कमानी ऑडिटोरियम में इलेषा सिंह का गरिमामय कुचिपुड़ी रंगप्रवेशम्

खबर है
नई दिल्ली
राजधानी के प्रतिष्ठित कमानी ऑडिटोरियम में 15 वर्षीय इलेषा सिंह ने अपने प्रथम कुचिपुड़ी रंगप्रवेशम् की मनमोहक प्रस्तुति देकर दर्शकों की खूब सराहना बटोरी। इस अवसर पर शास्त्रीय नृत्य जगत की कई प्रमुख हस्तियों और देश के अनेक विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे।
इलेषा ने अपनी प्रस्तुति की शुरुआत वेंकटेश स्तोत्रम् से की। इसके बाद दशावतारम्, सांसों की माला और समापन में शिव तरंगिणी प्रस्तुत कर अपनी भाव-भंगिमा, अभिनय और तकनीकी दक्षता का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। पीतल की थाली के किनारे पर किया गया उनका लयबद्ध नृत्य विशेष आकर्षण का केंद्र रहा।इस अवसर पर भारत सरकार में स्वतंत्र प्रभार राज्य मंत्री जयंत चौधरी ने कहा कि इलेषा की यह उपलब्धि पूरे परिवार के लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने इलेषा के गुरुओं पद्म भूषण डॉ. राजा रेड्डी, डॉ. राधा रेड्डी और श्रीमती कौशल्या रेड्डी के मार्गदर्शन की भी सराहना की।
साढ़े चार वर्ष की आयु से कुचिपुड़ी का प्रशिक्षण ले रही इलेषा का यह रंगप्रवेशम् उनकी औपचारिक एकल नृत्य यात्रा की शुरुआत है। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री, सांसद, पूर्व सांसद, उद्योग, मीडिया, कला और संस्कृति जगत की अनेक प्रतिष्ठित हस्तियों ने भाग लेकर युवा नृत्यांगना का उत्साहवर्धन किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *