खबर है..
नई दिल्ली
BEML Limited ने सतर्कता जागरूकता अभियान 2026 के तहत बेंगलुरु और पालक्कड़ के स्थानीय समुदायों के बीच ईमानदारी, पारदर्शिता और जवाबदेही का संदेश पहुंचाया। BEML के सतर्कता विभाग ने विजिलेंस अवेयरनेस ग्राम सभाओं के माध्यम से विद्यार्थियों, ग्रामीणों, पंचायत प्रतिनिधियों और श्रमिकों को भ्रष्टाचार के खिलाफ जागरूक किया।
बेंगलुरु दक्षिण के रामोहल्ली गांव में 1 अक्टूबर 2026 को रामोहल्ली ग्राम पंचायत और राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय के सहयोग से ग्राम सभा आयोजित की गई। कार्यक्रम में विद्यार्थियों, स्कूल स्टाफ, सामुदायिक प्रतिनिधियों और BEML अधिकारियों सहित करीब 200 लोगों ने भाग लिया।
कार्यक्रम में विशेष रूप से युवाओं को नैतिक मूल्यों और जिम्मेदारी के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान सतर्कता विषय पर प्रस्तुत नुक्कड़ नाटक/स्किट के माध्यम से ईमानदारी और जवाबदेही का संदेश सरल एवं प्रभावी तरीके से दिया गया। BEML ने कहा कि एक नैतिक समाज की मजबूत नींव अगली पीढ़ी में ईमानदारी और जिम्मेदारी के संस्कार विकसित करने से तैयार होती है।
इसी अभियान के तहत पालक्कड़ के कांजीकोड के निकट चुल्लीमाडा गांव में 26 सितंबर 2026 को सतर्कता जागरूकता ग्राम सभा आयोजित की गई। इसमें पुडुसेरी ग्राम पंचायत के सदस्यों, VB-G RAM G कर्मियों, BEML सतर्कता अधिकारियों तथा विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों सहित करीब 70 लोगों ने हिस्सा लिया।
कार्यक्रम में भ्रष्टाचार से मुकाबले और नागरिकों के लिए उपलब्ध शिकायत एवं निवारण तंत्र की जानकारी दी गई। आयोजन स्थल पर लगाए गए भ्रष्टाचार-विरोधी संदेशों के माध्यम से यह भी रेखांकित किया गया कि सतर्कता केवल किसी एक विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज की साझा जिम्मेदारी है।
बेंगलुरु और पालक्कड़ के समुदायों तक सतर्कता, पारदर्शिता और जवाबदेही का संदेश पहुंचा रहा BEML
