घटिया सप्लाई और लापरवाही पर अब परमानेंट ब्लैकलिस्ट होंगे सप्लायर : वैष्णव

खबर है..
नई दिल्ली
केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बुधवार को रेल भवन, नई दिल्ली में रेलवे सुरक्षा को लेकर उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी, बोर्ड के सदस्य, सभी क्षेत्रीय रेलवे के महाप्रबंधक, महानिदेशक और मंडल रेल प्रबंधकों ने हिस्सा लिया।
बैठक के दौरान रेल मंत्री ने सुरक्षा, तकनीक और रखरखाव से जुड़ी कमियों को तत्काल दूर करने के निर्देश दिए।
सिग्नलिंग और OHE सिस्टम की होगी विशेष निगरानी : रेल मंत्री ने सिग्नलिंग से संबंधित तकनीकी खामियों को तुरंत दूर करने को कहा। ओवरहेड इक्विपमेंट (OHE) को लेकर निर्देश दिया कि जिन पुर्जों ने अपनी निर्धारित सेवा अवधि पूरी कर ली है, वहां समय पर उनका रखरखाव और प्रतिस्थापन सुनिश्चित किया जाए।
कोचों में अग्नि सुरक्षा पर जोर : उन्होंने कार्यशालाओं में कोचों के रखरखाव, विशेषकर विद्युत परिपथों और अग्नि सुरक्षा से जुड़ी वायरिंग की गुणवत्ता सुधारने पर जोर दिया। साथ ही वैगनों और कोचों के कपलर और पहियों के मेंटेनेंस पर भी विशेष ध्यान देने को कहा गया।
ट्रैक मेंटेनेंस को लेकर निर्देश : ट्रैक के रखरखाव के संबंध में पॉइंट मशीनों, टर्नआउट और फास्टनर के उचित रखरखाव के निर्देश दिए गए। मंत्री ने कहा कि जहां भी फास्टनर गायब हैं, उन्हें तुरंत लगवाया जाए।
घटिया आपूर्ति पर जीरो टॉलरेंस : बैठक में सबसे सख्त रुख घटिया गुणवत्ता वाली आपूर्ति को लेकर रहा। रेल मंत्री ने स्पष्ट किया कि सिग्नलिंग एवं दूरसंचार (एस एंड टी), OHE, ट्रैक, कोच या वैगन से संबंधित सामग्रियों की गुणवत्ता में कोई समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। गुणवत्ता में कमी पाए जाने पर संबंधित आपूर्तिकर्ता के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। यदि जांच में जानबूझकर की गई लापरवाही पाई गई तो संबंधित फर्म को स्थायी रूप से ब्लैकलिस्ट कर दिया जाएगा।
त्योहारी भीड़ को लेकर तैयारी के निर्देश : रेल मंत्री ने सभी अधिकारियों को जिला और राज्य प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर काम करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिया कि जिन स्थानों पर त्योहारों या मेलों के कारण यात्रियों की भीड़ अचानक बढ़ने की संभावना है, वहां पहले से ही सभी आवश्यक सुविधाएं और व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *