जोधपुर से रेलवे को बड़ी सौगात

वंदे भारत अब 20 कोच के साथ, साबरमती एक्सप्रेस जैसलमेर तक

खबर है..
नई दिल्ली
रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव और केंद्रीय मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने शुक्रवार को जोधपुर रेलवे स्टेशन से कई महत्वपूर्ण रेल सेवाओं और परियोजनाओं का शुभारंभ किया। इस दौरान जोधपुर-दिल्ली कैंट वंदे भारत एक्सप्रेस को 20 कोच के साथ संचालित करने और साबरमती-जोधपुर एक्सप्रेस को जैसलमेर तक विस्तार देने की घोषणा की गई। साथ ही जैसलमेर में ₹67 करोड़ की लागत से बने नए कोच केयर कॉम्पलेक्स का उद्घाटन भी किया गया।
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने गाड़ी संख्या 04871 जोधपुर-दिल्ली कैंट वंदे भारत सुपरफास्ट एक्सप्रेस उद्घाटन स्पेशल को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने बताया कि नियमित गाड़ी संख्या 26481/26482 जोधपुर-दिल्ली कैंट वंदे भारत एक्सप्रेस में 24 मई 2026 से 20 कोच लगाए जाएंगे। इसमें दो एग्जीक्यूटिव चेयरकार, 16 एसी चेयरकार और दो ड्राइवर पावर कार शामिल होंगी। इससे यात्रियों को अधिक सीटें और बेहतर यात्रा सुविधा मिलेगी।
कार्यक्रम के दौरान साबरमती-जोधपुर एक्सप्रेस रेल सेवा का विस्तार जैसलमेर तक करने की भी घोषणा की गई। गाड़ी संख्या 20486 साबरमती-जैसलमेर सुपरफास्ट एक्सप्रेस 23 मई से प्रतिदिन सुबह 7 बजे साबरमती से रवाना होकर दोपहर 2:40 बजे जोधपुर पहुंचेगी और रात 8:30 बजे जैसलमेर पहुंचेगी। वहीं वापसी में गाड़ी संख्या 20485 जैसलमेर-साबरमती एक्सप्रेस सुबह 6:30 बजे रवाना होकर रात 8 बजे साबरमती पहुंचेगी।
रेल मंत्री ने कहा कि पश्चिमी राजस्थान के प्रवासियों की लंबे समय से नई रेल सेवाओं की मांग रही है, जिसे देखते हुए चेन्नई, पुणे, हैदराबाद और मुंबई जैसे शहरों के लिए नई ट्रेन सेवाएं शुरू की गई हैं। उन्होंने बताया कि जोधपुर में नया कोचिंग टर्मिनल और भगत की कोठी में वंदे भारत स्लीपर टर्मिनल विकसित किया जा रहा है। अगले 10 महीनों में जोधपुर से हरिद्वार के लिए नई रेल सेवा शुरू करने की तैयारी भी चल रही है।
केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय रेलवे में अभूतपूर्व बदलाव आए हैं और राजस्थान को रेलवे विकास की कई बड़ी सौगातें मिली हैं। उन्होंने कहा कि रेल केवल परिवहन का माध्यम नहीं, बल्कि देश की जीवनरेखा है। इस अवसर पर जैसलमेर में बने अत्याधुनिक कोच केयर कॉम्प्लेक्स का उद्घाटन भी किया गया, जिससे ट्रेनों की मेंटेनेंस क्षमता बढ़ेगी और अधिक रेल सेवाओं के संचालन का मार्ग प्रशस्त होगा। रेल मंत्री ने बताया कि राजस्थान में इस समय लगभग ₹10,000 करोड़ के रिकॉर्ड बजट से रेलवे परियोजनाओं पर काम हो रहा है। साथ ही राज्य में कई रेलखंडों पर डबलिंग, गेज कन्वर्जन और नई रेल लाइन परियोजनाएं तेजी से आगे बढ़ रही हैं।
उन्होंने कहा कि जैसलमेर रेलवे स्टेशन का पुनर्विकास पूरा हो चुका है, जबकि जयपुर स्टेशन को पिंक सिटी थीम पर विकसित किया जा रहा है। रेलवे स्टेशन अब पर्यटन केंद्रों के रूप में भी विकसित किए जा रहे हैं, जिससे पर्यटन और स्थानीय रोजगार को बढ़ावा मिलेगा।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *