चारबाग रेलवे स्टेशन के सेकंड एंट्री का काम सितंबर में होगा पूरा

  • उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक ने निर्माणाधीन स्टेशन भवन का किया निरीक्षण
  • उच्च गुणवत्ता के साथ काम पूरा हो ताकि यात्रियों को मिल सके आधुनिक सुविधाएं : महाप्रबंधक

खबर है..
लखनऊ
उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक अशोक कुमार वर्मा ने शुक्रवार को चारबाग रेलवे स्टेशन के द्वितीय प्रवेश द्वार (सेकंड एंट्री) स्टेशन के निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। स्टेशन के द्वितीय प्रवेश द्वार पर निर्माणाधीन स्टेशन भवन का विस्तृत निरीक्षण के दौरान उन्होंने परियोजना की प्रगति, निर्माण की गुणवत्ता, सुरक्षा मानकों एवं कार्य की समयबद्धता की गहन समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्था को निर्देशित किया कि कार्य को निर्धारित समयसीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता मानकों के साथ पूरा करें ताकि मुसाफिरों को आधुनिक सुविधाएं मिल सके। सितंबर में सेकंड एंट्री स्टेशन का निर्माण कार्य पूरा होगा।
उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक कुलदीप तिवारी ने बताया कि चारबाग (लखनऊ) स्टेशन पुनर्विकास परियोजना के तहत सेकंड एंट्री स्टेशन को आधुनिक वास्तुशिल्प, उन्नत आधारभूत संरचना तथा विश्वस्तरीय यात्री सुविधाओं से सुसज्जित किया जा रहा है। 420.7 करोड़ की परियोजना के तहत स्टेशन भवन का निर्माण किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि 30 सितंबर तक काम पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने बताया कि महाप्रबंधक ने विस्तृत निरीक्षण के बाद यह भी निर्देशित किया कि निर्माण कार्य चरणबद्ध एवं सुव्यवस्थित रूप से संचालित हो, जिससे यात्रियों को भविष्य में सुरक्षित, सुगम एवं सुविधाजनक यात्रा अनुभव उपलब्ध कराया जा सके। उन्होंने अधिकारियों से समन्वय के साथ कार्य करते हुए परियोजना की गति बनाए रखने पर बल दिया।
इस अवसर पर उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के डीआरएम सुनील कुमार वर्मा, डीआरएम मुरादाबाद मंडल श्रीमती विनीता श्रीवास्तव, आरएलडीए के मुख्य परियोजना प्रबंधक यादव, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक कुलदीप तिवारी, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक रजनीश कुमार श्रीवास्तव समेत मंडल के अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *