खबर है..
नई दिल्ली
राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश के नेतृत्व में भारतीय संसदीय प्रतिनिधिमंडल ने तंजानिया के अरुशा में आयोजित 153वीं अंतर-संसदीय संघ (IPU) असेंबली के तीसरे दिन विभिन्न बैठकों और चर्चाओं में सक्रिय भागीदारी की।
हरिवंश ने आम बहस में “समावेशिता, विश्वास और सभी के लिए अवसरों के माध्यम से सुशासन को बढ़ावा देना और समुदायों को सशक्त बनाना” विषय पर विचार रखे। उन्होंने सुशासन को मजबूत करने के लिए पारदर्शिता बढ़ाने, जवाबदेही सुनिश्चित करने और जनता के विश्वास को मजबूत करने की आवश्यकता पर जोर दिया।
प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने मानसिक स्वास्थ्य, डिजिटल ओवरलोड, आर्थिक दबाव, संयुक्त राष्ट्र सुधार, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, सतत विकास, पर्वतीय एवं महासागरीय पारिस्थितिकी तंत्र, अंतरराष्ट्रीय मानवीय कानून, बाल अधिकारों के लिए नैतिक एआई, जलवायु-अनुकूल खाद्य व्यवस्था तथा समुद्री सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विभिन्न सत्रों में भाग लिया।
भारतीय प्रतिनिधिमंडल ने रूस की फेडरेशन काउंसिल के उपाध्यक्ष कॉन्स्टेंटिन कोसाचेव के साथ द्विपक्षीय बैठक भी की और आपसी हित के मुद्दों पर चर्चा की। हरिवंश ने IPU की निवर्तमान अध्यक्ष तुलिया एकसन से मुलाकात कर संसदीय लोकतंत्र को मजबूत करने और IPU को अधिक समावेशी एवं प्रभावी बनाने में उनके योगदान की सराहना की।
इस बीच, भारत ने नेपाल द्वारा प्रस्तावित और भारत सहित कई देशों द्वारा समर्थित हिमालयी क्षेत्र तथा अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में जलवायु संबंधी आपदाओं से निपटने और लचीलापन मजबूत करने के लिए तत्काल संसदीय कार्रवाई संबंधी आपातकालीन प्रस्ताव का समर्थन किया। मतदान के बाद IPU अध्यक्ष ने इस प्रस्ताव को 153वीं IPU असेंबली के आपातकालीन एजेंडा आइटम के रूप में अपनाने की घोषणा की।
153वीं IPU असेंबली में भारत ने सुशासन, समावेशिता और वैश्विक चुनौतियों पर रखे विचार
