चेन्नई में ज्ञान सिंह का सम्मान : चेन्नई में आज आयोजित एक कार्यक्रम में केरल के उच्च शिक्षा मंत्री श्री रोजी एम. जॉन ने श्री ज्ञान सिंह को सम्मानित किया। इस अवसर पर सांसद श्री हिबी ईडन और विधायक श्री विनोद भी उपस्थित रहे।
13वें राष्ट्रीय रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन सम्मेलन का एर्नाकुलम में शुभारंभ, विकास बोर्डों में आरडब्ल्यूए को प्रतिनिधित्व देने और निजी अस्पतालों की मनमानी रोकने के लिए नियामक निकाय बनाने की मांग
खबर है..
एर्नाकुलम
केरल के उच्च शिक्षा मंत्री श्री रोजी एम. जॉन ने शनिवार को एर्नाकुलम के टाउन हॉल में 13वें राष्ट्रीय रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन सम्मेलन (NCRWA) का उद्घाटन किया। दो दिवसीय इस राष्ट्रीय सम्मेलन का आयोजन रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (आरडब्ल्यूए) के राष्ट्रीय संगठन कन्फेडरेशन ऑफ रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशंस (CoRWA) ने किया। सम्मेलन का मुख्य विषय ‘विकसित भारत-2047 में आरडब्ल्यूए की भूमिका’ रखा गया है।
उद्घाटन समारोह में सांसद श्री हिबी ईडन, विधायक श्री टी.जे. विनोद, जिला कलेक्टर श्रीमती जी. प्रियंका (आईएएस) और कोच्चि नगर निगम की महापौर एडवोकेट वी.के. मिनिमोल सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
CoRWA के राष्ट्रीय महासचिव श्री अजितकुमार पी.सी. ने स्वागत भाषण में कहा कि आरडब्ल्यूए के पदाधिकारी बिना किसी वेतन या सुविधाओं के स्थानीय प्रशासन के साथ मिलकर जमीनी स्तर पर नागरिक समस्याओं के समाधान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसलिए उन्हें उचित मान्यता और प्राथमिकता मिलनी चाहिए।
सम्मेलन की अध्यक्षता करते हुए CoRWA के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं वीर चक्र विजेता कर्नल तेजेंद्र पाल त्यागी ने उच्च शिक्षा मंत्री से विकास बोर्डों में आरडब्ल्यूए के प्रतिनिधियों को शामिल करने तथा निजी अस्पतालों में मरीजों के शोषण को रोकने के लिए नियामक निकाय गठित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में जमीनी स्तर पर नागरिक संगठनों की भागीदारी अनिवार्य है।
CoRWA के राष्ट्रीय सचिव जनरल श्री बी.टी. श्रीनिवासन ने संगठन की गतिविधियों की रिपोर्ट प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि आरडब्ल्यूए को विभिन्न मंत्रालयों की परामर्श समितियों में शामिल कराने के लिए केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री श्री मनोहर लाल खट्टर तथा पर्यावरण मंत्री श्री भूपेंद्र यादव से भी मुलाकात की गई है।
इस अवसर पर स्वच्छता अभियान के लिए समर्पित रहे स्वर्गीय मेजर शिव किरण की स्मृति में ‘राष्ट्रीय स्वच्छता सेवा पुरस्कार’ प्रदान किए गए। सम्मानित होने वालों में श्रीमती मेधा नानिवाडेकर, डॉ. रूबी मखीजा, श्री दिलीप चौहान और श्री दुर्गा प्रसाद सहित अन्य लोग शामिल रहे। सम्मेलन स्मारिका का विमोचन मंत्री श्री रोजी एम. जॉन ने किया।
मंत्री ने कहा कि केरल सरकार ने वरिष्ठ नागरिकों के लिए अलग विभाग बनाया है तथा श्रमिकों के लिए विश्राम केंद्रों की व्यवस्था की है। उन्होंने आरडब्ल्यूए की ओर से उठाए गए मुद्दों पर विचार करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि विकास समावेशी होना चाहिए और इसमें आरडब्ल्यूए की भूमिका महत्वपूर्ण है, क्योंकि यहां जाति, धर्म और समुदाय के आधार पर कोई भेदभाव नहीं होता।
शहरी विकास में आरडब्ल्यूए की भूमिका पर मंथन :
सम्मेलन के दूसरे सत्र में विकसित भारत-2047 के निर्माण में आरडब्ल्यूए की भूमिका पर विस्तृत चर्चा हुई। इसमें केरल के स्थानीय स्वशासन मंत्री श्री के.एम. शाजी, पूर्व कानून मंत्री श्री पी. राजीव, पूर्व उच्च न्यायालय न्यायाधीश न्यायमूर्ति वी.जी. अरुण, श्री एस.एम. विजयानंद, श्री वेणु राजामणि, पूर्व आईएएस अधिकारी श्री यू.वी. जोस और डॉ. डी. धनुराज सहित कई विशेषज्ञों ने विचार रखे।
चर्चा में नगर निगमों में सड़क मरम्मत, सीवर की सफाई और स्ट्रीट लाइटों के रखरखाव के लिए त्वरित प्रतिक्रिया दल (QRT) बनाने, ऊंची इमारतों में लिफ्ट लगाने और उनके रखरखाव की जिम्मेदारी एक ही एजेंसी को देने तथा स्थानीय प्रशासन की ओर से प्रत्येक माह आरडब्ल्यूए के साथ अनिवार्य बैठक करने जैसे सुझाव दिए गए।
इसके अलावा नगर निगमों के 20 प्रतिशत प्रदर्शन अनुदान का उपयोग आरडब्ल्यूए की प्राथमिकताओं के आधार पर करने, आपदा प्रबंधन समितियों में आरडब्ल्यूए को प्रतिनिधित्व देने तथा श्रमिकों के लिए अस्थायी आश्रय, मोबाइल शौचालय और पेयजल की व्यवस्था करने की मांग भी उठाई गई।
सम्मेलन में CoRWA उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष डॉ. पवन कौशिक, दिल्ली की सचिव श्रीमती उर्वशी वालिया, उपाध्यक्ष श्रीमती रंजू मिन्हास, डॉ. रूबी मखीजा, श्री बी.टी. श्रीनिवासन, श्री बद्रीनाथ और केरल सहित देशभर से आए हजारों आरडब्ल्यूए प्रतिनिधियों ने भाग लिया। सम्मेलन का आयोजन कर्नल तेजेंद्र पाल त्यागी के नेतृत्व में किया गया। इसमें आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय, भारत सरकार का सहयोग भी प्राप्त हुआ।
