खबर है..
लखनऊ
संभागीय परिवहन अधिकारी (आरटीओ) प्रवर्तन प्रभात पाण्डेय ने कहा कि जिस तरह से शिक्षा के बिना अब जीवन व्यर्थ लगता है, उसी तरह जीवन को बचाए रखने के लिए सड़क सुरक्षा के नियमों की जानकारी और उनका पालन करना जरूरी है ।
श्री पाण्डेय बृहस्पतिवार को सड़क सुरक्षा माह के तहत नेताजी सुभाष चंद्र बोस राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय, अलीगंज में आयोजित सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान को संबोधित कर रहे थे। इस मौके पर मंडल स्तरीय विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया । कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप उन्होंने कहा कि दुर्भाग्य से अगर कोई छात्र दुर्घटना का शिकार हो जाता है उससे उसका पूरा कैरियर नष्ट हो सकता है।

गौरतलब है कि शासन के निर्देशानुसार प्रत्येक जिले में एक नोडल अधिकारी नियुक्त करते हुए जिला स्तर पर भाषण, नुक्कड़ नाटक तथा रील मेकिंग प्रतियोगिता कराई गईं थीं । जिलों में उक्त प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को आज मंडल स्तर पर अपनी प्रतिभा को प्रदर्शित करने का मौका मिला ।
इस प्रतियोगिता में संभागीय परिवहन अधिकारी प्रभात पाण्डेय, मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में पी टी ओ लखनऊ एस पी देव उपस्थित थे। । विशिष्ट अतिथि एस0पी0 देव ने भी सड़क सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक किया। प्राचार्य तथा मंडल नोडल प्रभारी प्रोफेसर रश्मि बिश्नोई ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा से संबंधित नियमों को जानना अत्यंत आवश्यक हैं ।
कार्यक्रम का संचालन महाविद्यालय नोडल अधिकारी डाक्टर श्रद्धा द्विवेदी ने किया । उन्होंने सड़क सुरक्षा से संबंधित शपथ भी दिलाई ।
सर्वप्रथम भाषण प्रतियोगिता का आयोजन डाक्टर विशाल प्रताप सिंह के संयोजकत्व में हुआ जबकि रील मेकिंग प्रतियोगिता का संयोजन डॉक्टर राहुल पटेल तथा नुक्कड़ नाटक प्रतियोगिता का संयोजन लेफ्टिनेंट प्रतिमा शर्मा ने किया ।
भाषण प्रतियोगिता में लखनऊ जनपद से नेताजी सुभाष चंद्र बोस राजकीय महिला महाविद्यालय इग्नू केंद्र की छात्रा माही बाजपेयी प्रथम स्थान, सीतापुर की छात्रा साक्षी मिश्रा द्वितीय तथा तृतीय स्थान उन्नाव की वैष्णवी को मिला। रील मेकिंग में हरदोई जनपद के अमन गुप्ता प्रथम, सीतापुर के मनीष कुमार द्वितीय तथा तीसरा स्थान लखनऊ की प्रियांशी वर्मा को मिला। नुक्कड़ नाटक में सीतापुर जनपद को प्रथम घोषित किया गया । लखनऊ जनपद को द्वितीय तथा तीसरा स्थान उन्नाव जनपद को मिला ।
पुरस्कारों की घोषणा प्रो राजीव यादव प्रोफ़ेसर पूनम वर्मा तथा प्रो शालिनी श्रीवास्तव के द्वारा की गई । स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया इन्हें नकद पुरस्कार भी शासन द्वारा प्रदान किया जाएगा ।
