 सितंबर से 2 अक्टूबर 2026 तक ‘स्वच्छता ही सेवा’ (SHS) अभियान आयोजित किया जा रहा है। अहमदाबाद मंडल में भी रेलवे स्टेशनों, कार्यालयों, आवासीय क्षेत्रों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर स्वच्छता एवं जागरूकता से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।‘स्वच्छ पाठशाला–युवा फॉर स्वच्छता’ के तहत स्वच्छता शपथ, ठोस कचरा प्रबंधन और कचरे के उचित पृथक्करण को लेकर जागरूकता कार्यक्रम किए जा रहे हैं। इसके अलावा अपशिष्ट जल उपचार संयंत्र, बायो-टॉयलेट प्लांट और कोच वॉशिंग लाइनों का भ्रमण, नुक्कड़ नाटक, कला प्रतियोगिता तथा वस्तुओं के पुनः उपयोग जैसी गतिविधियां भी अभियान का हिस्सा हैं।19 और 20 सितंबर को स्टेशनों के आसपास, यार्ड, रेलवे कॉलोनियों और ट्रैक किनारे चिन्हित कचरा संवेदनशील स्थानों पर विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा। सफाई के बाद इन स्थानों का सौंदर्यीकरण कर ‘स्वच्छता सेल्फी प्वाइंट’ विकसित किए जाएंगे। अभियान में स्वयंसेवी संस्थाओं, सामाजिक संगठनों और स्थानीय लोगों की भागीदारी को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है।

Read More

51 लाख से अधिक नए कर्मचारियों को मिलेगा सामाजिक सुरक्षा कवच

51 लाख से अधिक नए कर्मचारियों को मिलेगा सामाजिक सुरक्षा कवच खबर है..नई दिल्लीप्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) के तहत अनिवार्य कवरेज के लिए वेतन सीमा को ₹15,000 से बढ़ाकर ₹25,000 प्रति माह करने के श्रम एवं रोजगार मंत्रालय के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। सरकार के अनुसार, इस फैसले से 51 लाख से अधिक अतिरिक्त कर्मचारी ईपीएफओ के दायरे में आने की उम्मीद है।वेतन सीमा में यह बढ़ोतरी सितंबर 2014 के बाद पहली बड़ी वृद्धि है। इससे ₹15,000 से ₹25,000 मासिक वेतन पाने वाले कर्मचारियों का एक बड़ा वर्ग अनिवार्य सामाजिक सुरक्षा व्यवस्था से जुड़ सकेगा।नई व्यवस्था के तहत पात्र कर्मचारियों को भविष्य निधि (EPF), कर्मचारी पेंशन योजना (EPS) और कर्मचारी जमा लिंक्ड बीमा योजना (EDLI) से संबंधित सुरक्षा का लाभ मिलेगा। सरकार का कहना है कि यह कदम बढ़ते वेतन, आय और औपचारिक रोजगार के विस्तार के अनुरूप सामाजिक सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करेगा।इस फैसले से रोजगार के औपचारीकरण, कर्मचारी प्रतिधारण और दीर्घकालिक सेवानिवृत्ति सुरक्षा को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। व्यापक सामाजिक सुरक्षा कवरेज से कर्मचारियों को अधिक सुरक्षित रोजगार व्यवस्था मिलने के साथ नियोक्ताओं को भी स्थिर कार्यबल बनाए रखने में मदद मिल सकती है।प्रस्ताव पर अंतर-मंत्रालयी विचार-विमर्श के बाद व्यय वित्त समिति ने 16 जून 2026 को इसकी सिफारिश की थी। सरकार के अनुसार, योजना पर वार्षिक सरकारी व्यय लगभग ₹11,339 करोड़ रहने का अनुमान है, जबकि पांच वर्षों में यह खर्च करीब ₹56,696 करोड़ हो सकता है।ईपीएफओ के नवीनतम आंकड़ों के अनुसार, करीब 7.68 लाख योगदान देने वाले प्रतिष्ठानों में 7.98 करोड़ योगदान देने वाले सदस्य हैं और कर्मचारी पेंशन योजना के तहत लगभग 82 लाख पेंशनभोगियों को पेंशन लाभ मिल रहा है।श्रम एवं रोजगार मंत्रालय और ईपीएफओ अब इस निर्णय को लागू करने के लिए आवश्यक वैधानिक एवं प्रशासनिक कदम उठाएंगे। सरकार ने इसे विकसित भारत@2047 के लक्ष्य के अनुरूप व्यापक और दीर्घकालिक सामाजिक सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है।

Read More

ब्रिक्स देशों ने नई दिल्ली घोषणापत्र 2026 को सर्वसम्मति से दी मंजूरी

खबर है..नई दिल्लीभारत की अध्यक्षता में आयोजित ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में सदस्य देशों ने नई दिल्ली घोषणापत्र 2026 को सर्वसम्मति से मंजूरी दे दी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसकी घोषणा करते हुए कहा कि घोषणापत्र पर किसी भी सदस्य देश ने आपत्ति नहीं जताई। इसे भारत की कूटनीतिक सफलता और सहमति बनाने की क्षमता के रूप में देखा जा रहा है।घोषणापत्र में आतंकवाद के सभी रूपों और अभिव्यक्तियों की कड़ी निंदा की गई है। ब्रिक्स नेताओं ने 22 अप्रैल 2025 के पहलगाम आतंकी हमले की भी निंदा करते हुए आतंकवाद के वित्तपोषण और आतंकवादियों को सुरक्षित पनाह देने के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय सहयोग मजबूत करने पर जोर दिया।पश्चिम एशिया की स्थिति पर चिंता जताते हुए ब्रिक्स देशों ने अधिकतम संयम बरतने तथा विवादों के समाधान के लिए संवाद, कूटनीति और शांतिपूर्ण उपायों को प्राथमिकता देने की अपील की।घोषणापत्र में एकतरफा टैरिफ और व्यापार प्रतिबंधों पर चिंता जताते हुए WTO में सुधार की आवश्यकता पर जोर दिया गया। साथ ही संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में सुधार और विकासशील देशों, विशेषकर ग्लोबल साउथ, की भूमिका बढ़ाने का समर्थन किया गया।

Read More

लखनऊ से करें “जन्नत-ए-कश्मीर” की सैर

खबर है..लखनऊभारतीय रेल खानपान एवं पर्यटन निगम आईआरसीटीसी ने सैलानियों की अत्यधिक मांग पर एक बार फिर लखनऊ से जन्नत-ए-कश्मीर का सैर कराने का निर्णय लिया है। आईआरसीटीसी लखनऊ क्षेत्रीय कार्यालय ने शुक्रवार को नया हवाई टूर पैकेज लॉन्च किया। यह पैकेज 05 रात एवं 06 दिन का है। इस दौरान सैलानियों को श्रीनगर, सोनमर्ग, पहलगाम, गुलमर्ग का भ्रमण कराया जाएगा । यह टूर पैकेज तीन से आठ अक्टूबर के बीच होगा।यह जानकारी शुक्रवार को आईआरसीटीसी उत्तर क्षेत्र के मुख्य क्षेत्रीय प्रबंधक अजीत कुमार सिन्हा ने दी। उन्होंने बताया कि इस टूर में यात्रियों को लखनऊ से श्रीनगर आने – जाने की व्यवस्था फ्लाइट से की गई है। साथ ही खानपान एवं ठहरने का इंतजाम तीन सितारा होटल एवं हाउस बोट में किया गया है। उन्होंने बताया कि यात्रा के दौरान सैलानियों को डल झील, बर्फीले पहाड़, गोंडोला केबल कार (सीधे भुगतान के आधार पर), खिलनमर्ग, बेताब घाटी, चंदनवारी, अरु घाटी, शंकराचार्य मंदिर, मुगल गार्डन, निशात बाग, चश्मेशाही, शालीमार गार्डन , हजरतबल दरगाह आदि का भ्रमण कराया जाएगा।श्री सिन्हा ने बताया कि इस टूर पैकेज में एक व्यक्ति के ठहरने पर पैकेज का मूल्य प्रति व्यक्ति रू. 49100/-, दो व्यक्तियों के एक साथ ठहरने पर पैकेज का मूल्य प्रति व्यक्ति रू. 43000/-, तीन व्यक्तियो के एक साथ ठहरने पर पैकेज का मूल्य प्रति व्यक्ति रू. 41500/-, माता-पिता के साथ ठहरने पर प्रति बच्चे का पैकेज मूल्य रू. 33100/-, बेड सहित एवं मूल्य रू. 30500/-, बिना बेड के होगा।उन्होंने बताया कि इस पैकेज की ‘बुकिंग पहले-आओ पहले पाओ’ के आधार पर की जायेगी। यात्रा की बुकिंग पर्यटन भवन गोमती नगर लखनऊ स्थित आईआरसीटीसी कार्यालय एवं आईआरसीटीसी की बेवसाइट irctctourism.com पर ऑनलाइन बुकिंग भी कराई जा सकती है।

