उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल में संगीतमय सुंदरकांड पाठ एवं भंडारे का आयोजन

खबर है..लखनऊ।हजरतगंज स्थित उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के डीआरएम कार्यालय परिसर में मंगलवार को वाणिज्य विभाग की ओर से संगीतमय सुंदरकांड पाठ एवं भंडारे का भव्य आयोजन किया गया। सुंदरकांड पाठ एवं श्री हनुमान जी के भजनों की मनोहारी प्रस्तुति से पूरा परिसर भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया।कार्यक्रम का शुभारंभ विधि-विधान से भगवान श्रीराम एवं संकटमोचक श्री हनुमान जी की पूजा-अर्चना के साथ हुआ। पंडित सिद्धनाथ दीक्षित ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा संपन्न कराई। इसके उपरांत सुंदरकांड पाठ एवं भजनों का आयोजन हुआ, जिसमें उपस्थित रेलकर्मी एवं श्रद्धालु भक्ति रस में भाव-विभोर हो गए।सुंदरकांड पाठ के समापन के बाद भंडारे का प्रसाद अर्पित किया गया और तत्पश्चात भंडारे का आयोजन शुरू हुआ, जो देर शाम तक चलता रहा। बड़ी संख्या में रेलकर्मियों, अधिकारियों एवं श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ अर्जित किया।इस अवसर पर उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के एडीआरएम शूरवीर सिंह चौहान, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (पीएस) समर्थ गुप्ता, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (एफएस) प्रशांत कुमार सहित अनेक अधिकारी एवं रेलकर्मी उपस्थित रहे। सभी ने भगवान श्रीराम एवं पवनपुत्र हनुमान जी की आराधना कर देश, समाज एवं समस्त मानवता के कल्याण की कामना की।

Read More