होली स्पेशल ट्रेनों से मुसाफिरों की राह होगी आसान

खबर है..लखनऊरंगों के पर्व होली पर नियमित ट्रेनों में आरक्षण फुल होने के बाद मुसाफिरों को राहत पहुंचाने के लिए रेलवे ने पुलिस स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। इन ट्रेनों के संचालन से मुसाफिरों की राह आसान होगी। फिरोजपुर कैंट-दानापुर और योग नगरी ऋषिकेश-कोलकाता के बीच होली स्पेशल ट्रेन का संचालन किया जाएगा।रेलवे प्रवक्ता ने बताया कि 04616/4617 फिरोजपुर कैंट-दानापुर-फिरोजपुर कैंट होली स्पेशल फिरोजपुर कैंट से 12 बजे 26 फरवरी और 02 मार्च को चलेगी। वापसी में यह दानापुर से 06.17 बजे 27 फरवरी व 03 और 07 मार्च को चलेगी। यह ट्रेन एसी स्पेशल है।04312/04311 योग नगरी ऋषिकेश-कोलकाता- योग नगरी ऋषिकेश होली स्पेशल ऋषिकेश से 22.20 बजे 26 फरवरी और 02 मार्च को चलेगी। वापसी में यह कोलकाता से 13.55 बजे 28 फरवरी और 04 मार्च को चलेगी। इसमें जनरल, स्लीपर, एसी थर्ड और एसी टू की बोगियां लगाई जाएंगी।इसी क्रम में बडोदरा से गोरखपुर और मऊ के लिए होली स्पेशल ट्रेन का संचालन किया जाएगा।09111/09112 वडोदरा-गोरखपुर-वडोदरा साप्ताहिक होली स्पेशल ट्रेन का संचालन वडोदरा से 23 फरवरी, 02, 09, 16 एवं 23 मार्च को प्रत्येक सोमवार किया जाएगा। वापसी में गोरखपुर से 25 फरवरी, 04, 11, 18 एवं 25 मार्च प्रत्येक बुधवार को चलेगी। वडोदरा से 19.00 बजे चलेगी। वापसी यात्रा में गोरखपुर से 05.00 बजे चलेगी।09195/09196 वडोदरा-मऊ-वडोदरा साप्ताहिक होली स्पेशल ट्रेन का संचालन वडोदरा से 21 एवं 28 फरवरी और 07, 14, 21 एवं 28 मार्च को प्रत्येक शनिवार को किया जाएगा। वापसी में यह मऊ से 22 फरवरी, 01, 08, 15, 22 एवं 29 मार्च को प्रत्येक रविावार को चलेगी। वडोदरा से 19.00 बजे चलेगी। वापसी यात्रा में मऊ से 23.15 बजे चलेगी। दोनों ट्रेनें लखनऊ होकर चलेंगी। इनमें जनरल, स्लीपर, थर्ड और सेकेंड एसी के कोच लगाए जाएंगे।

Read More

लखनऊ से हनुमानगढ़ के लिए नई बस सेवा शुरू

खबर है..लखनऊ उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम प्रबंधतंत्र ने शुक्रवार को लखनऊ से चित्रकूट (हनुमानगढ़) के लिए नई बस सेवा शुरू की। प्रदेश के प्राविधिक शिक्षा एवं उपभोक्ता मामले मंत्री आशीष पटेल एवं परिवहन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह ने 1। मॉल एवेन्यू रोड लखनऊ से नई रोडवेज बस सेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह बस सेवा जनपद चित्रकूट को प्रदेश की राजधानी लखनऊ से जोड़ेगी।इस अवसर पर आशीष पटेल ने कहा कि चित्रकूट के लोगों को इस बस सेवा के प्रारंभ होने से बहुत लाभ होगा। क्षेत्र के लोगों की सुगम आवागमन आवश्यकता को देखते हुए प्रदेश सरकार से इसकी मांग की गई थी। उन्होंने इस बस सेवा के लिए परिवहन मंत्री का आभार व्यक्त किया। यह बस लखनऊ से रायबरेली, ऊंचाहार, सिराथू एवं महाकवि तुलसीदास की जन्मस्थली राजापुर से होते हुए हनुमानगंज तक जाएगी। यह बस सेवा मध्य प्रदेश की सीमा के करीब लगभग 3 किलोमीटर पहले तक संचालित की जा रही है। अब चित्रकूट के ग्रामीण क्षेत्रों से भी लोग प्रदेश की राजधानी लखनऊ बिना किसी परेशानी के आवागमन कर सकेंगे।परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने इस अवसर पर मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आज लखनऊ से नई बस सेवा का प्रारंभ की जा रही है। यह बस प्रतिदिन लखनऊ से चलकर विभिन्न जगहों पर रूकते हुए हनुमानगंज तक जाएगी। उन्होंने बताया कि लगभग 1540 नई रूटो का चिन्हांकन किया गया है। जल्द ही सभी रूटों पर बसों को चलाने की तैयारी विभाग कर रहा है। मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार प्रदेश के सभी गांवो को आवश्यक परिवहन सेवा से जल्द ही जोड़ दिया जाएगा।क्षेत्रीय प्रबंधक लखनऊ और जनसंपर्क अधिकारी अमर सहाय ने बताया कि लखनऊ से यह बस आलमबाग से सुबह 08ः30 बजे रवाना होगी और हनुमानगंज दोपहर 02ः15 पर पहुंचेगी। यह बस रायबरेली 10ः30 बजे, उंचाहार 11ः30 बजे, सिराथू 12ः15 बजे और राजापुर 13ः15 बजे पहुंचेगी । इसी प्रकार हनुमानगंज से 15ः30 बजे चलकर आलमबाग रात्रि 21ः15 पर पहुंचेगी। लौटते समय यह बस राजापुर 16ः30 बजे, सिराथू 17ः30 बजे, उचांहार 18ः15 बजे और रायबरेली 19ः15 बजे पहुंचेगी। उन्होेंने बताया कि लखनऊ से हनुमानगंज तक लगभग 234 किमी की दूरी यह बस तय करेगी। लखनऊ से हनुमानगढ़ का किराया 335 निर्धारित किया गया है। कार्यक्रम में परिवहन विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

Read More

प्रधानमंत्री 22 फरवरी को करेंगे मेरठ का दौरा

खबर है..नई दिल्लीप्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 22 फरवरी शनिवार को उत्तर प्रदेश के मेरठ का दौरा करेंगे। प्रधानमंत्री दोपहर 12.30 बजे शताब्दी नगर नमो भारत स्टेशन पर मेरठ मेट्रो और नमो भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। यहां से वे मेरठ साउथ स्टेशन तक मेट्रो का सफर करेंगे। दोपहर लगभग 1 बजे, प्रधानमंत्री मेरठ में लगभग 12,930 करोड़ रुपए की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे और उन्हें राष्ट्र को समर्पित करेंगे। वे इस अवसर पर सभा को संबोधित भी करेंगे।प्रधानमंत्री 82 किलोमीटर लंबे दिल्ली-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर को राष्ट्र को समर्पित करेंगे। वे भारत की पहली नमो भारत रीजनल रैपिड ट्रांसिट सिस्टम (आरआरटीएस) के शेष खंडों का भी उद्घाटन करेंगे। इनमें दिल्ली में सराय काले खान और न्यू अशोक नगर के बीच का 5 किलोमीटर का खंड और उत्तर प्रदेश में मेरठ साउथ और मोदीपुरम के बीच का 21 किलोमीटर का खंड शामिल है।180 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार के साथ, नमो भारत भारत की पहली क्षेत्रीय तीव्र पारगमन प्रणाली है। नमो भारत से साहिबाबाद, गाजियाबाद, मोदीनगर और मेरठ जैसे प्रमुख शहरी केंद्र दिल्ली से अधिक तेजी से जुड़ पाएगें। कॉरिडोर का शुरुआती स्टेशन सराय काले खान, इस उद्घाटन के साथ शुरू होने वाले चार नमो भारत स्टेशनों में से एक है। यह रणनीतिक रूप से एक प्रमुख मल्टी-मॉडल हब के रूप में स्थित है, जो हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन, दिल्ली मेट्रो की पिंक लाइन, वीर हकीकत राय आईएसबीटी और रिंग रोड को सरलता से जोड़ता है। शुरू होने वाले अन्य तीन नमो भारत स्टेशन शताब्दी नगर, बेगमपुल और मोदीपुरम मेरठ में हैं।प्रधानमंत्री मेरठ दक्षिण और मोदीपुरम के बीच मेरठ मेट्रो सेवा का भी उद्घाटन करेंगे, जो नमो भारत के ही बुनियादी ढांचे पर संचालित होगी। यह देश में अपनी तरह की पहली पहल है। मेरठ मेट्रो भारत की सबसे तेज मेट्रो प्रणाली होगी, जिसकी अधिकतम परिचालन गति लगभग 120 किमी प्रति घंटा होगी।

