रेलकर्मियों में संरक्षा नियमों की जागरूकता के लिए पहली बार क्विज प्रतियोगिता

परिचालन विभाग ने किया सामान्य एवं सहायक नियम (G&SR) प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन
क्विज का मुख्य उद्देश्य रेलकर्मियों में संरक्षा नियमों एवं परिचालन प्रक्रियाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाना : डीआरएम
प्रतियोगिता में यातायात निरीक्षक, लखनऊ-द्वितीय की टीम विजेता तो सुलतानपुर द्वितीय की टीम उपविजेता

खबर है..
लखनऊ
उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के परिचालन विभाग ने एक नई पहल करते हुए पहली बार परिचालन कर्मचारियों के लिए सामान्य एवं सहायक नियम (G&SR) प्रश्नोत्तरी (Quiz) प्रतियोगिता का आयोजन किया। डीआरएम सुनील कुमार वर्मा के मार्गदर्शन में आयोजित इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य रेलकर्मियों में संरक्षा नियमों एवं परिचालन प्रक्रियाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाना, उनके ज्ञान का मूल्यांकन करना तथा सुरक्षित ट्रेन संचालन के दौरान सुरक्षा मानकों के प्रभावी ढंग से पालन कराना था।
उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक रजनीश कुमार श्रीवास्तव ने मंडल में संरक्षा और सुरक्षा को लेकर रेलकर्मियों में और जागरूकता लाने के लिए क्विज प्रतियोगिता का खाका खींचा था, जबकि इसके सफल आयोजन एवं क्रियान्वयन का दायित्व वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक (सामान्य) पवनीश काटल ने निभाया। प्रतियोगिता के दौरान एडीआरएम श्रीमती नीलिमा सिंह तथा सहायक मंडल परिचालन प्रबंधक सुश्री राशिदा खातून भी मौजूद रहीं और प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।
उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक समर्थ गुप्ता ने बताया कि इस प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता के माध्यम से कर्मचारियों में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित हुई तथा निरंतर सीखने की प्रवृत्ति एवं संरक्षा संस्कृति को और अधिक सुदृढ़ करने का अवसर मिला। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में यातायात निरीक्षक, लखनऊ-द्वितीय की टीम ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि यातायात निरीक्षक, सुलतानपुर-द्वितीय की टीम उपविजेता (रनर-अप) रही। श्री गुप्ता ने बताया कि भविष्य में भी मंडल में ऐसे ज्ञानवर्धक एवं संरक्षा-केंद्रित कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा ताकि कर्मचारियों की कार्यकुशलता में निरंतर वृद्धि हो तथा ट्रेनों का सुरक्षित संचालन हो सके।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *