एमएनआईटी जयपुर में एडवांस्ड क्वांटम और एआई लैब होंगी स्थापित : वैष्णव

खबर है..
जयपुर
केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी, रेल तथा सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्वनी वैष्णव ने 11 जून गुरुवार को जयपुर स्थित मालवीय नेशनल इंस्टिट्यूट ऑफ़ टेक्नोलॉजी में एडवांस्ड क्वांटम कंप्यूटिंग एवं क्वांटम कम्युनिकेशन लैब स्थापित करने की घोषणा की।
यह लैब इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय की इलेक्ट्रॉनिक्स एवं आईसीटी अकादमिक परियोजना के तहत स्थापित की जाएगी। इसका उद्देश्य क्वांटम की डिस्ट्रीब्यूशन, क्वांटम कंप्यूटिंग सिमुलेशन और क्वांटम सेंसिंग हार्डवेयर में स्वदेशी क्षमताओं का विकास करना होगा।
छात्रों और शिक्षकों को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि वर्तमान तकनीकी दौर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से संचालित हो रहा है, जबकि आने वाला बड़ा तकनीकी परिवर्तन क्वांटम टेक्नोलॉजी के नेतृत्व में होगा। उन्होंने कहा कि यह परियोजना देश के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण साबित होगी, विशेषकर राष्ट्रीय सुरक्षा के दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण क्वांटम की डिस्ट्रीब्यूशन के क्षेत्र में।
वैष्णव ने कहा कि उद्योग के अनुमान के अनुसार दुनिया में 10 लाख से अधिक सेमीकंडक्टर डिजाइन विशेषज्ञों की मांग है और भारत इस कमी को आसानी से पूरा कर सकता है। केंद्रीय मंत्री ने बताया कि भारत सरकार की चिप्स टू स्टार्टअप योजना के तहत देशभर के 323 से अधिक विश्वविद्यालयों को अत्याधुनिक इलेक्ट्रॉनिक डिजाइन ऑटोमेशन टूल्स उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इन उपकरणों का उपयोग कर देशभर के संस्थानों द्वारा डिजाइन की गई 100 से अधिक छात्र-निर्मित चिप्स का निर्माण सेमीकंडक्टर लैबोरेट्री मोहाली में किया जा चुका है।
वैष्णव ने यह भी घोषणा की कि एमएनआईटी जयपुर में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) लैब भी स्थापित की जाएगी। यह लैब अनुसंधान और नवाचार के लिए उन्नत कंप्यूटिंग सुविधाएं एवं आधुनिक उपकरण उपलब्ध कराएगी। इसे IndiaAI मिशन से जोड़ने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
बाद में केंद्रीय मंत्री ने राजस्थान सरकार के ऊर्जा विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) हीरालाल नागर तथा विधायक गोपाल शर्मा के साथ मिलकर एमएनआईटी जयपुर में मेकर्स लैब का उद्घाटन किया।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *