खबर है..
नई दिल्ली
टीम इंडिया ने ग्लोबल स्किल्स चैलेंज ऑस्ट्रेलिया 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए 3 स्वर्ण, 1 रजत और 1 कांस्य सहित कुल 5 पदक अपने नाम किए। 23 से 29 जून तक आयोजित इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भारत सहित कई देशों के लगभग 600 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। भारतीय टीम का यह प्रदर्शन इस वर्ष के अंत में शंघाई में आयोजित होने वाली 48वीं वर्ल्डस्किल्स प्रतियोगिता के लिए मजबूत तैयारी का संकेत माना जा रहा है।
पदक विजेता भारतीय प्रतिभागी
पवन भद्रावती सुरेश (कर्नाटक) – एडिटिव मैन्युफैक्चरिंग में स्वर्ण पदक
मौसम कुमार गिरि (बिहार) – क्लाउड कंप्यूटिंग में स्वर्ण पदक
विष्णुप्रिया सुनील (दिल्ली) – हेल्थ एंड सोशल केयर में स्वर्ण पदक
हर्ष रमेश पवार (महाराष्ट्र) – 3डी डिजिटल गेम आर्ट में रजत पदक
मुस्कान (हरियाणा) – पेंटिंग एंड डेकोरेटिंग में कांस्य पदक
भारतीय प्रतियोगियों ने अन्य कई कौशल श्रेणियों में भी सराहनीय प्रदर्शन किया और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धा का महत्वपूर्ण अनुभव हासिल किया।
केंद्रीय कौशल विकास एवं उद्यमिता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) तथा शिक्षा राज्य मंत्री जयंत चौधरी ने टीम इंडिया को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि देश के कौशल चैंपियनों, विशेषज्ञों और उद्योग भागीदारों की मेहनत का परिणाम है। उन्होंने कहा कि इस सफलता से शंघाई में होने वाली 48वीं वर्ल्डस्किल्स प्रतियोगिता के लिए भारत की तैयारियों को नई मजबूती मिली है।
भारतीय दल ने 15 कौशल श्रेणियों में 15 प्रतियोगियों और 15 विशेषज्ञों के साथ देश का प्रतिनिधित्व किया। प्रतियोगिता का आयोजन वर्ल्डस्किल्स के मानकों के अनुरूप किया गया, जिससे भारतीय प्रतिभागियों को अंतरराष्ट्रीय मूल्यांकन प्रणाली, आधुनिक उपकरणों और वैश्विक प्रतिस्पर्धा का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त हुआ।
यह सफलता स्किल इंडिया मिशन की बढ़ती वैश्विक पहचान का प्रमाण है और दर्शाती है कि भारतीय युवा उन्नत विनिर्माण, डिजिटल तकनीक, रचनात्मक उद्योगों और सेवा क्षेत्र में विश्व स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहे हैं।
ऑस्ट्रेलिया में टीम इंडिया का शानदार प्रदर्शन, ग्लोबल स्किल्स चैलेंज 2026 में 3 स्वर्ण समेत 5 पदक जीते
