जयपुर–टाटानगर–सांतरागाछी एक्सप्रेस ट्रेन का शुभारंभ, पांच राज्यों की रेल कनेक्टिविटी होगी मजबूत

नई रेल सेवा से रोजगार, शिक्षा और व्यापार को मिलेगा बढ़ावा; झारखंड में रेलवे परियोजनाओं पर ₹75,000 करोड़ के कार्य जारी

खबर है..
जयपुर/कोलकाता, (खातीपुरा)–टाटानगर–सांतरागाछी एक्सप्रेस ट्रेन का आज शुभारंभ किया गया। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को रवाना किया। रेल मंत्री वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यक्रम में शामिल हुए। इस नई रेल सेवा से राजस्थान, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल के बीच संपर्क मजबूत होगा तथा यात्रियों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिलेगी।
कार्यक्रम में पश्चिम बंगाल सरकार के मंत्री दिलीप घोष, महापौर सुनील कोठारी, सांसद विद्युत बरन महतो, सांसद मंजू शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि नई ट्रेन जयपुर को जमशेदपुर और कोलकाता से जोड़ते हुए प्रवासी श्रमिकों, व्यापारियों, विद्यार्थियों और अन्य यात्रियों के लिए सुविधाजनक यात्रा का विकल्प उपलब्ध कराएगी। बेहतर रेल कनेक्टिविटी से रोजगार, शिक्षा और व्यापारिक गतिविधियों को भी प्रोत्साहन मिलेगा।
उन्होंने बताया कि झारखंड में रेलवे बजट आवंटन ₹450 करोड़ से बढ़कर ₹7,500 करोड़ हो गया है और राज्य में लगभग ₹75,000 करोड़ की रेलवे परियोजनाओं पर काम चल रहा है। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत झारखंड के 57 स्टेशनों का पुनर्विकास किया जा रहा है। देशभर में 1,300 से अधिक स्टेशनों को इस योजना के अंतर्गत लिया गया है।
रेल मंत्री ने बताया कि पश्चिम बंगाल के सांतरागाछी, जलपाईगुड़ी रोड, जयचंडी पहाड़, हल्दिया और कामाख्यागुड़ी सहित कई स्टेशनों का भी पुनर्विकास किया जा रहा है। इसके अलावा हावड़ा–खड़गपुर–चाकुलिया–टाटानगर रेलखंड पर चार-लाइन विस्तार का कार्य जारी है।
पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने राज्य में रेलवे अवसंरचना परियोजनाओं के लिए केंद्र सरकार का आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि पश्चिम बंगाल का वार्षिक औसत रेलवे बजट आवंटन वर्ष 2009–14 के ₹4,380 करोड़ से बढ़कर वर्ष 2026–27 में ₹14,205 करोड़ हो गया है। उन्होंने विश्वास जताया कि बढ़ा हुआ निवेश राज्य में रेल सुविधाओं और कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *