ट्रेनों और रेलवे स्टेशनों पर खानपान इकाइयों का होगा स्वतंत्र डिजिटल ऑडिट, 24 घंटे में रिपोर्ट और लापरवाही पर होगी कार्रवाई
खबर है..
नई दिल्ली
भारतीय रेलवे में यात्रियों को सुरक्षित, स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने की दिशा में भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम (IRCTC) ने क्वालिटी काउंसिल ऑफ इंडिया (QCI) के साथ समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए हैं। इस साझेदारी के तहत ट्रेनों में चलने वाली खानपान इकाइयों और रेलवे स्टेशनों पर स्थित खानपान केंद्रों का स्वतंत्र तृतीय-पक्ष ऑडिट किया जाएगा।
इस व्यवस्था का उद्देश्य खाद्य सुरक्षा, स्वच्छता और खानपान सेवाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करना है। ऑडिट के दौरान भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) के निर्धारित नियमों के अनुपालन की जांच की जाएगी। इसके लिए प्रमाणित पेशेवरों की ओर से बिना पूर्व सूचना के त्रैमासिक और छह माह के अंतराल पर निरीक्षण किए जाएंगे।
समझौते पर IRCTC के महाप्रबंधक (गुणवत्ता एवं परियोजनाएं) सुधीर वारियर और QCI के प्रधान सलाहकार एवं प्रमुख (PPID) सुब्रतो घोष ने हस्ताक्षर किए। इस अवसर पर QCI की ओर से NABL के सीईओ रमानंद नागेंद्र शुक्ला और सहायक महासचिव मोहित पाधी तथा IRCTC के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक राहुल हिमालियन और निदेशक (खानपान सेवाएं) मनोज कुमार शर्मा उपस्थित रहे।
डिजिटल तकनीक से होगी निगरानी: ऑडिट प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए QCI की डिजिटल प्रणाली का इस्तेमाल किया जाएगा। निरीक्षक मोबाइल एप के माध्यम से जियो-टैगिंग, समय की मुहर और तस्वीरों सहित निरीक्षण का रिकॉर्ड तैयार करेंगे। निरीक्षण रिपोर्ट 24 घंटे के भीतर प्रस्तुत करनी होगी। इससे कमियों की शीघ्र पहचान कर संबंधित खानपान संचालकों के विरुद्ध सुधारात्मक एवं निवारक कार्रवाई (CAPA) की निगरानी की जा सकेगी।
भोजन की गुणवत्ता और स्वच्छता पर विशेष जोर : इस व्यवस्था के तहत भोजन तैयार करने वाले स्थानों की साफ-सफाई, कर्मचारियों की चिकित्सकीय फिटनेस, सुरक्षात्मक उपकरणों के इस्तेमाल और उनके व्यवहार की जांच होगी। इसके अलावा शाकाहारी और मांसाहारी कच्ची खाद्य सामग्री को अलग रखने, भोजन के उचित तापमान पर भंडारण और कीट नियंत्रण जैसे मानकों की भी निगरानी की जाएगी।
समझौते के तहत भविष्य में यात्री संतुष्टि सर्वेक्षण, खानपान संबंधी बुनियादी ढांचे का ऑडिट और कर्मचारियों के विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम भी शुरू किए जा सकेंगे। IRCTC और QCI की इस साझेदारी से रेलवे खानपान सेवाओं में जवाबदेही, पारदर्शिता और गुणवत्ता सुधार को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। इसका प्रमुख उद्देश्य यात्रियों को सुरक्षित भोजन उपलब्ध कराना और रेलवे की खानपान व्यवस्था में स्वच्छता के मानकों को मजबूत करना है।
