यमुना पर शुरू हुई दिल्ली की पहली मनोरंजक क्रूज़ सेवा, नदी पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा

केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने किया उद्घाटन, 30 सीटों वाला इलेक्ट्रिक क्रूज़ पर्यटकों को कराएगा यमुना की सैर

खबर है..
नई दिल्ली।
दिल्ली में नदी पर्यटन (रिवर टूरिज्म) को बढ़ावा देने की दिशा में एक नई शुरुआत हुई है। केंद्रीय पत्तन, पोत परिवहन एवं जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की उपस्थिति में सोनिया विहार में यमुना की पहली मनोरंजक क्रूज़ सेवा का उद्घाटन किया। सोनिया विहार-जगतपुर मार्ग पर शुरू की गई इस सेवा के तहत 30 सीटों वाला इलेक्ट्रिक क्रूज़ जहाज पर्यटकों को लगभग छह किलोमीटर की यमुना यात्रा का अनुभव कराएगा।
इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की नदियों और अंतर्देशीय जलमार्गों को पर्यटन, व्यापार और आर्थिक विकास के महत्वपूर्ण केंद्रों के रूप में विकसित किया जा रहा है। यमुना क्रूज़ सेवा दिल्ली में नदी पर्यटन की नई लहर का संकेत है। इससे लोगों का नदियों के साथ जुड़ाव बढ़ेगा और पर्यटन के नए अवसर पैदा होंगे।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि यमुना दिल्ली के इतिहास, संस्कृति और पहचान का अभिन्न हिस्सा है। यह क्रूज़ सेवा स्थानीय निवासियों और पर्यटकों को नदी से जुड़ने का नया अवसर देगी। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार यमुना के रिवरफ्रंट को आकर्षक सार्वजनिक स्थल के रूप में विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
इस परियोजना को पर्यावरण अनुकूल पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित किया गया है। यहां संगीतमय फव्वारे के साथ आकर्षक लाइट एंड साउंड शो आयोजित किया जाएगा, जिसमें यमुना की पौराणिक कथाओं, सूर्य देव, यमराज और भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं, विशेषकर कालिया दमन का प्रदर्शन होगा। इसके अलावा फूड कोर्ट, शॉपिंग एरिया, बच्चों के लिए प्ले जोन तथा स्केटिंग और रॉक क्लाइम्बिंग जैसी मनोरंजक सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं।
पर्यटकों की सुविधा के लिए फ्लोटिंग जेटी, टिकट काउंटर, ऑनलाइन बुकिंग, प्रतीक्षालय, रेस्ट रूम और रोशनी से जगमगाते रास्ते बनाए गए हैं।
यमुना को राष्ट्रीय जलमार्ग-110 घोषित किया गया है। भारतीय अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण ने केंद्र और दिल्ली सरकार की विभिन्न एजेंसियों के सहयोग से इस परियोजना को विकसित किया है। यह पहल दिल्ली में पर्यटन, स्थानीय रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के साथ स्वच्छ एवं टिकाऊ परिवहन की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *