डिजिटल क्रिएटर्स समाज में सकारात्मक बदलाव के सशक्त माध्यम : ब्रजेश पाठक

उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने ‘नमस्कार उत्तर प्रदेश स्टेट क्रिएटर्स अवार्ड-2026’ में किया प्रतिभाओं का सम्मान

खबर है..
ग्रेटर नोएडा
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने शनिवार को ग्रेटर नोएडा में नमस्कार फाउंडेशन द्वारा आयोजित “नमस्कार उत्तर प्रदेश स्टेट क्रिएटर्स अवार्ड-2026” समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले डिजिटल क्रिएटर्स और समाजसेवियों को सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने सभी सम्मानित प्रतिभाओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
अपने संबोधन में उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि आज के आधुनिक डिजिटल युग में भारतीय संस्कृति, पर्यटन, लोककलाओं, शिक्षा और सामाजिक सरोकारों को जन-जन तक पहुंचाने में डिजिटल प्लेटफॉर्म की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि इन प्लेटफॉर्मों को प्रभावशाली बनाने का कार्य डिजिटल क्रिएटर्स अपनी प्रतिभा, रचनात्मकता और नवाचार के माध्यम से कर रहे हैं। उनकी रचनात्मक सोच आज युवाओं सहित समाज के हर वर्ग को प्रेरित कर रही है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार नवाचार, डिजिटल सशक्तिकरण और युवाओं की रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के लिए प्रतिबद्ध है। समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने वाले कंटेंट क्रिएटर्स का सम्मान नई पीढ़ी को रचनात्मक और जिम्मेदार दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगा।
समारोह में स्पेस अवेयरनेस, शिक्षा, रक्तदान, गौ सेवा, स्वच्छता अभियान, हेल्थकेयर, वीडियो एडिटिंग, ग्राफिक डिजाइनिंग, सिनेमैटोग्राफी, साहित्य, रियल एस्टेट, क्षेत्रीय भाषा संरक्षण, ग्रामीण पत्रकारिता, पर्यावरण संरक्षण, टेक्नोलॉजी, पर्यटन, संस्कृति, कॉमेडी तथा फेक न्यूज़ जागरूकता सहित अनेक श्रेणियों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले डिजिटल क्रिएटर्स को “चेंज मेकर ऑफ द ईयर”, “क्रिएटर ऑफ द ईयर” और अन्य प्रतिष्ठित पुरस्कारों से सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो), बेंगलुरु के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं डिप्टी डायरेक्टर तथा नमस्कार फाउंडेशन के संरक्षक अभिषेक सिंह, ग्रेटर नोएडा इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी के सीईओ स्वदेश सिंह, नमस्कार फाउंडेशन के संयोजक सौम्य वत्सल मिश्रा, स्वागताध्यक्ष अजय बरनवाल, अभिषेक दुबे, मंडल अध्यक्ष अर्पित तिवारी सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
समारोह में ब्रजेशपाठक ने कहा कि डिजिटल क्रिएटर्स केवल कंटेंट नहीं बना रहे, बल्कि समाज में जागरूकता, सकारात्मक सोच और विकास की नई धारा भी प्रवाहित कर रहे हैं। ऐसे रचनाकारों का सम्मान पूरे उत्तर प्रदेश के लिए गर्व का विषय है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *