रेलवन ऐप के 4.76 करोड़ डाउनलोड, रोजाना 10 लाख टिकट बुकिंग

ऑनलाइन ई-टिकट बुकिंग का आंकड़ा 89 प्रतिशत पर पहुंचा
अनारक्षित रेल टिकट डिजिटल बुकिंग भी 39 प्रतिशत के आंकड़े पर

खबर है..
नई दिल्ली
भारतीय रेलवे के डिजिटल प्लेटफॉर्म रेलवन (RailOne) ने 4.76 करोड़ डाउनलोड का आंकड़ा पार कर लिया है। 2 अगस्त 2026 तक इस ऐप के जरिए रोजाना औसतन 10 लाख टिकट बुक किए जा रहे हैं, जिनमें 2.79 लाख आरक्षित और 7.24 लाख अनारक्षित टिकट शामिल हैं।
रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव ने बुधवार को लोकसभा में एक प्रश्न के उत्तर में बताया कि रेलवन ऐप को 1 जुलाई 2025 को शुरू किया गया था। इसमें आरक्षित, अनारक्षित और प्लेटफॉर्म टिकट बुकिंग के साथ ट्रेन एवं पीएनआर पूछताछ, यात्रा योजना और रेलमदद जैसी प्रमुख सेवाएं एक ही प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध हैं। सिंगल-साइन-ऑन सुविधा से यात्रियों को अलग-अलग रेलवे ऐप और पासवर्ड की जरूरत भी कम हुई है।
वहीं, राष्ट्रीय ट्रेन पूछताछ प्रणाली (NTES) प्रतिदिन 6 करोड़ से अधिक पूछताछ और करीब 80 हजार समवर्ती उपयोगकर्ताओं को संभाल रही है। इससे यात्रियों को ट्रेनों की स्थिति और समय-सारणी की लगभग वास्तविक समय में जानकारी मिल रही है तथा रेलवे पूछताछ काउंटरों पर कतार और प्रतीक्षा समय में कमी आई है।
रेलवे के अनुसार, वर्तमान में करीब 89 प्रतिशत आरक्षित टिकट ऑनलाइन बुक किए जा रहे हैं, जबकि 2013-14 में यह आंकड़ा लगभग 49 प्रतिशत था। अनारक्षित टिकटों में भी डिजिटल बुकिंग की हिस्सेदारी बढ़कर करीब 39 प्रतिशत हो गई है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *