- आईआरसीटीसी ने लॉन्च के नया इंटरनेशनल टूर पैकेज
- यह टूर 12 से 19 जून के बीच आयोजित होगा
खबर है..
लखनऊ। भारतीय रेल खानपान व पर्यटन निगम (आईआरसीटीसी) ने गर्मी की छुट्टियों को सैलानियों के लिए नया इंटरनेशनल टूर पैकेज लॉन्च किया है। आईआरसीटीसी लखनऊ कार्यालय की ओर से इंटरनेशनल टूर पैकेज के तहत लखनऊ से पर्यटकों को सिंगापुर एवं मलेशिया की यात्रा कराने का निर्णय लिया है। स्पेशल टूर में सैलानियों को सिंगापुर एवं मलेशिया के प्रमुख पर्यटन स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा।
आईआरसीटीसी उत्तर क्षेत्र के मुख्य क्षेत्रीय प्रबंधक अजीत कुमार सिन्हा ने बताया कि यह टूर 12 से 19 जून के बीच आयोजित होगा जिसमें पर्यटकों को 07 दिवसीय विदेशी यात्रा का अद्भुत अनुभव प्राप्त होगा। उन्होंने बताया कि इस यात्रा में यात्रियों को लखनऊ से इंडिगो की उड़ान से कुआलालंपुर ले जाया जाएगा। यात्रा के दौरान यात्रियों के ठहरने की व्यवस्था तीन सितारा होटलों में की जाएगी। पैकेज में भारतीय भोजन (06 नाश्ता, 06 दोपहर का भोजन एवं 07 रात्रि भोजन), ट्रैवल इंश्योरेंस एवं अनुभवी गाइड की सुविधा शामिल है।

श्री सिन्हा ने बताया कि यात्रा के दौरान सैलानियों को मलेशिया एवं सिंगापुर के प्रमुख पर्यटन स्थलों का भ्रमण करेंगे, जिसमें कुआलालंपुर का प्रसिद्ध पुतराजाया, किंग पैलेस, नेशनल मॉन्यूमेंट, नेशनल मस्जिद, ओल्ड रेलवे स्टेशन, इंडिपेंडेंस स्क्वायर, ट्विन टावर्स, केएल टॉवर ऑब्जर्वेटरी डेक एवं बुकीत बिंटांग मार्केट शामिल हैं। इसके अलावा जेंटिंग हाईलैंड्स की मनोरम केबल कार राइड एवं बाटू केव्स का सैर कराया जाएगा। सिंगापुर में नाइट सफारी, सिंगापुर फ्लायर, सेंटोसा आइलैंड, केबल कार राइड, मैडम तुसाद, विंग्स ऑफ टाइम शो, नेशनल ऑर्किड गार्डन, मरीना बे, मेरलियन पार्क, थियान हॉक केंग मंदिर, चाइनाटाउन, लिटिल इंडिया, बुगिस मार्केट तथा प्रसिद्ध गार्डन्स बाय द बे (02 डोम्स सहित) का भ्रमण कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि एक व्यक्ति के ठहरने पर पैकेज का मूल्य प्रति व्यक्ति रू. 157000/-, दो व्यक्तियों के एक साथ ठहरने पर पैकेज का मूल्य प्रति व्यक्ति रू. 131000/-, तीन व्यक्तियो के एक साथ ठहरने पर पैकेज का मूल्य प्रति व्यक्ति रू. 130000/-, माता-पिता के साथ ठहरने पर प्रति बच्चे का पैकेज मूल्य रू. 127000/- बेड सहित एवं मूल्य रू. 98000/- बिना बेड के होगा। इस पैकेज की बुकिंग ‘पहले आओ- पहले पाओ’ के आधार पर होगी। उक्त यात्रा की बुकिंग पर्यटन भवन गोमती नगर लखनऊ स्थित आईआरसीटीसी कार्यालय एवं आईआरसीटीसी की बेवसाइट www.irctctourism.com पर भी कराई जा सकती है। हेल्पलाइन नंबरों 8287930922/9236391909/8287930902 से सैलानी इंटरनेशनल टूर पैकेज की जानकारी ले सकते हैं।