Read More

चलती ट्रेनों में अवैध वेंडरों पर कसेगा शिकंजा

एडीजी रेलवे और आईआरसीटीसी सीआरएम के बीच खानपान सुधार को लेकर हुई महत्वपूर्ण बैठक खबर है..लखनऊ चलती ट्रेनों में मुसाफिरों को बेहतर खानपान सेवा मिले तथा अवैध वेंडरों पर अंकुश लगाने के लिए बृहस्पतिवार को एडीजी प्रकाश डी और आईआरसीटीसी उत्तर क्षेत्र के मुख्य क्षेत्रीय प्रबंधक अजीत कुमार सिन्हा के साथ महत्वपूर्ण बैठक हुई। बैठक में खानपान सेवाओं को सुचारू प्रबंधन में जीआरपी के सहयोग की चर्चा के साथ-साथ अवैध वेंडरों पर शिकंजा कसने की रणनीति बनी। साथ ही यात्रियों को बेहतर सेवा और कैटरिंग स्टाफ की सुरक्षा पर विस्तार से चर्चा हुई। जिन रूटों पर खानपान को लेकर दिक्कत है, वहां पर संयुक्त अभियान चलने पर सहमति बनी है।आईआरसीटीसी उत्तर क्षेत्र के मुख्य क्षेत्रीय प्रबंधक (सीआरएम) अजीत कुमार सिन्हा ने बताया कि कुछ मामलों को लेकर खानपान की सेवाओं को प्रदान करने वाली टीम को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। जैसे डिब्बों में अत्यधिक भीड़, खानपान का सामान को रखने की कम जगह होना, मुसाफिरों की अत्यधिक मांग का दबाव तथा कुछ क्षेत्रों में अवैध वेंडर्स द्वारा मानक के विपरीत खाद्य पदार्थों को बिक्री करना आदि। इन सब से सेवा प्रदाता टीम को खानपान की सुचारू सुविधा देने में व्यवधान होता है, इसके लिए जीआरपी टीम की सहयोग की अपेक्षा की गई है।गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश के विभिन्न शहरों से करीब 150 मेल-एक्सप्रेस ट्रेनें शुरू होती हैं और लगभग 300 मेल-एक्सप्रेस ट्रेनें प्रदेश से होकर गुजरती हैं। इनमें से प्रमुख ट्रेनों में यात्रियों की सुरक्षा के लिए जीआरपी की एस्कॉर्ट सुविधा भी उपलब्ध रहती है।श्री सिन्हा ने बातचीत के दौरान बताया कि कुछ रेलवे सेक्शन में खानपान सेवा प्रदाताओं को अनधिकृत वेंडर्स की समस्या से झूझना पड़ता है, जिसमे मुख्यतः प्रयाग-फूलपुर, प्रयागराज-वाराणसी, बनारस- भदोही, वाराणसी-रायबरेली, झाँसी-उरई-कानपुर, झाँसी-ललितपुर, इटावा-टुंडला, देवरिया-भटनी-छपरा, खलीलाबाद-गोण्डा-बाराबंकी, हरदोई-शाहजहांपुर-बरेली रेलखंड शामिल है।इस बैठक में जीआरपी लखनऊ जोन के आईजी आरके भारद्वाज भी उपस्थित रहे।

Read More

फ्रांस सरकार के सहयोग से कानपुर में बनेगा विश्वस्तरीय राष्ट्रीय विमान उत्कृष्टता केंद्र

खबर है..नई दिल्लीप्रधानमंत्री श्नरेंद्र मोदी ने कौशल विकास और उद्यमिता मंत्रालय (एमएसडीई) की प्रधानमंत्री कौशल और रोजगार क्षमता परिवर्तन उन्नत आईटीआई (पीएम-एसईटीयू) योजना के तहत फ्रांस की सरकार के सहयोग से कानपुर के राष्ट्रीय कौशल प्रशिक्षण संस्थान (एनएसटीआई) में एरोनॉटिक्स और रक्षा क्षेत्र में कौशल विकास के लिए एक राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्र (एनसीओई) की स्थापना की घोषणा की।प्रधानमंत्री ने यह घोषणा फ्रांस के राष्ट्रपति के साथ एक संयुक्त प्रेस वक्तव्य के दौरान की, जब वे भारत-फ्रांस नवाचार वर्ष और संबंधित सहयोग पहलों का उद्घाटन कर रहें थे, जिनमें एरोनॉटिक्स में कौशल विकास के लिए राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्र भी शामिल है। कानपुर में प्रस्तावित यह उतकृष्टता केंद्र एरोनॉटिक्स में रखरखाव, मरम्मत और ओवरहॉल (एमआरओ), हवाई अड्डा संचालन, रक्षा विनिर्माण और संबद्ध क्षेत्रों में उन्नत कौशल प्रशिक्षण पर ध्यान केंद्रित करेगा। इसे एक विश्व स्तरीय संस्थान के रूप में परिकल्पना की किया गयी है, जो देश के बढ़ते एयरोस्पेस और रक्षा इको-सिस्टम को सहायता प्रदान करते हुए विमानन कौशल में भारत की क्षमता को मजबूत करेगा।केन्द्रीय कौशल विकास एवं उद्यमिता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) व शिक्षा राज्य मंत्री जयंत चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री के दूरदर्शी नेतृत्व में पीएम-एसईटीयू भारत के आईटीआई इको-सिस्टम के भविष्य को नया रूप दे रहा है। कानपुर स्थित राष्ट्रीय विमानन उत्कृष्टता केंद्र न केवल वैश्विक स्तर पर सक्षम विमानन पेशेवरों की एक नई पीढ़ी तैयार करेगा, बल्कि उभरते और उन्नत प्रौद्योगिकी क्षेत्रों में फ्रांस के साथ भारत की रणनीतिक साझेदारी को भी और मजबूत करेगा। इस केंद्र की स्थापना के लिए पीएम-सेतु योजना के अंतर्गत भारत सरकार के कौशल विकास औऱ उद्यमिता मंत्रालय तथा फ्रांस की सरकार के बीच एक आशय पत्र का आदान-प्रदान किया गया है। यह पहल भारत-फ्रांस रणनीतिक साझेदारी तथा वर्ष 2025 में कौशल विकास और व्यावसायिक शिक्षा एवं प्रशिक्षण के क्षेत्र में हस्ताक्षरित समझौता ज्ञापन पर आधारित है।

Read More

रेल मंत्रालय का प्रस्ताव पर मुहर, आधा दर्जन महाप्रबंधकों की नियुक्ति

उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक बने राजेश कुमार पांडे खबर है..नई दिल्ली कैबिनेट कमिटी आफ अपॉइंटमेंट ने रेल मंत्रालय के उसे प्रस्ताव पर मोहर लगा दी, जिसमें आधा दर्जन अधिक नये महाप्रबंधकों की नियुक्ति का किया जाना था। नई नियुक्तियों में राजेश कुमार पांडे उत्तर रेलवे दिल्ली के नए महाप्रबंधक बनाए गए हैं जबकि शलभ गोयल को सेंट्रल रेलवे मुंबई का महाप्रबंधक नियुक्त किया गया है।डीओपीटी के परिपत्र के अनुसार मनोरंजन प्रधान को रेल व्हील फैक्ट्री बेंगलुरु, आशुतोष पंत को बनारस लोकोमोटिव वर्क्स वाराणसी, मोहित चंद्र को चितरंजन लोकोमोटिव वर्क्स चितरंजन, आशीष बंसल को एनएफ रेलवे कंस्ट्रक्शन गुवाहाटी और अजय नंदन को रेल कोच फैक्ट्री कपूरथला का महाप्रबंधक तथा प्रभास धनसाना को आरडीएसओ का महानिदेशक बनाया गया है।

