गेल (इंडिया) लिमिटेड और कृभको के बीच गैस आधारित उर्वरक परियोजना के लिए समझौता

आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम जिले में 12.7 लाख टन सालाना यूरिया उत्पादन क्षमता का संयंत्र स्थापित करने की योजना

खबर है..
विशाखापत्तनम
सार्वजनिक क्षेत्र की प्रमुख प्राकृतिक गैस कंपनी गेल (इंडिया) लिमिटेड और कृषक भारती कोऑपरेटिव लिमिटेड (कृभको) ने आंध्र प्रदेश में गैस आधारित उर्वरक परियोजना स्थापित करने की संभावनाओं का पता लगाने के लिए एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं। इस परियोजना का उद्देश्य देश में यूरिया उत्पादन क्षमता बढ़ाने के साथ प्राकृतिक गैस और उर्वरक क्षेत्र के बीच समन्वय को मजबूत करना है।
इस एमओयू पर गेल के कार्यकारी निदेशक (बिजनेस डेवलपमेंट, स्टार्टअप एवं अनुसंधान एवं विकास) संजय अग्रवाल तथा कृभको के कार्यकारी निदेशक (तकनीकी) सी.एस. आजाद ने हस्ताक्षर किए। इस अवसर पर कृभको के अध्यक्ष वी. सुधाकर चौधरी, प्रबंध निदेशक एस.एस. यादव और गेल के निदेशक (बिजनेस डेवलपमेंट) आर.के. सिंघल उपस्थित रहे।
प्रस्तावित यूरिया उत्पादन संयंत्र की क्षमता 1.27 मिलियन मीट्रिक टन प्रतिवर्ष (12.7 लाख टन सालाना) निर्धारित की गई है। इसे आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम जिले के मुलापेटा में स्थापित करने की परिकल्पना है। यह संयंत्र गेल की श्रीकाकुलम-अंगुल प्राकृतिक गैस पाइपलाइन (एसएपीएल) के निकट स्थापित किया जाएगा। दोनों कंपनियां इस परियोजना को संयुक्त उद्यम (ज्वाइंट वेंचर) के माध्यम से आगे बढ़ाने पर सहमत हुई हैं।
इस अवसर पर कृभको के अध्यक्ष वी. सुधाकर चौधरी ने कहा कि एमओयू गेल और कृभको के बीच रणनीतिक साझेदारी की शुरुआत है। उन्होंने विश्वास जताया कि प्राकृतिक गैस क्षेत्र में गेल की अग्रणी भूमिका और कृभको के अनुभव से प्रस्तावित परियोजना के सफल क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण योगदान मिलेगा। वहीं, गेल के निदेशक आर.के. सिंघल ने कहा कि यह पहल देश की गैस और उर्वरक मूल्य श्रृंखला के रणनीतिक एकीकरण का उदाहरण है। इससे औद्योगिक विकास और कृषि क्षेत्र की सतत प्रगति को समर्थन मिलेगा।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *