डीआरएम ने सतर्क रेलकर्मियों को संरक्षा पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया
रेल संरक्षा प्रत्येक रेलकर्मी की सर्वोच्च प्राथमिकता है : डीआरएम
खबर है..
लखनऊ
उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के ड्यूटी पर सतर्क रेलकर्मियों ने रेल दुर्घटनाओं को टाल दिया। डीआरएम सुनील कुमार वर्मा ने सोमवार को संभावित रेल दुर्घटनाओं को टालने वाले आठ रेलकर्मियों को संरक्षा पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर सभी कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर उनके उत्कृष्ट कार्यों की सराहना की गई।
पुरस्कृत कर्मचारियों ने ड्यूटी के दौरान माल एवं यात्री ट्रेनों में विभिन्न प्रकार की तकनीकी एवं संरक्षा संबंधी असामान्यताओं जैसे वैगन का खुला दरवाजा, हैंगिंग पार्ट, असामान्य आवाज तथा लोको में ब्रेक बाइंडिंग जैसी गंभीर कमियों को समय रहते पहचानकर संबंधित अधिकारियों को तत्काल सूचित किया। उनकी त्वरित कार्रवाई से ट्रेनों को सुरक्षित रूप से रोककर आवश्यक जांच एवं सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की गई, जिससे संभावित दुर्घटनाओं को टाला जा सका।
वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी अरुण कुमार दोहरे, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक रजनीश कुमार श्रीवास्तव की मौजूदगी में डीआरएम सुनील कुमार वर्मा ने रेलकर्मियों को सम्मानित किया। इस मौके पर डीआरएम ने कहा कि रेल संरक्षा प्रत्येक रेलकर्मी की सर्वोच्च जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी कर्मचारियों से सदैव सतर्क एवं सजग रहकर कार्य करने तथा किसी भी प्रकार की असामान्यता दिखाई देने पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक समर्थ गुप्ता ने बताया कि संरक्षा पुरस्कार पाने वाले कर्मचारियों में रिंकू कुमार (पॉइंट्समैन, बाबतपुर), सुभाष यादव (पॉइंट्समैन, ब्लॉक हट-बी), श्यामू (पॉइंट्समैन, रोजागांव), अमित वर्मा (पॉइंट्समैन, रहमत नगर), राज नारायण (की-मैन, हरौनी), राजेन्द्र कुमार (ब्लैकस्मिथ-I, अजगैन), सुजीत कुमार (शंटिंग मास्टर, शिवपुर) तथा सोनू कुमार (पॉइंट्समैन, ब्लॉक हट-बी/वाराणसी) शामिल है।
