गोमती उत्सव-2026 में मुख्यमंत्री ने दिया नदी संरक्षण, पारंपरिक व्यंजनों और स्थानीय हस्तशिल्प को बढ़ावा देने का संदेश; विभिन्न क्षेत्रों की विभूतियों को गोमती गौरव सम्मान से किया सम्मानित
खबर है..
लखनऊ
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सिंगल यूज प्लास्टिक को पर्यावरण और मानव स्वास्थ्य के लिए गंभीर चुनौती बताते हुए इसके पूर्ण बहिष्कार का आह्वान किया है। रविवार को गोमती उत्सव-2026 को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि प्लास्टिक का अनियंत्रित उपयोग नदियों, प्रकृति और मानव जीवन के लिए खतरा बनता जा रहा है। आम लोगों को प्लास्टिक के स्थान पर कपड़े या अन्य पर्यावरण अनुकूल थैलों का इस्तेमाल करना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने गोमती नदी के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि गोमती आदि गंगा के रूप में मान्य है और लखनऊ की आत्मा है। भारत की सभ्यता और संस्कृति का विकास नदियों के किनारे हुआ है। उन्होंने गोमती की निर्मलता और अविरलता बनाए रखने के लिए सामूहिक संकल्प लेने की अपील की। उन्होंने बताया कि नदी में गिरने वाले नालों और सीवर को रोकने के लिए सरकार ने एसटीपी का निर्माण कराया है।
उत्सव समाज को जोड़ने का माध्यम
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आज एक ही छत के नीचे रहने वाले परिवार के सदस्य स्मार्टफोन की दुनिया में सिमटते जा रहे हैं। ऐसे में गोमती उत्सव जैसे आयोजन लोगों को परिवार और समाज से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।
मातृशक्ति की क्षमता पर जताया भरोसा
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश की मातृशक्ति अपने हुनर और मेहनत से दुनिया की सबसे बड़ी खाद्य कंपनियों को चुनौती दे सकती है। उन्होंने स्थानीय व्यंजनों, कारीगरों और हस्तशिल्पियों को प्रोत्साहित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट’ के साथ ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन कुजीन’ की दिशा में भी आगे बढ़ रहा है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली 15 विभूतियों को ‘गोमती गौरव सम्मान’ प्रदान किया। कार्यक्रम में गोमती उत्सव समिति के पदाधिकारी, शिक्षाविद्, चिकित्सक, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
