बीईएमएल ने बेंगलुरु में निकाली सतर्कता वॉकथॉन, ईमानदारी और पारदर्शिता का दिया संदेश
500 से अधिक अधिकारियों और कर्मचारियों ने लिया हिस्सा, भ्रष्टाचार के खिलाफ शिकायतों के महत्व और शिकायतकर्ताओं की पहचान सुरक्षित रखने के प्रति किया जागरूक खबर है..बेंगलुरुरक्षा मंत्रालय के अधीन सार्वजनिक क्षेत्र के प्रमुख उपक्रम बीईएमएल लिमिटेड ने सतर्कता जागरूकता सप्ताह 2026 के तहत बेंगलुरु में भव्य सतर्कता वॉकथॉन का आयोजन किया। विजिलेंस स्टडी सर्किल, बेंगलुरु (वीएससीबी) के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य सार्वजनिक जीवन में ईमानदारी, पारदर्शिता और जवाबदेही को बढ़ावा देना था। इसका आयोजन केंद्रीय सतर्कता आयोग (सीवीसी) के दिशा-निर्देशों के अनुरूप किया गया।ऐतिहासिक कांतीरवा स्टेडियम के प्रवेश द्वार से शुरू हुए इस कार्यक्रम में विभिन्न सार्वजनिक उपक्रमों और संस्थानों के 500 से अधिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इनमें बीईएमएल, एचएएल, बीईएल, आईटीआई लिमिटेड, बीएमआरसीएल और केनरा बैंक सहित अन्य संस्थानों के प्रतिनिधि शामिल रहे। विभिन्न संगठनों के मुख्य सतर्कता अधिकारियों (सीवीओ), निदेशकों और वरिष्ठ अधिकारियों ने भी सहभागिता की। आईपीएस अधिकारी डॉ. साजिद फरीद शापू तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने चेकर्ड झंडे दिखाकर वॉकथॉन को रवाना किया।प्रतिभागियों ने स्टेडियम और आसपास के प्रमुख मार्गों पर मार्च करते हुए ‘मैं भ्रष्टाचार के खिलाफ हूं, क्या आप हैं?’ और ‘समृद्धि के लिए सत्यनिष्ठा’ जैसे नारों के माध्यम से नागरिकों को जागरूक किया।कार्यक्रम में शिकायतों के महत्व पर विशेष जोर दिया गया। आम नागरिकों को ‘शिकायतें क्यों महत्वपूर्ण हैं’ विषय पर पर्चे वितरित किए गए। इनमें मुख्य सतर्कता अधिकारी (सीवीओ) के समक्ष शिकायत करने तथा पहचान की सुरक्षा के साथ जनहित प्रकटीकरण एवं मुखबिर संरक्षण (पीआईडीपीआई) व्यवस्था के तहत शिकायत दर्ज कराने की जानकारी दी गई।समापन अवसर पर बीईएमएल के मुख्य सतर्कता अधिकारी डॉ. साजिद फरीद शापू ने कहा कि सतर्कता जागरूकता सप्ताह केवल औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि ईमानदारी के प्रति प्रतिबद्धता दोहराने का अवसर है। उन्होंने तथ्यों पर आधारित वास्तविक शिकायत को राष्ट्रीय सेवा का महत्वपूर्ण कार्य बताया। इस पहल ने संस्थागत सहयोग और जनभागीदारी के माध्यम से भ्रष्टाचार मुक्त समाज तथा विकसित भारत @ 2047 के संकल्प को मजबूत करने का संदेश दिया।