Read More

विद्यार्थी जीवन का अनुशासन आज भी आगे बढ़ने की देता है प्रेरणा : द्विवेदी

खबर है..लखनऊकेंद्रीय विद्यालय आरडीएसओ में शुक्रवार को केन्द्रीय विद्यालय संगठन राज्य भारत भारत स्काउट्स एंड गाइड्स का तीन दिवसीय संभाग स्तरीय तृतीय सोपान प्रशिक्षण शिविर 2026 का शुभारम्भ हुआ। तीन दिनों तक चलने वाले इस शिविर का समापन रविवार को होगा। पहले दिन समारोह के मुख्य अतिथि आरडीएसओ के कार्यकारी निदेशक (फाइनेंस) विनीत द्विवेदी ने कहा कि विद्यार्थी जीवन का अनुशासन आज भी जीवन को आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि द्विवेदी का हरित स्वागत विद्यालय के प्राचार्य एवं शिविर निदेशक राजेश कुमार शुक्ल ने किया एवं स्काउट स्कार्फ पहनाकर उन्हें सम्मान के साथ शिविर में शामिल किया।इस मौके पर द्विवेदी ने शिविर में भाग लेने वाले भारत स्काउट्स एंड गाइड्स के प्रतिभागियों को अनुशाशन और लगन के महत्त्व के बारे में विस्तृत रूप से बताया। उन्होंने बताया कि अपने विद्यार्थी जीवन उन्होंने एनसीसी में हिस्सा लिया था और उसका अनुशासन का संदेश आज भी उन्हें प्रेरित करता है तथा जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।केंद्रीय विद्यालय आरडीएसओ की छात्राओं ने मुख्य अतिथि के स्वागत गीत एवं स्वागत नृत्य प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। विद्यालय के प्राचार्य एवं शिविर निदेशक राजेश कुमार शुक्ल ने बताया कि इस शिविर में केन्द्रीय विद्यालय संगठन संभाग के कुल 24 विद्यालयों के 173 स्काउट्स, 156 गाइड्स, 45 अनुरक्षक, 11 अधिकारी मुख्य रूप से अजय कुमार वर्मा (प्री एएलटी, एलओसी) तथा श्रीमती वर्षा मलिक (एलटी, एलओसी) इस शिविर के लीडर के रूप में तीन दिन अपनी सेवाएं देंगे। साथ ही एक क्वार्टर मास्टर समेत कुल 386 लोग इसमें हिस्सा ले रहे हैं।इस शिविर के संयोजक विद्यलाय के संस्कृत अध्यापक दिनेश कुमार यादव है, जबकि विद्यालय के उप प्राचार्य महेंद्र कुमार ने समारोह में आए अतिथियों का आभार व्यक्त किया। मंच संचालन की जिम्मेदारी एचएन दुबे और श्रीमती दीपिका ने बखूबी ढंग से निभाया । शिविर के दूसरे दिन शनिवार को कार्यक्रम के मुख्य अतिथि केन्द्रीय विद्यालय संगठन लखनऊ संभाग की उपायुक्त श्रीमती सोना सेठ होगी। शिविर का समापन रविवार को होगा।

Read More