रेलवे का विशेष अभियान-6 पूरा, एक लाख से अधिक चलाए स्वच्छता अभियान
खबर है..
नई दिल्ली
भारतीय रेलवे ने स्वच्छता, संसाधनों के बेहतर उपयोग और प्रशासनिक कार्यकुशलता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 2 से 31 अक्टूबर 2026 तक चलाए गए विशेष अभियान-6 को सफलतापूर्वक पूरा कर लिया है। इस अभियान के तहत देशभर के रेलवे जोन, मंडलों, उत्पादन इकाइयों, सार्वजनिक उपक्रमों और अन्य रेलवे प्रतिष्ठानों में व्यापक स्तर पर विभिन्न गतिविधियां संचालित की गईं।
अभियान के दौरान रेलवे स्टेशनों, कार्यालयों, कार्यशालाओं और अन्य परिसरों में एक लाख से अधिक स्वच्छता अभियान चलाए गए। वहीं, कबाड़ के निस्तारण से रेलवे को 628.49 करोड़ रुपये की आय हुई, जो निर्धारित 600 करोड़ रुपये के लक्ष्य से अधिक है। कबाड़, अनुपयोगी सामग्री और अन्य अनावश्यक वस्तुओं को हटाकर 6,20,121 वर्ग फुट जगह भी खाली कराई गई।
इस वर्ष विशेष अभियान का प्रमुख केंद्र ई-कचरे का प्रभावी संग्रह, पृथक्करण और वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण रहा। इसके तहत 1.50 लाख से अधिक ई-कचरा इकाइयों का निपटान किया गया, जिससे रेलवे को 10.43 करोड़ रुपये की आय प्राप्त हुई। इससे पर्यावरण संरक्षण और जिम्मेदार कचरा प्रबंधन को भी बढ़ावा मिला। अभियान के दौरान पुरानी भौतिक एवं इलेक्ट्रॉनिक फाइलों की समीक्षा, जन शिकायतों और अपीलों का निस्तारण, संसदीय आश्वासनों, वीआईपी संदर्भों तथा अन्य लंबित मामलों के समाधान पर भी विशेष ध्यान दिया गया। इसका उद्देश्य कार्यालयी व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, व्यवस्थित और प्रभावी बनाना रहा।
5,884 स्टेशनों पर हुआ रेल जन संवाद : नागरिकों की भागीदारी बढ़ाने के लिए 22 अक्टूबर को देशभर के 5,884 रेलवे स्टेशनों पर एक साथ रेल जन संवाद आयोजित किया गया। इसमें वरिष्ठ रेलवे अधिकारियों और रेल यात्रियों के बीच सीधा संवाद हुआ। यात्रियों को अपनी समस्याएं, सुझाव और विचार अधिकारियों के समक्ष रखने का अवसर मिला। रेलवे के अनुसार, विशेष अभियान-6 की उपलब्धियां स्वच्छता, संसाधनों के कुशल प्रबंधन, पर्यावरण संरक्षण और नागरिक-केंद्रित प्रशासन के प्रति भारतीय रेलवे की प्रतिबद्धता को दर्शाती हैं।
