सैलानियों की मांग पर आईआरसीटीसी ने लॉन्च किया नया हवाई टूर पैकेज
चार रात एवं पांच दिन टूर पैकेज 20 से 24 सितंबर के बीच होगा
‘ पहले आओ – पहले पाओ’ के आधार पर सैलानियों की होगी बुकिंग

खबर है..
लखनऊ।
भारतीय रेल खानपान एवं पर्यटन निगम (आईआरसीटीसी) ने यात्रियों की मांग पर दो ज्योतिर्लिंग के साथ महेश्वर, मांडू और इंदौर का नया हवाई टूर पैकेज लॉन्च किया है। आईआरसीटीसी के क्षेत्रीय कार्यालय लखनऊ के इस टूर में सैलानियों की यात्रा चार रात और पांच दिनों की होगी। यह यात्रा 20 से 24 सितंबर के बीच आयोजित होगी।
यह जानकारी आईआरसीटीसी उत्तर क्षेत्र के मुख्य क्षेत्रीय प्रबंधक अजीत कुमार सिन्हा ने दी। उन्होंने बताया कि सैलानियों की अत्यधिक मांग पर नया हवाई टूर पैकेज लॉन्च किया गया है। इस टूर में मुसाफिरों को लखनऊ से इंदौर के बीच फ्लाइट से आवागमन की व्यवस्था की गई है। साथ ही खानपान व ठहरने का इंतजाम तीन सितारा होटल में किया गया है । उन्होंने बताया कि यात्रा के दौरान सैलानियों को उज्जैन में महाकालेश्वर मंदिर, चिंतामन गणेश मंदिर, हरसिद्धि मंदिर, मंगलनाथ मंदिर का दर्शन कराया जाएगा। साथ ही ओंकारेश्वर में ओम्कारेश्वर मंदिर के दर्शन, महेश्वर में अहिल्याबाई किला और महल, अखिलेश्वर मंदिर, सहस्त्रधारा और नर्मदा घाट के दर्शन, मांडू में जहाज महल और हिंडोला महल के दर्शन और इंदौर में पितृ पर्वत व गणपति मंदिर खजराना आदि का भी भ्रमण कराया जाएगा।
श्री सिन्हा ने बताया कि इस हवाई टूर पैकेज में रू. 48,500/-, एक व्यक्ति के ठहरने पर, रू. 42,500/- दो व्यक्तियों के एक साथ ठहरने पर पैकेज का मूल्य प्रति व्यक्ति, रू. 40,300/- तीन व्यक्तियो के एक साथ ठहरने पर पैकेज का मूल्य प्रति व्यक्ति, रू. 36,100/- माता-पिता के साथ ठहरने पर प्रति बच्चे का पैकेज मूल्य बेड सहित एवं मूल्य रू. 19,500/- बिना बेड के होगा। इस पैकेज की बुकिंग ‘पहले आओ-पहले पाओ’ के आधार पर की जायेगी। उक्त यात्रा की बुकिंग पर्यटन भवन गोमती नगर लखनऊ स्थित आईआरसीटीसी कार्यालय एवं आईआरसीटीसी की बेवसाइट irctctourism.com पर ऑनलाइन भी कराई जा सकती है। अधिक जानकारी मोबाइल नम्बरों 8287930912/ 8287930902/ 9236391909/ 9236391911 पर की जा सकती है।
