आधार ऐप के 5 करोड़ डाउनलोड पूरे, डिजिटल आधार सेवाओं को मिला बड़ा बढ़ावा

खबर है..
नई दिल्ली
आधार ऐप ने पांच करोड़ डाउनलोड का महत्वपूर्ण आंकड़ा पार कर लिया है। यह उपलब्धि देशभर में निवासियों के बीच सुविधाजनक, सुरक्षित और निवासी-केंद्रित डिजिटल आधार सेवाओं के बढ़ते उपयोग को दर्शाती है।
यूआईडीएआई के अनुसार, आधार ऐप अब आधार नंबर धारकों के लिए एक महत्वपूर्ण डिजिटल इंटरफेस बन गया है। इसके माध्यम से लोग अपने स्मार्टफोन से मोबाइल नंबर, पता और ईमेल अपडेट, बायोमेट्रिक लॉक/अनलॉक तथा ई-आधार डाउनलोड जैसी सुविधाओं का लाभ उठा सकते हैं।
60 लाख से अधिक मोबाइल नंबर अपडेट :
आधार ऐप के माध्यम से अब तक 60 लाख से अधिक लोगों ने अपना मोबाइल नंबर, 15 लाख से अधिक लोगों ने अपना पता और 23 लाख से अधिक लोगों ने अपना ईमेल अपडेट किया है। इन आंकड़ों से स्पष्ट है कि लोग आधार केंद्र पर जाने के बजाय डिजिटल माध्यम से आधार से जुड़ी सेवाएं प्राप्त करने को प्राथमिकता दे रहे हैं।
‘दिखाएं, साझा करें और सत्यापित करें’ पर आधारित ऐप : आधार ऐप को “दिखाएं, साझा करें और सत्यापित करें” के सिद्धांत पर विकसित किया गया है। इसका उद्देश्य आधार धारकों को अपनी पहचान संबंधी जानकारी के उपयोग पर अधिक नियंत्रण देना तथा सुविधाजनक और सुरक्षित पहचान सत्यापन उपलब्ध कराना है।
200 से अधिक संस्थाएं ऑफलाइन सत्यापन व्यवस्था से जुड़ीं : यूआईडीएआई ने आधार के सुरक्षित ऑफलाइन सत्यापन के लिए भी इकोसिस्टम का विस्तार किया है। जनवरी में इसकी शुरुआत के बाद से 200 से अधिक संस्थाएं ‘ऑफलाइन सत्यापन चाहने वाली संस्थाओं’ (OVSEs) के रूप में शामिल हो चुकी हैं।
इन संस्थाओं के माध्यम से आधार की सहमति-आधारित, सुरक्षित और कागज रहित ऑफलाइन सत्यापन व्यवस्था को बढ़ावा मिलेगा। क्यूआर कोड आधारित सत्यापन और सुरक्षित डिजिटल रूप से हस्ताक्षरित दस्तावेजों के माध्यम से संस्थाएं यूआईडीएआई के केंद्रीय डेटाबेस से रियल-टाइम कनेक्टिविटी के बिना भी पहचान संबंधी जानकारी का सत्यापन कर सकेंगी। यह व्यवस्था इस बात को सुनिश्चित करती है कि आधार धारक केवल आवश्यक जानकारी ही साझा करें, जिससे उनकी गोपनीयता और डेटा पर नियंत्रण मजबूत होता है। यूआईडीएआई की ये पहल डिजिटल इंडिया के विजन के अनुरूप सुरक्षित, सुलभ, पारदर्शी और तकनीक-सक्षम सार्वजनिक सेवाओं को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।

One thought on “आधार ऐप के 5 करोड़ डाउनलोड पूरे, डिजिटल आधार सेवाओं को मिला बड़ा बढ़ावा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *