मुख्यमंत्री योगी और केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव के साथ मिलकर रखी इलेक्ट्रॉनिक निर्माण संयंत्रों की आधारशिला
खबर है..
नई दिल्ली
केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथतथा केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव के साथ मिलकर ग्रेटर नोएडा स्थित यमुना एक्सप्रेसवे इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट अथॉरिटी क्षेत्र जेवर में एम्बर एंटरप्राइजेज और असेंट सर्किट्स के इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण संयंत्रों की आधारशिला रखी। ये परियोजनाएं ‘मेक इन इंडिया’ और ‘विकसित भारत’ के विज़न को साकार करने की दिशा में भारत के इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण क्षेत्र को नई गति देंगी।
जेवर बन रहा है इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण का नया केंद्र : इस अवसर पर वैष्णव ने कहा कि सेमीकंडक्टर उद्योग के बाद अब जेवर तेजी से इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण के प्रमुख केंद्र के रूप में उभर रहा है। इससे उत्तर प्रदेश देश के अग्रणी हाई-टेक विनिर्माण और निवेश गंतव्यों में अपनी मजबूत पहचान बना रहा है।
घरेलू इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण को मिलेगा बड़ा बल : उन्होंने बताया कि लगभग 40,000 करोड़ रुपये मूल्य के उन्नत प्रिंटेड सर्किट बोर्ड (PCB), जिनका अब तक आयात किया जाता था, अब भारत में ही निर्मित किए जाएंगे। इससे देश की इलेक्ट्रॉनिक्स वैल्यू चेन मजबूत होगी और आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को नई मजबूती मिलेगी।
उत्तर प्रदेश बनेगा वैश्विक विनिर्माण केंद्र :
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि आने वाले समय में उत्तर प्रदेश में अनेक इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सेमीकंडक्टर निर्माण परियोजनाएं स्थापित होंगी। इससे बड़े पैमाने पर निवेश आकर्षित होगा, रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और राज्य वैश्विक विनिर्माण केंद्र के रूप में स्थापित होगा।
हाई-स्पीड कनेक्टिविटी से विकास को मिलेगी नई रफ्तार : वैष्णव ने दिल्ली–लखनऊ–वाराणसी–पटना–सिलीगुड़ी बुलेट ट्रेन कॉरिडोर का उल्लेख करते हुए कहा कि यह परियोजना उत्तर प्रदेश में कनेक्टिविटी को नई दिशा देगी तथा औद्योगिक और आर्थिक विकास को गति प्रदान करेगी।
‘विकसित भारत’ के संकल्प को मिलेगा बल : उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार अत्याधुनिक तकनीक, आधुनिक आधारभूत संरचना और औद्योगिक निवेश के समन्वय से विश्वस्तरीय विनिर्माण पारिस्थितिकी तंत्र का निर्माण कर रही है। उत्तर प्रदेश इस अभियान का प्रमुख केंद्र बनकर भारत को वैश्विक विनिर्माण महाशक्ति बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

