रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह एससीओ की बैठक में भारत का करेंगे प्रतिनिधित्व, 19-20 अक्टूबर को जाएंगे ताजिकिस्तान
दुशान्बे में व्यापार, निवेश, कनेक्टिविटी और क्षेत्रीय सहयोग बढ़ाने पर होगी चर्चा खबर है..नई दिल्ली।रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह 19 और 20 अक्टूबर, 2026 को ताजिकिस्तान की राजधानी दुशान्बे का दौरा करेंगे। इस दौरान वह शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) की शासनाध्यक्ष परिषद (सीएचजी) की 25वीं बैठक में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। बैठक में सदस्य देशों के बीच बहुपक्षीय सहयोग को और मजबूत बनाने के साथ आर्थिक एवं क्षेत्रीय साझेदारी बढ़ाने पर विचार-विमर्श किया जाएगा।बैठक में व्यापार, अर्थव्यवस्था, निवेश, कनेक्टिविटी, नवाचार तथा सांस्कृतिक एवं मानवीय आदान-प्रदान जैसे प्रमुख क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इसके साथ ही सदस्य देशों के बीच जारी सहयोग गतिविधियों की प्रगति की समीक्षा होगी। संगठन के वित्तीय और संस्थागत कामकाज से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा की जाएगी।भारत एससीओ के विभिन्न तंत्रों में सक्रिय भागीदारी निभाता रहा है। स्टार्टअप और नवाचार, डिजिटल सार्वजनिक बुनियादी ढांचे तथा लोगों के बीच संपर्क एवं आदान-प्रदान को बढ़ावा देने के लिए भारत विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से क्षेत्रीय सहयोग में योगदान दे रहा है।यह बैठक भारत को एससीओ के अन्य सदस्य देशों के साथ व्यावहारिक और पारस्परिक रूप से लाभकारी सहयोग को आगे बढ़ाने के उपायों पर चर्चा करने का अवसर प्रदान करेगी।उल्लेखनीय है कि एससीओ शासनाध्यक्ष परिषद की पिछली बैठक 18 नवंबर, 2025 को रूस की राजधानी मॉस्को में आयोजित हुई थी। उस बैठक में भारत का प्रतिनिधित्व विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने किया था।
