16 किलोमीटर लंबे एलिवेटेड रेल कॉरिडोर से कानपुर को रेलवे क्रॉसिंग पर लगने वाले जाम से मिलेगी स्थायी राहत: अश्विनी वैष्णव
कानपुर से दिल्ली के बीच रेल संपर्क होगा मजबूत, औद्योगिक और व्यावसायिक गतिविधियों को मिलेगा
खबर है..
कानपुर
केंद्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण तथा इलेक्ट्रॉनिकी एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव और कानपुर के सांसद रमेश अवस्थी ने सोमवार को कानपुर सेंट्रल से आनंद विहार टर्मिनल के बीच नई कानपुर एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दैनिक रेल सेवा के शुरू होने से कानपुर और दिल्ली के बीच रेल संपर्क मजबूत होगा तथा यात्रियों को आवागमन का एक अतिरिक्त सुविधाजनक विकल्प मिलेगा।
इस अवसर पर कानपुर की महापौर प्रमिला पांडे, अकबरपुर के सांसद देवेंद्र सिंह भोले सहित अन्य गणमान्य अतिथि और रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। 428 किलोमीटर की दूरी तय करने वाली इस ट्रेन में 22 आधुनिक एलएचबी कोच लगाए गए हैं। यह ट्रेन फफूंद, इटावा, टूंडला, हाथरस, अलीगढ़, खुर्जा, दादरी और गाजियाबाद सहित कई प्रमुख शहरों को जोड़ेगी। इससे औरैया के औद्योगिक क्षेत्रों, एनटीपीसी और गेल पाता के अलावा कृषि, कांच, पीतल, ताला और सिरेमिक उद्योगों से जुड़े लोगों को भी लाभ मिलेगा।
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कानपुरवासियों को नई रेल सेवा की बधाई देते हुए कहा कि अनवरगंज-मंधना के बीच 16 किलोमीटर लंबे एलिवेटेड रेलवे ट्रैक का निर्माण शहर में रेलवे क्रॉसिंग पर लगने वाले दशकों पुराने जाम की समस्या का स्थायी समाधान करेगा। इसकी डीपीआर तैयार हो चुकी है और आवश्यक मंजूरियां भी मिल गई हैं। निर्माण कार्य जल्द शुरू होने की उम्मीद है।
उन्होंने प्रस्तावित बुलेट ट्रेन के नॉर्थ कॉरिडोर का उल्लेख करते हुए कहा कि दिल्ली – आगरा – कानपुर – वाराणसी – लखनऊ – अयोध्या को जोड़ने वाली इस परियोजना से कानपुर के विकास को नई गति मिलेगी। बुलेट ट्रेन से दिल्ली-कानपुर की यात्रा लगभग 1 घंटा 45 मिनट में पूरी हो सकेगी। वहीं, कानपुर सेंट्रल स्टेशन का पुनर्विकास कार्य भी तेजी से आगे बढ़ रहा है।
सांसद रमेश अवस्थी ने कहा कि कानपुर के खोए हुए गौरव को फिर से स्थापित करने का संकल्प अब धरातल पर साकार हो रहा है। उन्होंने कहा कि कानपुर में बुलेट ट्रेन के ठहराव की घोषणा से शहरवासियों में खुशी है। अनवरगंज-मंधना एलिवेटेड कॉरिडोर की मंजूरी कानपुरवासियों की वर्षों पुरानी मांग की बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने नई ट्रेन सेवा और स्टेशन के पुनर्विकास पर प्रसन्नता जताते हुए कहा कि ये परियोजनाएं कानपुर की कनेक्टिविटी, औद्योगिक विकास और आर्थिक प्रगति को नई दिशा देंगी।
