सेमीकॉन इंडिया 2026: भारत के सेमीकंडक्टर भविष्य का वैश्विक मंच

17 से 19 सितंबर 2026 तक नई दिल्ली के यशोभूमि (इंडिया इंटरनेशनल कन्वेंशन एंड एक्सपो सेंटर), द्वारका में आयोजन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 सितंबर को सम्मेलन के पांचवें संस्करण का उद्घाटन करेंगे।

खबर है..
नई दिल्ली
भारत के सबसे बड़े सेमीकंडक्टर सम्मेलन सेमीकॉन इंडिया 2026 का आयोजन 17 से 19 सितंबर 2026 तक नई दिल्ली के यशोभूमि (इंडिया इंटरनेशनल कन्वेंशन एंड एक्सपो सेंटर), द्वारका में किया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 सितंबर को सम्मेलन के पांचवें संस्करण का उद्घाटन करेंगे।
‘सिलिकॉन से सिस्टम तक : इकोसिस्टम का निर्माण’ :इस वर्ष सेमीकॉन इंडिया का विषय “सिलिकॉन से सिस्टम तक: इकोसिस्टम का निर्माण” रखा गया है। तीन दिवसीय आयोजन में दुनिया भर के सेमीकंडक्टर उद्योग के दिग्गज, निवेशक, नीति निर्माता, वैज्ञानिक, शिक्षाविद, स्टार्टअप, इंजीनियर और विद्यार्थी एक मंच पर आएंगे।
इलेक्ट्रॉनिकी एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के सचिव श्री एस. कृष्णन ने कहा कि भारत में सेमीकंडक्टर क्षेत्र को गति देने में इंडिया सेमीकंडक्टर मिशन (ISM) की महत्वपूर्ण भूमिका है। सेमीकॉन 1.0 के तहत अब तक 12 सेमीकंडक्टर परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है, जिनमें से 3 परियोजनाओं में वाणिज्यिक उत्पादन शुरू हो चुका है। इसके साथ ही सरकार ने सेमीकंडक्टर इकोसिस्टम को और मजबूत करने के लिए सेमीकॉन 2.0 को भी मंजूरी दी है।
सम्मेलन में 500 से अधिक प्रदर्शक और 40 से अधिक देशों की भागीदारी होगी। सेमीकॉन इंडिया 2026 मे 240+ अंतरराष्ट्रीय कंपनियां, 150+ अंतरराष्ट्रीय स्तर के वक्ता, 40+ देशों के प्रतिनिधिमंडल होंगे। 15,000 वर्ग मीटर से अधिक प्रदर्शनी क्षेत्र में 6 देशों के पवेलियन, 10 राज्य सरकारों के पवेलियन, स्टार्टअप पवेलियन और इनोवेशन शोकेस, स्टार्टअप पिच प्रतियोगिता, छात्र हैकाथॉन, वर्कफोर्स डेवलपमेंट पवेलियनशामिल होंगे।
सेमीकंडक्टर इकोसिस्टम के प्रमुख विषय : सम्मेलन में विनिर्माण एवं प्रौद्योगिकी, AI एवं डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन, सप्लाई चेन, रसायन एवं सामग्री, सरकारी नीतियां, ESG एवं स्थिरता, उत्पाद डिजाइन एवं निर्माण, स्टार्टअप एवं नवाचार, प्रतिभा एवं कौशल विकास तथा भारत के ब्रांड और बाजार विकास जैसे विषयों पर चर्चा होगी। इसके अलावा महिला सशक्तिकरण एवं नेतृत्व, कार्यबल विकास और छह अंतरराष्ट्रीय देशों के गोलमेज सम्मेलन भी आयोजित किए जाएंगे। एक विशेष सत्र “एक साथ मजबूत: भारत के ESDM विकास के लिए सहयोग करते उद्योग संघ” विषय पर होगा।
भारत के लिए बढ़ते अवसर :आईएसएम के अनुसार, वैश्विक सेमीकंडक्टर मांग लगभग 1 ट्रिलियन डॉलर से बढ़कर 2 ट्रिलियन डॉलर तक पहुंचने की उम्मीद है। वहीं भारत में सेमीकंडक्टर की मांग लगभग 100 अरब डॉलर से बढ़कर 200 अरब डॉलर तक पहुंचने का अनुमान है। सरकार अनुसंधान और डिजाइन को बढ़ावा देने के लिए 332 से अधिक शैक्षणिक संस्थानों और 105 स्टार्टअप्स को अत्याधुनिक डिजाइन उपकरण उपलब्ध करा रही है। वहीं Design Linked Incentive (DLI) योजना के तहत 24 स्टार्टअप्स को मंजूरी दी गई है।
दिग्गज कंपनियों की भागीदारी : सेमीकॉन इंडिया 2026 में ASML, Applied Materials, Teradyne, Infineon, Ebara, Jabil, IBM Research, NXP, Tata Electronics, Micron, Rapidus, Lam Research, CG Power, Advantest, Tokyo Electron सहित दुनिया की प्रमुख सेमीकंडक्टर और इलेक्ट्रॉनिक्स कंपनियों के प्रतिनिधि शामिल होंगे।
यह आयोजन भारत को केवल वैश्विक सेमीकंडक्टर सप्लाई चेन का हिस्सा बनाने के बजाय वैश्विक सेमीकंडक्टर वैल्यू चेन का अभिन्न अंग बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
रजिस्ट्रेशन शुरू : सेमीकॉन इंडिया 2026 के लिए पंजीकरण शुरू हो गया है। सम्मेलन की आधिकारिक जानकारी और पंजीकरण के लिए सेमीकॉन इंडिया पोर्टल का उपयोग किया जा सकता है।

One thought on “सेमीकॉन इंडिया 2026: भारत के सेमीकंडक्टर भविष्य का वैश्विक मंच

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *