हाईवे पर अब मिलेगी तुरंत मदद, NHAI बनाएगा वाहन मरम्मत और पंचर सेवा केंद्र

खबर है..
नई दिल्ली
राष्ट्रीय राजमार्गों और एक्सप्रेसवे पर यात्रा करने वालों के लिए बड़ी राहत की खबर है। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) की पूर्ण स्वामित्व वाली कंपनी नेशनल हाइवेज लॉजिस्टिक्स मैनेजमेंट लिमिटेड (NHLML) ने देशभर के राष्ट्रीय राजमार्गों और एक्सप्रेसवे पर वाहन मरम्मत एवं पंचर ठीक करने की सुविधाएं विकसित करने के निर्देश दिए हैं।
इस पहल का उद्देश्य यात्रियों और मालवाहक वाहनों को सड़क पर वाहन खराब होने या टायर पंचर जैसी समस्याओं के दौरान त्वरित सहायता उपलब्ध कराना है। इससे यात्रा में होने वाली देरी कम होगी, सड़क सुरक्षा को बढ़ावा मिलेगा और हाईवे पर सफर अधिक सुगम एवं सुरक्षित बनेगा।
एनएचएलएमएल ने अपने क्षेत्रीय कार्यालयों को निर्देशित किया है कि वे वेसाइड एमिनिटीज (WSA) केंद्रों पर वाहन मरम्मत की दुकानें और पंचर सेवा केंद्र स्थापित करने की प्रक्रिया को तेज करें। वर्तमान में कई राष्ट्रीय राजमार्गों और एक्सप्रेसवे पर ऐसी सुविधाओं की कमी महसूस की जा रही है, जिससे वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
एनएचएलएमएल सार्वजनिक-निजी भागीदारी (PPP) मॉडल के तहत आधुनिक सड़क किनारे सुविधाओं का नेटवर्क विकसित कर रहा है। इन केंद्रों पर पहले से उपलब्ध सुविधाओं के अलावा अब वाहन मरम्मत और पंचर सेवाएं भी शामिल की जाएंगी।
ये वेसाइड एमिनिटीज केंद्र यात्रियों और वाणिज्यिक वाहन चालकों के लिए एकीकृत सेवा केंद्र के रूप में विकसित किए जा रहे हैं, जहां आवश्यक सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध होंगी। इससे राष्ट्रीय राजमार्गों पर विश्वस्तरीय सुविधाएं विकसित करने और निर्बाध परिवहन व्यवस्था सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी। NHAI का यह कदम देशभर में सुरक्षित, सुविधाजनक और उपयोगकर्ता-केंद्रित राजमार्ग नेटवर्क विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *