- आईआरसीटीसी ने लखनऊ से लांच किया नया हवाई टूर पैकेज
- 23 से 27 अक्टूबर के बीच आयोजित होगा यात्रा कार्यक्रम
- सैलानियों को हैदराबाद की समृद्ध संस्कृति, ऐतिहासिक विरासत एवं आधुनिक पर्यटन स्थलों का कराया जाएगा अनुभव

खबर है..
लखनऊ।
भारतीय रेल खानपान एवं पर्यटन निगम (आईआरसीटीसी) लखनऊ क्षेत्र कार्यालय ने शुक्रवार को सैलानियों की सुविधा के लिए हैदराबाद के साथ मल्लिकार्जुन ज्योतिर्लिंग की यात्रा के लिए नया हवाई टूर पैकेज लॉन्च किया है। चार रात और पांच दिन की यात्रा 23 से 27 अक्टूबर के बीच होगी। सफर के दौरान श्रद्धालुओं को श्री मल्लिकार्जुन ज्योतिर्लिंग के पावन दर्शन कराने के साथ ही हैदराबाद की समृद्ध संस्कृति, ऐतिहासिक विरासत एवं आधुनिक पर्यटन स्थलों का अनुभव भी यात्रियों को कराया जाएगा।
यह जानकारी आईआरसीटीसी उत्तर क्षेत्र के मुख्य क्षेत्रीय प्रबंधक अजीत कुमार सिन्हा ने दी। उन्होंने बताया कि इससे यात्रा के दौरान यात्रियों को मल्लिकार्जुन ज्योतिर्लिंग मंदिर, श्री लक्ष्मी नरसिम्हा मंदिर, स्टैच्यू ऑफ इक्वैलिटी, रामोजी फिल्म सिटी, चारमिनार एवं सुरेंद्रपुरी सहित हैदराबाद एवं आसपास के प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि लखनऊ से हैदराबाद का आवागमन हवाई जहाज से होगा। सैलानियों को होटलों में ठहरने के साथ ही नाश्ता एवं रात्रि भोजन, स्थानीय वातानुकूलित परिवहन, निर्धारित दर्शनीय स्थलों का भ्रमण तथा अनुभवी टूर एस्कॉर्ट की सेवाएं शामिल हैं, जिससे यात्रियों की यात्रा सुरक्षित, सुविधाजनक एवं यादगार बन सके।
सिन्हा ने बताया कि टूर पैकेज के तहत सिंगल ऑक्यूपेंसी ₹51,500/- प्रति व्यक्ति, डबल ऑक्यूपेंसी ₹43,500/- प्रति व्यक्ति तथा ट्रिपल ऑक्यूपेंसी ₹42,500/- प्रति व्यक्ति निर्धारित किया गया है। 5 से 11 वर्ष के बच्चों (बेड सहित) का शुल्क ₹37,900/- प्रति बच्चा, 5 से 11 वर्ष के बच्चों (बिना बेड) का शुल्क ₹36,800/- प्रति बच्चा तथा 2 से 5 वर्ष के बच्चों (बिना बेड) का शुल्क ₹22,300/- प्रति बच्चा निर्धारित किया गया है। इस टूर की बुकिंग “पहले आओ-पहले पाओ” के आधार पर होगी।
