BEML ने पेश किया भारत का पहला स्वदेशी 60 टन इलेक्ट्रिक डंप ट्रक ‘BH60-EV’
खनन और बुनियादी ढांचा क्षेत्र में टिकाऊ एवं स्वच्छ परिवहन की दिशा में बड़ा कदम खबर है..मैसूरभारत अर्थ मूवर्स लिमिटेड (BEML) ने मैसूर कॉम्प्लेक्स में भारत का पहला स्वदेशी रूप से डिजाइन और विकसित 60 टन इलेक्ट्रिक डंप ट्रक ‘BH60-EV’ पेश किया है। यह उच्च क्षमता वाला इलेक्ट्रिक डंप ट्रक खनन और बुनियादी ढांचा क्षेत्रों में भारी-भरकम परिचालन के लिए विकसित किया गया है।BEML के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक (CMD) श्री शांतनु रॉय ने वरिष्ठ अधिकारियों, कार्यात्मक निदेशकों और कर्मचारियों की मौजूदगी में वर्चुअल माध्यम से BH60-EV का शुभारंभ किया। कंपनी के अनुसार, यह वाहन भारी उद्योग के लिए अगली पीढ़ी की इलेक्ट्रिक मोबिलिटी और स्वदेशी तकनीकी क्षमता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।BH60-EV में 1,000 kWh की हाई-वोल्टेज लिथियम-आयन बैटरी और हाई-परफॉर्मेंस Permanent Magnet Synchronous Motor (PMSM) लगाई गई है। इसमें 54,500 किलोग्राम की पेलोड क्षमता और 36.4 घन मीटर की रॉक बॉडी क्षमता है। इलेक्ट्रिक पावरट्रेन तत्काल टॉर्क और बेहतर ट्रैक्टिव एफर्ट उपलब्ध कराता है, जिससे ढलान वाले कठिन क्षेत्रों में भी संचालन संभव हो सकेगा।डीजल वाहनों की तुलना में कम परिचालन लागत : BEML के मुताबिक BH60-EV को पारंपरिक डीजल चालित उपकरणों की तुलना में 40 से 60 प्रतिशत तक कम परिचालन लागत के लिए डिजाइन किया गया है। परिचालन परिस्थितियों के आधार पर प्रत्येक वाहन से सालाना लगभग 130 टन CO₂ उत्सर्जन में कमी का अनुमान है। वाहन संचालन के दौरान शून्य टेलपाइप उत्सर्जन करता है। कंपनी ने इसके साथ चार्जिंग स्टेशन की पूरी व्यवस्था भी विकसित की है, जिसे साइट के विद्युत ढांचे के अनुरूप और बड़े वाहन बेड़े की जरूरतों के अनुसार विस्तार योग्य बनाया गया है।सुरक्षा और ऑपरेटर सुविधाओं पर जोर : BH60-EV में एर्गोनॉमिक डिजाइन वाला बड़ा केबिन, Roll-Over Protective Structure (ROPS), इमरजेंसी स्टीयरिंग और सीलबंद ऑयल-कूल्ड डिस्क ब्रेक जैसी सुरक्षा सुविधाएं दी गई हैं। कंपनी के अनुसार, इन सुविधाओं का उद्देश्य कठिन खनन परिस्थितियों में सुरक्षा, विश्वसनीयता और ऑपरेटर के आराम को बेहतर बनाना है।BEML के CMD शांतनु रॉय ने कहा कि BH60-EV भारी उद्योग के लिए अगली पीढ़ी की इलेक्ट्रिक मोबिलिटी की दिशा में कंपनी की क्षमता को प्रदर्शित करता है। उन्होंने कहा कि स्वदेशी इंजीनियरिंग, उन्नत बैटरी तकनीक तथा प्रदर्शन, सुरक्षा और स्थिरता पर जोर देकर ऐसे समाधान विकसित किए जा रहे हैं, जो औद्योगिक उत्पादकता के साथ स्वच्छ भविष्य की दिशा में बदलाव में भी योगदान दे सकें।BH60-EV, BEML के बढ़ते इलेक्ट्रिक वाहन पोर्टफोलियो का हिस्सा है। इससे पहले कंपनी ने 10 अप्रैल 2026 को 35 टन का इलेक्ट्रिक डंप ट्रक लॉन्च किया था। नए 60 टन इलेक्ट्रिक डंप ट्रक के साथ BEML ने खनन एवं भारी उद्योग के लिए स्वदेशी इलेक्ट्रिक उपकरणों की अपनी क्षमता को और विस्तार दिया है।
