ऐतिहासिक उपलब्धि: कटरा-बनिहाल रेलखंड पर ट्रेनों की रफ्तार बढ़कर 100 किमी प्रति घंटा

वंदे भारत एक्सप्रेस ने 100 किमी/घंटा की रफ्तार से पार किया दुनिया का सबसे ऊंचा चिनाब पुल और भारत का पहला केबल-स्टेड अंजी पुल

खबर है..
नई दिल्ली
जम्मू-कश्मीर में उधमपुर-श्रीनगर-बारामूला रेल लिंक (USBRL) परियोजना के तहत आज एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल हुई। श्री माता वैष्णो देवी कटरा-बनिहाल के 111 किलोमीटर लंबे रेलखंड पर अधिकतम अनुमेय गति 75 किलोमीटर प्रति घंटा से बढ़ाकर 100 किलोमीटर प्रति घंटा कर दी गई है। बढ़ी हुई गति का सफल परीक्षण आज वंदे भारत एक्सप्रेस के संचालन के माध्यम से किया गया।
इस दौरान वंदे भारत एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 26401/26404) ने 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दुनिया के सबसे ऊंचे रेलवे पुल चिनाब ब्रिज तथा भारत के पहले केबल-स्टेड रेलवे पुल अंजी ब्रिज को पार किया। यह उपलब्धि जम्मू-कश्मीर में आधुनिक, तेज और सुरक्षित रेल कनेक्टिविटी की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर मानी जा रही है।
कटरा-बनिहाल रेलखंड पर बढ़ी परिचालन क्षमता :
कटरा-बनिहाल सेक्शन USBRL परियोजना का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। इस खंड पर अधिकतम अनुमेय गति को 75 से बढ़ाकर 100 किमी प्रति घंटा किए जाने से ट्रेनों के संचालन में गति और दक्षता बढ़ेगी। इससे रेल सेवाओं के संचालन को अधिक सुचारु बनाने में मदद मिलेगी और यात्रियों के यात्रा समय में भी कमी आएगी।
गति बढ़ाने से इस महत्वपूर्ण रेलखंड पर यात्री ट्रेनों के साथ-साथ भविष्य में बढ़ने वाले रेल यातायात को भी बेहतर तरीके से संचालित करने में सहायता मिलेगी। इसके साथ ही यात्रियों को तेज, सुरक्षित और अधिक आरामदायक रेल यात्रा उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
चिनाब और अंजी पुलों पर वंदे भारत की 100 किमी/घंटा रफ्तार : आज के परीक्षण की सबसे महत्वपूर्ण विशेषता यह रही कि वंदे भारत एक्सप्रेस ने 100 किमी प्रति घंटे की गति से चिनाब और अंजी पुलों को पार किया। चिनाब ब्रिज दुनिया का सबसे ऊंचा रेलवे आर्च ब्रिज है, जबकि अंजी ब्रिज भारत का पहला केबल-स्टेड रेलवे ब्रिज है।
इन दोनों अत्याधुनिक रेल पुलों पर निर्धारित गति से वंदे भारत का सफल संचालन जम्मू-कश्मीर में रेलवे की इंजीनियरिंग क्षमता और आधुनिक रेल बुनियादी ढांचे की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि को दर्शाता है।
यात्रियों को मिलेगा सीधा लाभ :कटरा-बनिहाल रेलखंड पर गति बढ़ने का सबसे प्रत्यक्ष लाभ यात्रियों को मिलेगा। अधिक गति के कारण इस सेक्शन पर यात्रा के समय में कमी आएगी और जम्मू-कश्मीर के विभिन्न हिस्सों के बीच रेल संपर्क और अधिक प्रभावी होगा।
USBRL परियोजना के पूरा होने के बाद जम्मू-कश्मीर के दुर्गम पर्वतीय क्षेत्रों को देश के व्यापक रेल नेटवर्क से जोड़ने में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है। कटरा-बनिहाल सेक्शन पर 100 किमी प्रति घंटे की अधिकतम अनुमेय गति का यह विस्तार इस रेल संपर्क को और अधिक सक्षम बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। यह उपलब्धि जम्मू-कश्मीर में तेज, सुरक्षित, विश्वसनीय और आधुनिक रेल परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ क्षेत्र के सामाजिक-आर्थिक विकास और पर्यटन को भी बेहतर रेल कनेक्टिविटी प्रदान करने में सहायक होगी।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *