गेल का दूसरी तिमाही में शानदार प्रदर्शन, 4,650 करोड़ रुपये का शुद्ध मुनाफा

वित्त वर्ष 2026-27 की पहली छमाही में पीएटी बढ़कर 8,943 करोड़ रुपये हुआ, परिचालन से राजस्व 84,905 करोड़ रुपये

खबर है..
नई दिल्ली
सार्वजनिक क्षेत्र की प्रमुख प्राकृतिक गैस कंपनी गेल (इंडिया) लिमिटेड ने वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही में 45,924 करोड़ रुपये का परिचालन राजस्व और 4,650 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ (पीएटी) दर्ज किया है। कंपनी ने 30 अक्टूबर को अपने वित्तीय परिणामों की घोषणा की।
कंपनी के एकल आधार (स्टैंडअलोन) पर जारी नतीजों के अनुसार, वित्त वर्ष 2026-27 की पहली छमाही (अप्रैल-सितंबर) में परिचालन राजस्व 84,905 करोड़ रुपये रहा, जबकि पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में यह 69,824 करोड़ रुपये था। इस दौरान कर पूर्व लाभ (पीबीटी) बढ़कर 11,611 करोड़ रुपये और कर पश्चात लाभ (पीएटी) 8,943 करोड़ रुपये हो गया। पिछले वर्ष की समान अवधि में ये आंकड़े क्रमशः 5,357 करोड़ और 4,104 करोड़ रुपये थे।
दूसरी तिमाही में कंपनी का परिचालन राजस्व पहली तिमाही के 38,981 करोड़ रुपये से बढ़कर 45,924 करोड़ रुपये हो गया। वहीं, पीएटी 4,292 करोड़ रुपये से बढ़कर 4,650 करोड़ रुपये दर्ज किया गया। समेकित आधार पर पहली छमाही में कंपनी का परिचालन राजस्व 88,651 करोड़ रुपये और पीएटी (अल्पमत हिस्सेदारी घटाने के बाद) 9,385 करोड़ रुपये रहा।
कंपनी ने पहली छमाही में 7,600 करोड़ रुपये का पूंजीगत व्यय किया, जिसमें दूसरी तिमाही के 1,425 करोड़ रुपये शामिल हैं। वित्त वर्ष के लिए लगभग 12,900 करोड़ रुपये के पूंजीगत व्यय का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। परिचालन मोर्चे पर दूसरी तिमाही में प्राकृतिक गैस ट्रांसमिशन बढ़कर 130.10 एमएमएससीएमडी और गैस मार्केटिंग वॉल्यूम 97.23 एमएमएससीएमडी रहा।
गेल के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक दीपक गुप्ता ने कहा कि भू-राजनीतिक चुनौतियों के बावजूद कंपनी ने सभी प्रमुख क्षेत्रों में बेहतर प्रदर्शन किया है। ग्राहकों की जरूरतों को पूरा करना और गैस की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करना कंपनी की सर्वोच्च प्राथमिकता रही है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *