उलानबातार में रक्षा सहयोग की समीक्षा, सैन्य अभ्यास ‘नोमैडिक एलीफेंट’ और साइबर सुरक्षा प्रशिक्षण पर बनी सहमति
खबर है..
नई दिल्ली
भारत और मंगोलिया ने अपनी दीर्घकालिक द्विपक्षीय रक्षा साझेदारी को और मजबूत बनाने की प्रतिबद्धता दोहराई है। मंगोलिया की राजधानी उलानबातार में 16 अक्टूबर को आयोजित भारत और मंगोलिया के रक्षा मंत्रालयों के संयुक्त कार्य समूह की 14वीं बैठक में दोनों देशों ने रक्षा सहयोग की मौजूदा गतिविधियों की व्यापक समीक्षा की और भविष्य में सहयोग बढ़ाने के उपायों पर चर्चा की।
बैठक की सह-अध्यक्षता भारत के रक्षा मंत्रालय की संयुक्त सचिव डॉ. इशिता गांगुली त्रिपाठी और मंगोलिया के रक्षा उप सचिव ब्रिगेडियर जनरल गंसुख ई. ने की। दोनों पक्षों ने मौजूदा रक्षा पहलों में हुई प्रगति का आकलन करने के साथ क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों पर भी विचारों का आदान-प्रदान किया।
दोनों देशों ने भारत-मंगोलिया संयुक्त सैन्य अभ्यास ‘नोमैडिक एलीफेंट’ के सफल आयोजन की सराहना की। इसे द्विपक्षीय रक्षा सहयोग को मजबूत बनाने की साझा प्रतिबद्धता का प्रतीक बताया गया। मंगोलियाई पक्ष ने अपने सशस्त्र बलों के कर्मियों के प्रशिक्षण और क्षमता विकास में भारत की ओर से मिल रहे निरंतर सहयोग की भी प्रशंसा की।
डॉ. इशिता गांगुली त्रिपाठी ने मंगोलियाई सशस्त्र बलों के उप प्रमुख मेजर जनरल उसुखबयार जे. से भी मुलाकात की। इस दौरान दोनों देशों के रक्षा बलों के बीच सहयोग की प्रगति पर संतोष व्यक्त किया गया। साथ ही, रक्षा संबंधों को और प्रगाढ़ बनाने तथा भारत-मंगोलिया रणनीतिक साझेदारी के लिए भविष्यपरक कार्ययोजना तैयार करने पर चर्चा हुई।
भारतीय प्रतिनिधिमंडल ने मंगोलिया के राष्ट्रीय रक्षा विश्वविद्यालय का दौरा कर भारत के सहयोग से स्थापित साइबर सुरक्षा प्रशिक्षण केंद्र के कामकाज की समीक्षा भी की। मंगोलिया ने भाषा प्रशिक्षण और साइबर सुरक्षा के क्षेत्र में भारत के योगदान की सराहना करते हुए क्षमता विकास, ज्ञान के आदान-प्रदान और रक्षा सहयोग को अधिक व्यापक बनाने पर जोर दिया।
भारत और मंगोलिया के बीच ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और सभ्यतागत संबंध दोनों देशों की वर्तमान रणनीतिक साझेदारी का मजबूत आधार हैं। इस बैठक से रक्षा सहयोग को नई दिशा देने और दोनों देशों के आपसी संबंधों को और मजबूत बनाने की साझा प्रतिबद्धता सामने आई।

udpefkvqoofefrfdrfqlgilzxedsuf