26-27 अक्टूबर को संविधान सदन में होगा 12वां ब्रिक्स संसदीय मंच, प्रधानमंत्री मोदी भी होंगे शामिल
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने दी जानकारी, जन-केंद्रित विकास के लिए संसदों को मजबूत बनाने पर होगा मंथन खबर है..नई दिल्लीभारत की मेजबानी में 12वां ब्रिक्स संसदीय मंच (BRICS Parliamentary Forum) 26 और 27 अक्टूबर 2026 को नई दिल्ली स्थित संविधान सदन के केंद्रीय कक्ष में आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन का उद्घाटन 26 अक्टूबर को होगा। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने गुरुवार 22 अक्टूबर को संसद भवन में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह जानकारी दी।ओम बिरला ने कहा कि यह मंच भारत की संसदीय कूटनीति के इतिहास में एक नया अध्याय जोड़ेगा। इसमें ब्रिक्स सदस्य एवं साझेदार देशों की संसदों के पीठासीन अधिकारी, संसदीय नेता, केंद्रीय मंत्री, राज्य विधानमंडलों के पीठासीन अधिकारी, सांसद और अन्य गणमान्य व्यक्ति हिस्सा लेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी कार्यक्रम में शामिल होंगे और सम्मेलन में भाग लेने आए विभिन्न देशों के प्रतिनिधिमंडलों के नेताओं से मुलाकात करेंगे।उन्होंने बताया कि इस वर्ष मंच का मुख्य विषय ‘जन-केंद्रित विकास के लिए संसदों को मजबूत बनाना’ है। इसके तहत संसदों की भूमिका, संस्थागत मजबूती और भविष्य की चुनौतियों पर व्यापक विचार-विमर्श किया जाएगा। सम्मेलन में चार प्रमुख विषयों पर उच्चस्तरीय सत्र आयोजित होंगे। इनमें बेहतर भविष्य के लिए संस्थागत मजबूती और संसदीय भूमिका, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) एवं डिजिटल तकनीक में मानव-केंद्रित नवाचार, संसदीय सहयोग के माध्यम से वैश्विक शासन व्यवस्था को अधिक प्रतिनिधिक बनाना तथा सतत और समावेशी विकास सुनिश्चित करना शामिल है।इसके अतिरिक्त, ब्रिक्स सदस्य एवं साझेदार देशों की संसदों की अंतरराष्ट्रीय मामलों संबंधी समितियों के अध्यक्षों की विशेष बैठक होगी। इसमें संसदीय कूटनीति, क्षमता निर्माण और सर्वोत्तम कार्यप्रणालियों के आदान-प्रदान पर चर्चा की जाएगी। सम्मेलन के दौरान द्विपक्षीय एवं बहुपक्षीय बैठकें, संसदीय मैत्री समूहों के साथ संवाद और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। भारत के उपराष्ट्रपति विशिष्ट अतिथियों के सम्मान में भोज देंगे। प्रतिनिधिमंडल के सदस्य भारतीय संसद का भ्रमण करने के साथ दिल्ली के सांस्कृतिक स्थलों का भी दौरा करेंगे। लोकसभा अध्यक्ष के अनुसार, प्रतिनिधिमंडलों के सचिवों की बैठक 25 अक्टूबर को होगी, जिसमें मंच के संयुक्त वक्तव्य को अंतिम रूप दिया जाएगा। सम्मेलन का समापन 27 अक्टूबर को होगा।
