पीएम ने ऐशबाग समेत 75 पुनर्विकसित अमृत स्टेशनों का किया लोकार्पण

24.13 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित हुआ ऐशबाग जंक्शन

खबर है..
लखनऊ
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को जालंधर से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत देशभर के 75 पुनर्विकसित रेलवे स्टेशनों तथा अन्य रेल परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इसी क्रम में पूर्वोत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल के अंतर्गत 24.13 करोड़ रुपये की लागत से पुनर्विकसित ऐशबाग जंक्शन भी राष्ट्र को समर्पित किया गया।
ऐशबाग जंक्शन पर आयोजित समारोह में उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ राज्यसभा सांसद संजय सेठ, विधान परिषद सदस्य लालजी प्रसाद निर्मल एवं मुकेश शर्मा, उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा बिष्ट यादव, भाजपा महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी, केंद्रीय रक्षा मंत्री के प्रतिनिधि दिवाकर त्रिपाठी, रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।
उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि अमृत भारत स्टेशन योजना के माध्यम से रेलवे स्टेशनों को आधुनिक स्वरूप देकर यात्रियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने ऐशबाग स्टेशन के पुनर्विकास के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने हरित एवं स्वच्छ परिवहन की दिशा में भारतीय रेलवे की पहल का उल्लेख करते हुए जींद और सोनीपत के बीच संचालित होने वाली देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन की विशेषताओं की भी जानकारी दी।
इस अवसर पर आयोजित निबंध एवं चित्रकला प्रतियोगिता के विजेता विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
पूर्वोत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) गौरव अग्रवाल ने बताया कि ऐशबाग जंक्शन का व्यापक आधुनिकीकरण किया गया है। इससे यात्रियों को सुरक्षित, सुविधाजनक और बेहतर यात्रा अनुभव मिलेगा। उन्होंने कहा कि स्टेशन के विकास से न केवल रेल यात्रियों को लाभ होगा, बल्कि आसपास के क्षेत्र के आर्थिक और सामाजिक विकास को भी गति मिलेगी।
कार्यक्रम के अंत में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अरिजीत सिंह ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित जनसमुदाय के प्रति आभार व्यक्त किया।
ऐशबाग जंक्शन पर विकसित प्रमुख यात्री सुविधाएं
24.13 करोड़ रुपये की लागत से स्टेशन का व्यापक पुनर्विकास।
स्टेशन परिसर का विस्तार एवं आकर्षक सौंदर्यीकरण।
बेहतर यातायात प्रबंधन और उच्च स्तरीय पार्किंग व्यवस्था।
5,500 वर्ग मीटर का आधुनिक पार्किंग क्षेत्र।
4,300 वर्ग मीटर का विकसित सर्कुलेटिंग एरिया एवं हरित पार्क।
प्लेटफॉर्मों पर आधुनिक फर्श और उन्नत प्रसाधन सुविधाएं।
यात्रियों के मार्गदर्शन के लिए आधुनिक एलईडी साइनेज।
दोनों प्रवेश द्वारों पर सुरक्षा के लिए ‘काऊ कैचर’ की व्यवस्था।
26 नए यात्री शेल्टर एवं विस्तृत सर्कुलेटिंग एरिया।
आधुनिक प्रतीक्षालय, शिशु आहार कक्ष तथा पार्सल घर।
पे-एंड-यूज शौचालय एवं आकर्षक स्टेशन फसाड।
निर्बाध विद्युत आपूर्ति के लिए डीजी सेट एवं सोलर पैनल।
वर्षा जल संरक्षण के लिए रेन वाटर हार्वेस्टिंग प्रणाली।
दिव्यांगजन एवं वरिष्ठ नागरिकों के लिए रैम्प, व्हीलचेयर और ब्रेल मैप जैसी विशेष सुविधाएं।
नए स्वरूप में विकसित ऐशबाग जंक्शन अब यात्रियों को अधिक सुरक्षित, आरामदायक, पर्यावरण-अनुकूल और आधुनिक रेल यात्रा का अनुभव प्रदान करेगा तथा अमृत भारत स्टेशन योजना के उद्देश्य को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *