दिल्ली-एनसीआर में “चक्का जाम” का दूसरा दिन भी प्रभावी रहने का दावाट्रकों की आवाजाही लगभग ठप, कीमतों पर दिखने लगा असर

खबर है..
नई दिल्ली
दिल्ली-एनसीआर में ऑल इंडिया मोटर ट्रांसपोर्ट कांग्रेस (एआईएमटीसी) के नेतृत्व में चल रहे तीन दिवसीय “चक्का जाम” आंदोलन का दूसरा दिन शुक्रवार को भी पूरी तरह प्रभावी रहने का दावा किया गया है। ट्रांसपोर्टरों के अनुसार, राजधानी में ट्रकों की आवाजाही लगभग ठप रही, जिससे फल और सब्जियों की आपूर्ति प्रभावित होने लगी है तथा कीमतों पर भी असर दिखाई देने लगा है।
ऑल इंडिया मोटर ट्रांसपोर्ट कांग्रेस (एआईएमटीसी) की प्रेस विज्ञप्ति में ट्रांसपोर्ट संगठनों का दावा किया गया है कि सामान्य दिनों में करीब 70 हजार ट्रक विभिन्न प्रवेश बिंदुओं से प्रतिदिन दिल्ली में प्रवेश करते हैं, लेकिन आंदोलन के दूसरे दिन राजधानी में ना के बराबर ट्रक पहुंच सके। दिल्ली की मंडियों में मालवाहक वाहनों की कमी के चलते फल-सब्जियों की आपूर्ति प्रभावित हुई है।

ऑल इंडिया मोटर ट्रांसपोर्ट कांग्रेस का कहना है कि यह आंदोलन दिल्ली की जनता के खिलाफ नहीं, बल्कि परिवहन व्यवसाय को प्रभावित करने वाली नीतियों के विरोध में है। संगठन ने दिल्ली सरकार और कमीशन फॉर एयर क्वालिटी मैनेजमेंट (सीएक्यूएम) की नीतियों को ट्रांसपोर्ट कारोबार विरोधी बताते हुए कहा कि बढ़े हुए ईसीसी शुल्क, कमर्शियल वाहनों पर प्रतिबंध और बढ़ती परिचालन लागत ने छोटे ट्रांसपोर्ट ऑपरेटरों, ट्रक मालिकों और ड्राइवरों की आजीविका पर गंभीर संकट खड़ा कर दिया है।

संगठन के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर में जारी हड़ताल को ट्रांसपोर्टरों, ट्रक ऑपरेटरों, ड्राइवरों और परिवहन क्षेत्र से जुड़े विभिन्न संगठनों का व्यापक समर्थन मिल रहा है। आंदोलन को लेकर परिवहन बिरादरी में सरकार की नीतियों के खिलाफ भारी रोष देखा जा रहा है।

इस बीच, दिल्ली सरकार में खाद्य, आपूर्ति एवं पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा की मध्यस्थता से कमीशन फॉर एयर क्वालिटी मैनेजमेंट (सीएक्यूएम) के साथ बैठक की संभावना जताई जा रही है। ट्रांसपोर्ट संगठनों को उम्मीद है कि सरकार बातचीत के जरिए उनकी समस्याओं का समाधान निकालने की दिशा में कदम उठाएगी।

हालांकि, अब तक किसी ठोस समाधान के अभाव में परिवहन बिरादरी में निराशा बढ़ रही है। ट्रांसपोर्ट संगठनों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं निकला, तो आंदोलन को देशव्यापी अनिश्चितकालीन “चक्का जाम” में बदला जा सकता है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *