आउटसोर्सिंग के खिलाफ एआईआरएफ का राष्ट्रीय सम्मेलन आठ अक्टूबर से
9 अक्टूबर को एक्ट अप्रेंटिस का एक और राष्ट्रीय सम्मेलन
करनैल सिंह रेलवे स्टेडियम में जुटेंगे 3000 से अधिक एनआरएमयू प्रतिनिधि
खबर है..
नई दिल्ली
भारतीय रेल के मुख्य, तकनीकी और सुरक्षा-संवेदनशील कार्यों में बढ़ती आउटसोर्सिंग को लेकर ऑल इंडिया रेलवेमेन्स फेडरेशन (एआईआरएफ) ने चिंता जताई है। फेडरेशन की ओर से 8 अक्टूबर 2026 को सुबह 10 बजे करनैल सिंह रेलवे स्टेडियम, बसंत लेन, नई दिल्ली में “आउटसोर्सिंग के खिलाफ राष्ट्रीय सम्मेलन” आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन में 3000 से अधिक एनआरएमयू प्रतिनिधियों के शामिल होने की उम्मीद है।
एआईआरएफ मुख्यालय, नई दिल्ली में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में महामंत्री कॉमरेड शिव गोपाल मिश्रा ने कहा कि फेडरेशन आधुनिकीकरण और नई तकनीक के खिलाफ नहीं है, लेकिन ट्रैक एवं सिग्नल अनुरक्षण, लोको शेड, कार्यशालाओं, कोचिंग डिपो और रोलिंग स्टॉक अनुरक्षण जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में ठेका व्यवस्था के बढ़ते इस्तेमाल को लेकर गंभीर रूप से चिंतित है।
एआईआरएफ ने मांग की कि किसी भी रेलवे कार्य को आउटसोर्स करने से पहले स्वीकृत रिक्त पदों को भरा जाए, उपलब्ध कर्मचारियों का समुचित उपयोग किया जाए, सुरक्षा पर प्रभाव की समीक्षा की जाए और मान्यता प्राप्त फेडरेशनों से परामर्श किया जाए।
फेडरेशन ने आउटसोर्सिंग से जुड़े हाल के घटनाक्रमों का उल्लेख करते हुए दौंड इलेक्ट्रिक लोको शेड में 18 वर्षों के संचालन एवं अनुरक्षण मॉडल तथा रेलवे बोर्ड की 149 पदों वाली प्रोजेक्ट जनरल मैनेजमेंट सर्विसेज (पीजीएमएस) संरचना का भी जिक्र किया।कॉमरेड शिव गोपाल मिश्रा ने कहा कि भारतीय रेल का आधुनिकीकरण कीजिए, लेकिन उसकी स्थायी तकनीकी कार्यशक्ति को कमजोर मत कीजिए। सुरक्षा-संवेदनशील और मुख्य अनुरक्षण कार्यों की जिम्मेदारी मजबूत, प्रशिक्षित और जवाबदेह रेलवे कार्यबल के पास बनी रहनी चाहिए।
उन्होंने बताया कि नॉर्दर्न रेलवे मेन्स यूनियन (एनआरएमयू) की 78वीं वार्षिक आम बैठक भी 8 अक्टूबर को इसी स्थान पर आयोजित होगी। इसकी मेजबानी एनआरएमयू का मुख्यालय मंडल कर रहा है। बैठक में एआईआरएफ और एनआरएमयू के वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों के शामिल होने की उम्मीद है। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि 9 अक्टूबर को एक्ट अप्रेंटिस का एक और राष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित किया जाएगा।

Shiv Gopal Mishra (sir)is right