Read More

हरियाणा के तीन मंत्री मिले भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन से

खबर है..नई दिल्ली हरियाणा के शहरी स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल, खाद्य आपूर्ति राज्यमंत्री राजेश नागर और खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने मंगलवार को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन से मुलाकात की। दिल्ली स्थित भाजपा के राष्ट्रीय कार्यालय में यह शिष्टाचार भेंट हुई। इस दौरान भाजपा संगठन से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई। इस दौरान पार्टी द्वारा उनके विधानसभा क्षेत्रों में चलाए जा रहे विभिन्न कार्यक्रमों व प्रकल्पों को लेकर बातचीत हुई।

Read More

राजभाषा के प्रचार प्रसार में निरंतर प्रगति पर : डीआरएम

खबर है..लखनऊपूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के डीआरएम गौरव अग्रवाल ने कहा कि राजभाषा के प्रयोग-प्रसार के मामले में लखनऊ मंडल का योगदान निरन्तर प्रगति की ओर अग्रसर है।श्री अग्रवाल सोमवार को डीआरएम कार्यालय में आयोजित पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ मण्डल ’राजभाषा कार्यान्वयन समिति’ की प्रथम तिमाही बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने बताया कि राजभाषा अधिनियम 1963 यथासंशोधित 1967 की धारा 3(3) के अन्तर्गत वर्णित सभी चौदह दस्तावेजों को नियमानुसार विद्वभाषी रूप में जारी किया जाना अनिवार्य हैं। राजभाषा विभाग की त्रैमासिक पत्रिका ’प्रगति’ एवं ’लखनऊ दर्पण’ समाचार बुलेटिन का नियमित प्रकाशन किया जा रहा है। बैठक की अध्यक्षता करते हुए उन्होंने अपील करते हुए कहा कि सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से मेरा आग्रह है कि पत्रिका के लिए अपनी लिखी रचनाएं नियमित भेजते रहे। उक्त प्रकाशित रचनाओं पर प्रोत्साहन राशि भी दिए जाने की व्यवस्था होती है।इससे पहले अपर मुख्य राजभाषा अधिकारी सह अपर मण्डल रेल प्रबंधक (इंफ्रा0) भुवनेश सिंह ने अपने स्वागत सम्बोधन में कहा कि मंडल के कार्यक्षेत्र में कार्य नियमानुसार हिंदी/द्विभाषी रूप में निष्पादित किए जा रहे हैं। सरकारी कामकाज में राजभाषा हिंदी का प्रयोग करना हमारी संवैधानिक जिम्मेदारी है। मुझे खुशी है कि लखनऊ मंडल में इसका अनुपालन सुनिश्चित किया जा रहा है।सभी शाखाधिकारी एवं अन्य सदस्यगण, मंडल की प्रत्येक त्रैमासिक बैठक में अवश्य उपस्थित हों। साथ ही, स्टेशन राजभाषा कार्यान्वयन समितियों की त्रैमासिक बैठकें कैलेण्डर के अनुसार जारी तिथियों पर सम्पन्न कराकर उसका कार्यवृत्त एक सप्ताह के भीतर मंडल कार्यालय भिजवाना सुनिश्चित करें।इसी कड़ी में वरिष्ठ मण्डल सुरक्षा आयुक्त चन्द्र मोहन मिश्रा द्वारा ’साइबर अपराध एवं साइबर हाइजीन’ एवं ’रेलवे अधिनियम-नियम 1989 की धारा 143 के अन्तर्गत अवैध टिकट दलाली’ की रोकथाम संबंधित विषयों पर व्याख्यान दिया गया।जनसम्पर्क अधिकारी सह राजभाषा अधिकारी महेश गुप्ता ने राजभाषा कार्यान्वयन समिति की बैठक का संचालन करते हुए रेलवे बोर्ड की मानक कार्यसूची के अनुसार विभागवार रपट प्रस्तुत किया। कार्यक्रम के अन्त में अपर मण्डल रेल प्रबन्धक/परिचालन श्रीमती नीतू ने धन्यवाद ज्ञापित किया गया।इस अवसर पर सभी शाखाधिकारी व अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित थे।

