27 सितंबर को नई दिल्ली में स्टेशन मास्टर्स लेंगे “सुरक्षा प्रथम–सुरक्षा सर्वोपरि” का संकल्प
खबर है..
नई दिल्ली
ऑल इंडिया स्टेशन मास्टर्स एसोसिएशन (आइस्मा) द्वारा रेलवे सुरक्षा, संरक्षित रेल संचालन एवं समयपालन के प्रति स्टेशन मास्टर्स की प्रतिबद्धता को रेखांकित करने के उद्देश्य से “रन फॉर सेफ्टी” कार्यक्रम का आयोजन 27 सितंबर 2026 को नई दिल्ली में किया जाएगा। कार्यक्रम प्रातः 6:00 बजे से 9:00 बजे तक आयोजित होगा। इसका मार्ग रेल भवन → कर्तव्य पथ → इंडिया गेट → पुनः रेल भवन रहेगा।
ऑल इंडिया स्टेशन मास्टर एसोसिएशन के महामंत्री शरदचंद्र पुरोहित के अनुसार यह आयोजन केवल एक दौड़ नहीं, बल्कि रेलवे सुरक्षा के प्रति स्टेशन मास्टर्स की सामूहिक जिम्मेदारी, सजगता और प्रतिबद्धता का सार्वजनिक संदेश है। स्टेशन मास्टर्स भारतीय रेल में सुरक्षित एवं समयबद्ध ट्रेन संचालन की महत्वपूर्ण परिचालन कड़ी हैं और यात्रियों की सुरक्षा तथा बेहतर रेल सेवा सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
रेलवे बोर्ड की सुरक्षा अपेक्षाओं के समर्थन में आयोजन : “रन फॉर सेफ्टी” कार्यक्रम रेलवे बोर्ड द्वारा सुरक्षित एवं संरक्षित रेल संचालन के लिए अपेक्षित सुरक्षा भावना के समर्थन में आयोजित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य स्टेशन मास्टर्स एवं संबंधित रेलकर्मियों के बीच सुरक्षा के प्रति जागरूकता, उत्तरदायित्व और सतत प्रतिबद्धता को और मजबूत करना है।
“सुरक्षा प्रथम–सुरक्षा सर्वोपरि” होगा मूल संदेश : आइस्मा का कहना है कि सुरक्षित रेल संचालन केवल नियमों के अनुपालन तक सीमित विषय नहीं है। यह प्रत्येक रेलकर्मी की सतर्कता, जिम्मेदारी, समन्वय और कर्तव्यनिष्ठा से जुड़ा हुआ है। स्टेशन मास्टर्स ट्रेन संचालन की महत्वपूर्ण परिचालन कड़ी के रूप में इन जिम्मेदारियों का निरंतर निर्वहन करते हैं।
इस अवसर पर स्टेशन मास्टर्स द्वारा सुरक्षित रेल संचालन, सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने तथा यात्रियों की सुरक्षा के प्रति निरंतर प्रतिबद्धता को पुनः अभिव्यक्त किया जाएगा।
आइस्मा ने देशभर के स्टेशन मास्टर्स एवं संबंधित रेलकर्मियों से “रन फॉर सेफ्टी” को रेलवे सुरक्षा के प्रति सामूहिक जागरूकता और प्रतिबद्धता के कार्यक्रम के रूप में सफल बनाने का आह्वान किया है।
