केंद्रीय विद्यालय आरडीएसओ में वार्षिक पैनल निरीक्षण सम्पन्न, छात्रों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों से अतिथियों का किया स्वागत
खबर है..
लखनऊ
केंद्रीय विद्यालय आरडीएसओ, लखनऊ में केंद्रीय विद्यालय संगठन, क्षेत्रीय कार्यालय लखनऊ के सहायक आयुक्त अनूप अवस्थी की अध्यक्षता में वार्षिक पैनल निरीक्षण सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य राजेश कुमार शुक्ल ने निरीक्षण दल के सदस्यों का स्वागत एवं अभिनंदन किया। अतिथियों के सम्मान में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने आकर्षक स्वागत गीत प्रस्तुत करने के साथ ही रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों से सभी का मन मोह लिया।
निरीक्षण दल में अम्बरीश गुप्ता (प्राचार्य, केंद्रीय विद्यालय भेल जगदीशपुर), राजीव कुमार सिंह (प्राचार्य, केंद्रीय विद्यालय सीआरपीएफ बिजनौर), अशोक पाठक (प्राचार्य, केंद्रीय विद्यालय एसजीपीजीआई लखनऊ), प्रदीप कुमार मिश्र (उप प्राचार्य, केंद्रीय विद्यालय गोमतीनगर), अर्चना गुप्ता (उप प्राचार्य, केंद्रीय विद्यालय एएमसी), संजय शर्मा (उप प्राचार्य, केंद्रीय विद्यालय अलीगंज), रिजवान अहमद (मुख्याध्यापक, केंद्रीय विद्यालय आईआईएम) तथा बीबी मौर्या (मुख्याध्यापक, केंद्रीय विद्यालय मेमौरा) शामिल रहे।
निरीक्षण के दौरान विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों, शिक्षण पद्धतियों एवं विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास से जुड़े विभिन्न पहलुओं की समीक्षा की गई। इस अवसर पर सहायक आयुक्त अनूप अवस्थी ने शिक्षकों को संबोधित करते हुए कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करना केंद्रीय विद्यालय संगठन का प्रमुख उद्देश्य है। शिक्षक अपनी जिम्मेदारी पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ निभाएं तथा विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारकर उनका भविष्य संवारें। उन्होंने विभिन्न शैक्षणिक विषयों पर शिक्षकों का मार्गदर्शन भी किया।
निरीक्षण दल की ओर से प्रदीप कुमार मिश्र ने शिक्षकों के उत्कृष्ट शिक्षण कार्यों की सराहना करते हुए शिक्षा की गुणवत्ता और बेहतर बनाने के लिए आवश्यक सुझाव दिए। वहीं, प्राथमिक विभाग के शिक्षण कार्यों की जानकारी देते हुए रिजवान अहमद ने समावेशी शिक्षा को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के उप प्राचार्य महेंद्र कुमार ने निरीक्षण दल के सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने सहायक आयुक्त को आश्वस्त किया कि विद्यालय उनके दिशा-निर्देशों का पूर्णतः पालन करेगा तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ शत-प्रतिशत परीक्षा परिणाम हासिल करने के लिए निरंतर प्रयासरत रहेगा। इस अवसर पर विद्यालय के समस्त शिक्षक एवं कार्यालय कर्मचारी उपस्थित रहे।