Read More

निर्धारित स्टॉप पर बस को अनिवार्य रूप से रोकें : एमडी

खबर है..लखनऊ उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम के प्रबंध निदेशक प्रभु एन सिंह ने निर्देश दिए कि सभी बसों का संचालन निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार सुनिश्चित किया जाए। साथ ही सभी परिचालकों एवं चालकों को स्पष्ट रूप से निर्देशित किया कि वे प्रत्येक निर्धारित स्टॉप पर बस को अनिवार्य रूप से रोकें। यात्रियों को बैठाकर उनके गंतव्य तक पहुँचाएँ, जिससे यात्रियों की सुविधा सुनिश्चित होने के साथ-साथ निगम के राजस्व में भी वृद्धि हो सके।श्री सिंह सोमवार को वीडियो कॉन्फ़्रेंसिंग के माध्यम से समस्त क्षेत्रों की समीक्षा बैठक को संबोधित कर रहे थे।बैठक में निगम मुख्यालय के वरिष्ठ अधिकारियों एवं सभी क्षेत्रीय प्रबंधकों द्वारा विभागीय प्रगति, संचालन व्यवस्था तथा यात्री सुविधाओं से संबंधित विभिन्न विषयों की विस्तृत समीक्षा की गई।श्री सिंह ने यह भी निर्देश दिए कि समस्त जांच स्कॉड दल द्वारा दिन रात्रि दोनों समय प्रभावी जांच व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि निगम की आय में निरंतर वृद्धि सुनिश्चित की जा सके।

Read More

आज से शुरू होंगी यूपी बोर्ड परीक्षाएं, 53 लाख से अधिक परीक्षार्थी होंगे शामिल

खबर है.. लखनऊ उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की वर्ष 2026 की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षाएं 18 फरवरी से 12 मार्च तक आयोजित की जाएंगी। इस वर्ष कुल 53,37,778 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं, जिनमें हाईस्कूल के 27,61,696 और इंटरमीडिएट के 25,76,082 छात्र-छात्राएं शामिल हैं। परीक्षाओं को पूरी तरह नकलविहीन, पारदर्शी और सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने के लिए प्रदेश में कुल 8033 परीक्षा केन्द्र बनाए गए हैं, जिनमें 596 राजकीय, 3453 अशासकीय सहायता प्राप्त और 3984 स्ववित्त पोषित विद्यालय शामिल हैं। राज्य स्तरीय कंट्रोल रूम का शुभारंभमाध्यमिक शिक्षा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गुलाब देवी ने मंगलवार को शिक्षा निदेशक (माध्यमिक), लखनऊ शिविर कार्यालय में स्थापित राज्य स्तरीय कंट्रोल रूम का उद्घाटन किया। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप इस वर्ष परीक्षा व्यवस्था को पूरी तरह तकनीक आधारित और पारदर्शी बनाया गया है। 18 जनपदों को संवेदनशील घोषित किया गया है, जबकि 222 परीक्षा केन्द्रों को अति संवेदनशील और 683 को संवेदनशील श्रेणी में रखा गया है। इन केन्द्रों पर एसटीएफ और स्थानीय अभिसूचना इकाई को पूरी परीक्षा अवधि में सक्रिय रखा जाएगा तथा अति संवेदनशील केन्द्रों का दिन में दो बार निरीक्षण सुनिश्चित किया गया है। हर कक्ष में सीसीटीवी और लाइव वेबकास्टिंगपरीक्षा की निगरानी के लिए प्रत्येक परीक्षा कक्ष में वॉयस रिकॉर्डरयुक्त दो सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिनके साथ राउटर, डीवीआर और हाई-स्पीड इंटरनेट की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। परीक्षा अवधि की लाइव मॉनिटरिंग वेबकास्टिंग के माध्यम से की जाएगी। परीक्षा केन्द्रों पर बनाए गए स्ट्रांग रूम 24×7 सीसीटीवी निगरानी में रहेंगे। इसके अतिरिक्त सभी 75 जनपदों के प्रत्येक परीक्षा केन्द्र के स्ट्रांग रूम, प्रश्नपत्र वितरण कक्ष और उत्तर पुस्तिका सीलिंग-पैकिंग कक्ष की भी ऑनलाइन मॉनिटरिंग की जाएगी। राज्य स्तरीय पर्यवेक्षकों की नियुक्तिव्यवस्था को सुदृढ़ रखने के लिए 8033 केन्द्र व्यवस्थापक, 8033 बाह्य केन्द्र व्यवस्थापक, 8033 स्टैटिक मजिस्ट्रेट, 1210 सेक्टर मजिस्ट्रेट और 427 जोनल मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए हैं। साथ ही 69 मंडलीय और 440 जनपदीय सचल दल गठित किए गए हैं। शासन स्तर से सभी 75 जनपदों और 18 मंडलों के लिए राज्य स्तरीय पर्यवेक्षकों की नियुक्ति भी की गई है, ताकि परीक्षा संचालन में किसी प्रकार की शिथिलता न रहे। लखनऊ से लेकर क्षेत्रीय कार्यालयों तक कंट्रोल सेंटरपरीक्षार्थियों और अभिभावकों की सहायता के लिए राज्य स्तरीय कंट्रोल रूम, लखनऊ में टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 18001806607 एवं 18001806608 जारी किए गए हैं। इसके अतिरिक्त माध्यमिक शिक्षा परिषद, प्रयागराज के टोल-फ्री नंबर 18001805310 एवं 18001805312 भी सक्रिय रहेंगे। ईमेल, फेसबुक, एक्स हैंडल और व्हाट्सएप के माध्यम से भी शिकायत एवं सुझाव दर्ज कराए जा सकेंगे। प्रयागराज मुख्यालय के साथ-साथ वाराणसी, मेरठ, बरेली और गोरखपुर के क्षेत्रीय कार्यालयों में भी कंट्रोल सेंटर स्थापित किए गए हैं। नकल रोकने के लिए विशेष सुरक्षा प्रबंधनकल रोकने के लिए विशेष सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं। आकस्मिक स्थिति के लिए सभी विषयों के अतिरिक्त रिजर्व प्रश्नपत्र सेट डबल लॉक अलमारी में सुरक्षित रखे गए हैं। उत्तर पुस्तिकाओं में चार रंगों में क्रमांक, परिषद का लोगो तथा सूक्ष्म “UPMSP” अंकन सहित विशेष सुरक्षा फीचर जोड़े गए हैं, जिससे अदला-बदली की संभावना समाप्त हो सके। इस वर्ष पहली बार यूपी संस्कृत शिक्षा परिषद की परीक्षा की भी ऑनलाइन मॉनीटरिंग की जाएगी। अनुचित क्रियाकलाप पर होगा सख्त एक्शनप्रदेश में लागू ‘उत्तर प्रदेश सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों का निवारण) अधिनियम, 2024’ के तहत प्रश्नपत्र निर्माण, मुद्रण, वितरण, मूल्यांकन आदि में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी पाए जाने पर कठोरतम कार्रवाई का प्रावधान है। मंत्री ने कहा कि सार्वजनिक परीक्षाओं में कदाचार युवाओं के भविष्य के साथ अन्याय है और सरकार ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने सभी परीक्षार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए अपील की कि वे बिना तनाव और भय के आत्मविश्वास के साथ परीक्षा दें तथा इसे एक सकारात्मक अवसर के रूप में लें। इस अवसर पर अपर मुख्य सचिव (बेसिक और माध्यमिक शिक्षा) पार्थ सारथी सेन शर्मा, सचिव, माध्यमिक शिक्षा चन्द्र भूषण सिंह, महानिदेशक स्कूल शिक्षा मोनिका रानी, विशेष सचिव, माध्यमिक शिक्षा उमेश चन्द्र और शिक्षा निदेशक (माध्यमिक) डॉ महेन्द्र देव उपस्थित रहे। एक नजर में परीक्षा— पंजीकृत कुल परीक्षार्थी 53,37,778— हाईस्कूल के 27,61,696— इंटरमीडिएट के 25,76,082

Read More