- लखनऊ-वाराणसी शटल सुपरफास्ट तथा वाराणसी-बहराइच इंटरसिटी
- झटके से मिलेगी राहत और मुसाफिरों का सफर होगा सुरक्षित
- 25 जून से दोनों ट्रेनों का संचालन होगा एलएचबी रेक से
खबर है..
लखनऊ। दैनिक यात्रियों के लिए अच्छी खबर यह है कि उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल प्रशासन ने लखनऊ– वाराणसी शटल सुपरफास्ट (24203/24204) एवं वाराणसी – बहराइच इंटरसिटी एक्सप्रेस (14213/14214) का संचालन अब लिंके होफमैन बुश (एलएचबी) रेक से करने का निर्णय लिया है। इस बदलाव से हजारों मुसाफिरों का सफर पहले से सुविधाजनक, आरामदायक और सुरक्षित होगा। साथ ही दोनों ट्रेनों में यात्रियों की क्षमता भी बढ़ जाएगी।मुसाफिरों को नई सुविधा 25 जून से मिलेगी।
मौजूदा वक्त में दोनों ट्रेनों का संचालन इंटीग्रल कोच फैक्ट्री (आईसीएफ) रेक से किया जा रहा है। दैनिक यात्रियों के लिए दोनों ट्रेन महत्वपूर्ण हैं। प्रतिदिन इन दोनों ट्रेनों के जरिए हजारों मुसाफिर सफर करते हैं। दैनिक यात्रियों का सफर अब और सुहाना होगा क्योंकि अब पारंपरिक रेक के स्थान पर आधुनिक एलएचबी रेक से दोनों ट्रेनों का संचालन 25 जून से किया जाएगा।
उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक समर्थ गुप्ता ने बताया कि एलएचबी रेक आधुनिक तकनीक से निर्मित हैं, जिससे यात्रा पहले की तुलना में अधिक सुरक्षित और आरामदायक होती है। इन कोचों में झटके और कंपन कम महसूस होते हैं, जिससे लंबी दूरी की यात्रा अधिक सुगम बनती है। इनकी अधिकतम गति क्षमता पारंपरिक कोचों की तुलना में अधिक होती है, जिससे बेहतर परिचालन में सहायता मिलती है। शोर कम होता है और बेहतर सस्पेंशन से झटके ज्यादा महसूस नहीं होते। दुर्घटना की स्थिति में एलएचबी कोच अधिक सुरक्षित माने जाते हैं, क्योंकि इनमें एंटी-क्लाइम्बिंग (एक-दूसरे पर चढ़ने से रोकने वाली) व्यवस्था होती है। एलएचबी कोचों में बेहतर ब्रेकिंग प्रणाली एवं उन्नत कपलिंग व्यवस्था होने से ट्रेन संचालन अधिक सुरक्षित और विश्वसनीय बनता है।
