ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना: 125 किलोमीटर लंबी नई रेल लाइन का निर्माण तेज

12 रेलवे स्टेशन, 28 सुरंगें और 57 पुल होंगे परियोजना का हिस्सा; 83 प्रतिशत मार्ग सुरंगों से होकर गुजरेगा

खबर है..
नई दिल्ली
उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में रेल कनेक्टिविटी को मजबूत करने वाली ऋषिकेश-कर्णप्रयाग नई रेल लाइन परियोजना पर तेजी से काम किया जा रहा है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव द्वारा साझा की गई जानकारी के अनुसार, लगभग 125 किलोमीटर लंबी इस महत्वाकांक्षी रेल परियोजना में 12 रेलवे स्टेशन प्रस्तावित हैं। परियोजना पूरी होने से चारधाम यात्रा के प्रमुख केंद्रों बद्रीनाथ और केदारनाथ जाने वाले यात्रियों को आवागमन में सुविधा मिलने की उम्मीद है। साथ ही, क्षेत्र में पर्यटन, व्यापार और रोजगार के नए अवसर भी विकसित होंगे।
परियोजना की सबसे बड़ी विशेषता इसका कठिन हिमालयी भूभाग है। पहाड़ों के बीच रेल लाइन बिछाने के लिए व्यापक स्तर पर सुरंगों और पुलों का निर्माण किया जा रहा है। परियोजना का लगभग 83 प्रतिशत हिस्सा सुरंगों से होकर गुजरेगा। इसके अंतर्गत मुख्य सुरंगों और एस्केप टनल सहित कुल 28 सुरंगों का निर्माण प्रस्तावित है। यात्रियों की सुरक्षा और आपातकालीन निकासी की व्यवस्था के लिहाज से एस्केप टनल महत्वपूर्ण हैं। इसके अलावा, मार्ग पर छोटे-बड़े कुल 57 पुल बनाए जा रहे हैं।
सुरंग निर्माण में आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल : हिमालय की चुनौतीपूर्ण भूगर्भीय परिस्थितियों में सुरंग निर्माण के लिए टनल बोरिंग मशीन (टीबीएम) जैसी आधुनिक तकनीकों का इस्तेमाल किया जा रहा है। परियोजना के लिए भूमि अधिग्रहण का कार्य 100 प्रतिशत पूरा होने की जानकारी दी गई है।
निर्माण की प्रगति के अनुसार, वीरभद्र-योगनगरी ऋषिकेश का लगभग पांच किलोमीटर लंबा खंड वर्ष 2020 में पूरा हो चुका है। कुल 16 मुख्य सुरंगों में से 13 तथा 12 एस्केप टनलों में से 10 का ब्रेकथ्रू पूरा हो गया है। इसके अतिरिक्त, आठ बड़े और 30 छोटे पुलों का निर्माण भी पूरा किया जा चुका है।
पहाड़ी क्षेत्रों के लिए महत्वपूर्ण परियोजना : भूस्खलन, कठिन चट्टानी संरचना और दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियां निर्माण कार्य की प्रमुख चुनौतियां हैं। परियोजना से उत्तराखंड के दूरस्थ क्षेत्रों तक पहुंच बेहतर होने, स्थानीय अर्थव्यवस्था को गति मिलने और सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण सीमावर्ती क्षेत्रों की कनेक्टिविटी मजबूत होने की उम्मीद है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *