रेल कोच फैक्टरी कपूरथला में निर्मित यात्री ट्रेन बांग्लादेश में भरेगी फर्राटा

भारतीय की रेल तकनीक का बांग्लादेश में विस्तार
रेल कोच फैक्टरी कपूरथला ने तैयार किया बांग्लादेश रेलवे के लिए 19 कोच पहली एलएचबी ट्रेन
यात्री सुविधा, सुरक्षा और अंतरराष्ट्रीय मानकों से लैस कोच भारत की रेल निर्माण क्षमता का प्रमाण

खबर है..
नई दिल्ली
रेल डिब्बा कारखाना (RCF), कपूरथला ने बांग्लादेश रेलवे के लिए 19 LHB ब्रॉड गेज यात्री डिब्बों वाले पहले रेक (ट्रेन) को तैयार कर एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। इस रेक का रोल-आउट 12 अगस्त 2026 को निर्धारित था। यह भारत और बांग्लादेश के बीच रेल क्षेत्र में बढ़ते तकनीकी एवं व्यावसायिक सहयोग को भी दर्शाता है।
19 कोचों का विशेष रेक : बांग्लादेश रेलवे के लिए तैयार इस रेक में कुल 19 कोच शामिल है। ट्रेन में 03 AC स्लीपर कार, 03 AC चेयर कार, 11 नॉन-AC चेयर कार, 02 पावर कार हैं। इन कोचों को सामान्य भारतीय LHB कोचों से अलग, बांग्लादेश रेलवे की परिचालन परिस्थितियों और यात्रियों की आवश्यकताओं के अनुरूप विशेष रूप से डिजाइन और कस्टमाइज किया गया है।
यात्रियों की सुविधा पर विशेष जोर : कोचों में यात्रियों को आरामदायक यात्रा उपलब्ध कराने के लिए कई नई सुविधाएं शामिल की गई हैं। इनमें विशेष रूप से डिजाइन की गई रिक्लाइनिंग चेयर, स्टेनलेस स्टील आर्मरेस्ट और फुटरेस्ट तथा सीटों को कई पोजीशन में पीछे की ओर झुकाने की सुविधा शामिल है। AC कोचों में यात्रियों की सुविधा के लिए पंखों की भी व्यवस्था की गई है। इसके अलावा कोचों में इंटीग्रेटेड CCTV सर्विलांस सिस्टम और पैसेंजर अलार्म सिस्टम लगाए गए हैं।
बच्चों और यात्रियों के लिए विशेष सुविधाएं : इन आधुनिक कोचों में बेबी केयर रूम और प्रार्थना कक्ष जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं। इससे लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों, विशेषकर परिवारों के लिए सुविधा बढ़ेगी। कोचों में आंशिक रूप से खुलने वाली खिड़कियां भी दी गई हैं, जो यात्रियों की सुविधा और परिचालन आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए डिजाइन की गई हैं।
सुरक्षा के लिए अंतरराष्ट्रीय मानकों का इस्तेमाल : इन कोचों की सबसे महत्वपूर्ण तकनीकी विशेषताओं में से एक EN 15227 यूरोपीय मानक के अनुरूप Crashworthy Design है। इस डिजाइन को शामिल करने के लिए कोच की कार बॉडी शेल का व्यापक पुनःडिजाइन किया गया है। इसका उद्देश्य दुर्घटना या टक्कर की स्थिति में कोच की संरचनात्मक क्षमता बढ़ाना और यात्रियों की सुरक्षा को बेहतर बनाना है।
बांग्लादेश की विशेष परिचालन परिस्थितियों के अनुसार डिजाइन : बांग्लादेश रेलवे की विशिष्ट परिचालन परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए कोचों की रूफ स्ट्रक्चर को भी मजबूत किया गया है। इसका उद्देश्य पीक ट्रैफिक के दौरान छत पर यात्रियों के अतिरिक्त भार की स्थिति में बेहतर मजबूती सुनिश्चित करना है।
भारत-बांग्लादेश रेल सहयोग को नई मजबूती RCF कपूरथला और बांग्लादेश रेलवे के बीच रेल कोच निर्माण का सहयोग नया नहीं है। दोनों के बीच साझेदारी की शुरुआत 2015-16 में हुई थी, जब RCF ने बांग्लादेश रेलवे को 120 LHB ब्रॉड गेज यात्री कोचों की सफल आपूर्ति की थी।
भारत की बढ़ती रेल निर्माण क्षमता : बांग्लादेश के लिए तैयार यह रेक केवल एक निर्यात ऑर्डर नहीं, बल्कि भारतीय रेल की आधुनिक कोच निर्माण क्षमता, तकनीकी दक्षता और वैश्विक मानकों के अनुरूप डिजाइन तैयार करने की क्षमता का महत्वपूर्ण उदाहरण है। RCF कपूरथला द्वारा विकसित ये कोच भारत की “Make in India” क्षमता को अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाने और पड़ोसी देशों के साथ रेल सहयोग को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम हैं।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *