- गर्मी की छुट्टियों में आईआरसीटीसी ने ‘भारत गौरव टूरिस्ट ट्रेन’ चलाने का लिया निर्णय
- 12 से 23 जून के बीच 11 रात और 12 दिन की होगी ज्योतिर्लिंग की यात्रा
- दक्षिण भारत की यात्रा 29 जून से 10 जुलाई के बीच 11 रात एवं 12 दिन का होगा सफर
- ‘पहले आओ पहले पाओ’ के आधार पर होगी भारत गौरव पर्यटक ट्रेनों में बुकिंग
- इस टूर पैकेज में पर्यटकों को LTC और EMI की भी सुविधा
खबर है..
लखनऊ
भारतीय रेल खानपान एवं पर्यटन निगम (आईआरसीटीसी) ने गर्मी की छुट्टियों को लेकर भारत गौरव पर्यटक ट्रेनों को चलाने का निर्णय लिया है। सैलानियों को सात ज्योर्तिलिंग के दर्शन और दक्षिण भारत की यात्रा के लिए आईआरसीटीसी ने टूर पैकेज लॉन्च किया है। दो भारत गौरव पर्यटक ट्रेन के जरिए मुसाफिरों को सैर कराया जाएगा। पर्यटकों की सुविधा के लिए आईआरसीटीसी ने LTC और EMI की भी सुविधा दी है ताकि अधिक से अधिक लोग यात्रा का लाभ उठा सके। भारत गौरव पर्यटक ट्रेनों में ‘पहले आओ- पहले पाओ’ के आधार पर बुकिंग की जाएगी ।

यह जानकारी बुधवार को आईआरसीटीसी उत्तर क्षेत्र के मुख्य क्षेत्रीय प्रबंधक (CRM) अजीत कुमार सिन्हा ने संवाददाताओं को दी।आईआरसीटीसी के पर्यटन भवन गोमती नगर स्थित कार्यालय में पत्रकार वार्ता में श्री सिन्हा ने बताया कि भारत गौरव टूरिस्ट ट्रेन के माध्यम से 12 से 28 जून के बीच 11 रात एवं 12 दिन की यात्रा के दौरान 7 ज्योतिर्लिंग की यात्रा होगी। इस दौरान पर्यटकों को भारत गौरव पर्यटक ट्रेन से उज्जैन में स्थित महाकालेश्वर व ओंमकारेश्वर, गुजरात में द्वारकाधीश, भेंट द्वारिका, नागेश्वर ज्योतिर्लिंग, सिग्नेचर ब्रिज, सोमनाथ ज्योतिर्लिंग, नासिक में त्रयंबकेश्वर ज्योतिर्लिंग, पंचवटी, कालाराम मंदिर, भीमाशंकर ज्योतिर्लिंग, संभाजी नगर में घृष्णेश्वर ज्योतिर्लिंग एवं स्थानीय मंदिरों के दर्शन कराए जाएंगे। उन्होंने बताया कि भारत गौरव पर्यटक ट्रेन में स्लीपर श्रेणी में 24100/- प्रति व्यक्ति, थर्ड एसी में 40880/- प्रति व्यक्ति और सेकंड एसी में 54300/- प्रति व्यक्ति किराए का निर्धारण किया गया है।

7 ज्योतिर्लिंग यात्रा के लिए यहां से कर सकेंगे सफर: आईआरसीटीसी के मुख्य क्षेत्रीय प्रबंधक अजीत कुमार सिन्हा ने बताया कि भारत गौरव ट्रेन में योग नगरी ऋषिकेश, हरिद्वार, मुरादाबाद, बरेली, शाहजहांपुर, हरदोई, लखनऊ, कानपुर, उरई, वीरांगना लक्ष्मीबाई और ललितपुर रेलवे स्टेशन से पर्यटक सफर कर सकते हैं।
आईआरसीटीसी उत्तर क्षेत्र के मुख्य क्षेत्रीय प्रबंधक श्री सिन्हा ने बताया कि दूसरी भारत गौरव पर्यटक ट्रेन का संचालन दक्षिण भारत की यात्रा के लिए 29 जून से 10 जुलाई के बीच किया जाएगा। 11 रात एवं 12 दिन के इस यात्रा के दौरान तिरुपति बालाजी मंदिर (तिरुपति), रामनाथ स्वामी मंदिर (रामेश्वरम), मीनाक्षी मंदिर (मदुरै), स्थानीय दर्शन (कन्याकुमारी) , मल्लिकार्जुन ज्योतिर्लिंग (मरकापुर) का भ्रमण कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि स्लीपर श्रेणी में 24350/_ , थर्ड एसी में 41800/- और सेकंड एसी में 55750/- प्रति व्यक्ति किराए का निर्धारण किया गया है। इस भारत गौरव ट्रेन में पर्यटक योग नगरी ऋषिकेश, हरिद्वार, मुरादाबाद, बरेली, शाहजहांपुर, हरदोई, लखनऊ, रायबरेली, प्रतापगढ़, प्रयागराज और मानिकपुर से सफर कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि यात्रा की बुकिंग आईआरसीटीसी कार्यालय एवं आईआरसीटीसी की बेवसाइट www.irctctourism.com से आनलाइन भी कराई जा सकती है। प्रेसवार्ता के दौरान उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (सीनियर डीसीएम) समर्थ गुप्ता भी मौजूद रहे।
पर्यटक हेल्पलाइन नंबरों से भी ले सकते हैं जानकारी : भारत पर्यटक ट्रेनों में बुकिंग के लिए पर्यटक हेल्पलाइन नंबर 923639 1908, 82879 30908, 82879 301 99, 9717 649 141, 73028 21864, 9415 042930, 9305111764, 82879 30913 और 8595 924 294 से कर सकते हैं।
