नई दिल्ली
वस्त्र मंत्रालय के विकास आयुक्त (हथकरघा) कार्यालय ने ‘हैंडलूम हैकाथॉन 2026 – बुनाई नवाचार’ नामक राष्ट्रीय नवाचार प्रतियोगिता की शुरुआत की है। इसका उद्देश्य प्रौद्योगिकी, डिजाइन, उद्यमिता और टिकाऊ समाधानों के माध्यम से भारत के हथकरघा क्षेत्र को अधिक आधुनिक, प्रतिस्पर्धी और सशक्त बनाना है। यह पहल राष्ट्रीय हथकरघा दिवस 2026 के अवसर पर आयोजित की जा रही है।
हैकाथॉन का ग्रैंड फिनाले 1 अगस्त 2026 को एफआईटीटी, आईआईटी दिल्ली में होगा, जहां चयनित टीमें विशेषज्ञ जूरी के सामने अपने नवाचार प्रस्तुत करेंगी।
विकास आयुक्त (हथकरघा) डॉ. एम. बीना ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य युवाओं की रचनात्मकता को भारत की समृद्ध हथकरघा परंपरा से जोड़ना है। इससे बुनकरों, छात्रों, डिजाइनरों, तकनीकी विशेषज्ञों, स्टार्टअप और उद्यमियों को मिलकर व्यावहारिक एवं विस्तार योग्य समाधान विकसित करने का अवसर मिलेगा।
हैकाथॉन में उत्पाद एवं डिजाइन नवाचार, डिजिटल तकनीक, बाजार पहुंच, ब्रांडिंग, आपूर्ति श्रृंखला, उत्पादकता, व्यवसाय विकास, स्थिरता और सामाजिक प्रभाव जैसे विषयों पर समाधान आमंत्रित किए गए हैं।
प्रतियोगिता में वस्त्र, फैशन, डिजाइन, इंजीनियरिंग, प्रबंधन और प्रौद्योगिकी के छात्र, हथकरघा बुनकर, कारीगर, शोधकर्ता, स्टार्टअप, उद्यमी और नवप्रवर्तक भाग ले सकते हैं।
ऑनलाइन पंजीकरण 20 जुलाई 2026 तक खुले हैं। इस पहल का उद्देश्य ऐसे नवाचारों की पहचान और संवर्धन करना है, जो भारतीय हथकरघा क्षेत्र के आधुनिकीकरण, वैश्विक प्रतिस्पर्धा और दीर्घकालिक सतत विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे सकें।
हथकरघा क्षेत्र में नवाचार को बढ़ावा देगा ‘हैंडलूम हैकाथॉन 2026’, 20 जुलाई तक करें आवेदन
