बेंगलुरु को मिली 15,600 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात, मेट्रो नेटवर्क 100 किलोमीटर के पार

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मेट्रो, रेलवे और ऊर्जा क्षेत्र की परियोजनाओं का किया उद्घाटन और शिलान्यास; बोले- बेहतर कनेक्टिविटी से बढ़ेंगे रोजगार और उद्योग के अवसर

खबर है..
बेंगलुरु
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 13 नवंबर को कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में 15,600 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस अवसर पर जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि किसी भी राष्ट्र की विकास यात्रा में बुनियादी ढांचे की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। बेहतर कनेक्टिविटी से तरक्की, रोजगार और उद्योग के नए अवसर पैदा होते हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि बेंगलुरु देश की सिलिकॉन वैली है और नवाचार तथा आर्थिक विकास का प्रमुख केंद्र है। नम्मा मेट्रो का नेटवर्क वर्ष 2014 में 17 किलोमीटर से बढ़कर अब 100 किलोमीटर से अधिक हो गया है। इसके साथ ही बेंगलुरु दिल्ली-एनसीआर और मुंबई महानगर क्षेत्र के बाद 100 किलोमीटर से अधिक मेट्रो नेटवर्क वाला देश का तीसरा शहर बन गया है। उन्होंने कहा कि मेट्रो की नई पिंक लाइन से आईआईएम बेंगलुरु सहित प्रमुख शैक्षणिक और व्यावसायिक केंद्रों तक आवागमन आसान होगा।
प्रधानमंत्री ने रेलवे विकास का उल्लेख करते हुए कहा कि कर्नाटक को चार अमृत भारत स्टेशन और दो दोहरीकरण एवं विद्युतीकरण परियोजनाओं की सौगात मिली है। राज्य को पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन मिलने के कुछ ही दिनों बाद अब गोवा को जोड़ने वाली नई वंदे भारत ट्रेन भी शुरू की गई है।
ऊर्जा सुरक्षा पर जोर देते हुए उन्होंने मंगलुरु एलपीजी परियोजना, देवणगोंठी मार्केटिंग टर्मिनल और बेंगलुरु सीबीजी संयंत्र का उल्लेख किया। इन परियोजनाओं से ईंधन आपूर्ति, भंडारण और कचरा प्रबंधन को मजबूती मिलेगी।
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत चिप से लेकर शिप, एआई, डेटा सेंटर और क्वांटम कंप्यूटिंग तक नई तकनीकों में नेतृत्व हासिल करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि देश की नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता 300 गीगावाट से अधिक हो चुकी है।
उन्होंने कहा कि विकास के अवसर समाज के हर वर्ग तक पहुंचने से गरीबी के खिलाफ लड़ाई मजबूत हुई है और हाल के वर्षों में लगभग 50 करोड़ नागरिक अत्यधिक गरीबी से बाहर आए हैं। ये परियोजनाएं विकसित कर्नाटक और विकसित भारत के निर्माण को नई गति देंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *