त्योहारों में दिल्ली के स्टेशनों पर प्रतिदिन 8 लाख तक पहुंचे यात्री, सुरक्षा के लिए लगाए गए 700 अतिरिक्त एआई कैमरे
खबर है..
नई दिल्ली
केंद्रीय रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव ने 6 अक्टूबर शुक्रवार को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन का निरीक्षण कर यात्री सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था और दिवाली एवं छठ के दौरान बढ़ने वाली भीड़ से निपटने की तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने यात्रियों से बातचीत कर सुविधाओं के बारे में फीडबैक भी लिया। यात्रियों ने व्यवस्थाओं पर संतोष जताया।
रेल मंत्री ने कहा कि दुर्गा पूजा, दिवाली और छठ के दौरान रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की संख्या काफी बढ़ जाती है। इसे देखते हुए अतिरिक्त विशेष रेलगाड़ियां चलाई गई हैं और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के अतिरिक्त जवान तैनात किए गए हैं। सुरक्षा एवं निगरानी मजबूत करने के लिए 700 अतिरिक्त एआई कैमरे भी लगाए गए हैं।
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर अनारक्षित यात्रियों के साथ अब आरक्षित टिकट वाले यात्रियों के लिए भी होल्डिंग एरिया बनाया गया है। सामान की जांच की व्यवस्था स्टेशन भवन के बाहर स्थानांतरित की गई है, जिससे अंदर अतिरिक्त प्रतीक्षालय की सुविधा उपलब्ध हुई है।
रेलवे के अनुसार, दिल्ली के नई दिल्ली, पुरानी दिल्ली, आनंद विहार, हजरत निजामुद्दीन और सराय रोहिल्ला स्टेशनों पर 1 अक्टूबर से 5 नवंबर 2026 तक करीब 2 करोड़ यात्रियों की आवाजाही हुई। सामान्य दिनों में प्रतिदिन लगभग 5 लाख यात्रियों के मुकाबले त्योहारों में यह संख्या बढ़कर 8 लाख तक पहुंच गई।
इसी अवधि में मुंबई में 1.5 करोड़, हैदराबाद में 90 लाख, बेंगलुरु में 1 करोड़ तथा सूरत-उधना में 50 लाख यात्रियों की आवाजाही दर्ज की गई। रेलवे ने प्रमुख स्टेशनों पर अतिरिक्त टिकट बुकिंग, पेयजल, स्वच्छ शौचालय, सामान जांच और विशेष प्रतीक्षालय की व्यवस्था की है। इनका उद्देश्य त्योहारों में यात्रियों को सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध कराना है।
